दीपिका चिखलिया ने बताया किस्सा, जब राम-सीता और लक्ष्मण को जान बचाने के लिए भागना पड़ा
Dipika Chikhalia Shares Memories हम लोग उनकी इस हरकत से थोड़ा हैरान हुए। ऐसी क्या जल्दी है और अचानक इस तरह बीच में। उन्होंने सभी तकनीशियनों से भी कहा कि खेत को खाली कर दें।
नई दिल्ली, जेएनएन। रामायण में सीता का किरदार निभाने वाली एक्ट्रेस दीपिका चिखलिया सोशल मीडिया पर ख़ूब सक्रिय हैं और हर रोज़ अपने फैंस और फॉलोअर्स से तस्वीरों और किस्से-कहानियों के माध्यम से संवाद करती हैं। दीपिका अपनी निजी ज़िंदगी की बातें शेयर करने के साथ रामायण से जुड़ी कई यादें भी साझा करती हैं। ऐसा ही एक दिलचस्प वाकया उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा है।
दीपिका ने रामायण धारावाहिक की शूटिंग के दौरान की दो तस्वीरों शेयर कीं। उन्होंने बताया कि इन तस्वीरों से एक मज़ेदार किस्सा जुड़ा है। शूटिंग चल रही थी। सभी कलाकार अपनी-अपनी लाइंस याद कर रहे थे। साधारण दिन था। जैसे ही सीन पूरा हुआ, हमारे कैमरामैन अजीत नायक हमारे पास आये और हमसे जल्दी से वो जगह खाली करने को कहा। साथ ही पेड़ के नीचे खड़ा होने से भी मना करने लगे।
हम लोग उनकी इस हरकत से थोड़ा हैरान हुए। ऐसी क्या जल्दी है और अचानक इस तरह बीच में। उन्होंने सभी तकनीशियनों से भी कहा कि खेत को खाली कर दें। सागर साहब ख़ुद भी हैरान हो रहे थे कि क्या हुआ है। और फिर उन्होंने पेड़ की तरफ़ इशारा करके दिखाया, पेड़ पर एक बहुत बड़ा और मोटा सांप था। बस फिर क्या था। हम सब अपनी जान बचाने के लिए दौड़ पड़े।
बता दें कि रामायण का पहली बार प्रसारण अस्सी के दौर में हुआ था। लॉकडाउन के दौरान इसका डीडी नेशनल पर पुन: प्रसारण हुआ, जो काफ़ी कामयाब रहा। दूरदर्शन को ख़ूब दर्शक और शोज़ को टीआरपी मिली। रामायण के दोबारा प्रसारण की वजह से सभी कलाकारों को अपने फैंस से संवाद करने का मौक़ा मिला। मौजूदा पीढ़ी में ऐसे तमाम नौजवान हैं, जिन्होंने रामानंद सागर की रामायण पहली बार देखी होगी। उन्हें इन कलाकारों को जानने का मौक़ा मिला, जिसका असर सोशल मीडिया में इंटरेक्शन में नज़र भी आता है।