Ramayan के लक्ष्मण सुनील लहरी ने अपनी 'माता सीता' को दीं जन्मदिन की शुभकामनाएं, भावुक दीपिका चिखलिया ने दिया यह जवाब
पिछले साल लॉकडाउन के दौरान दूरदर्शन पर रामायण का पुन प्रसारण किया गया था जिसे काफ़ी सफलता मिली। कई साल बाद रामायण के प्रसारण ने इसके फैंस की यादों को ज़िंदा कर दिया और सोशल मीडिया में उन्होंने अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।
नई दिल्ली, जेएनएन। रामानंद सागर की रामयाण के पहले प्रसारण को तीन दशक से अधिक हो गये हैं, मगर आज भी जब इसका प्रसारण होता है तो दर्शकों को बांधे रखती है। इसके बाद भी राम कथा को फ़िल्ममेकर्स ने अलग-अलग अंदाज़ में पेश किया, मगर रामायण धारावाहिक जैसी लोकप्रियता किसी को नसीब नहीं हुई। साथ ही इसमें राम, लक्ष्मण और सीता के किरदार निभाने वाले कलाकार अरुण गोविल, सुनील लहरी और दीपिका चिखलिया की एक बड़ी फैन फॉलोइंग है। 29 अप्रैल को दीपिका चिखलिया अपना 56वां जन्मदिन मना रही हैं। अपनी सीता माता के जन्मदिन पर लक्ष्मण सुनील लहरी ने शुभकामनाएं दीं तो दीपिका भावुक हो गयीं।
सुनील लहरी ने इंस्टाग्राम पर दीपिका की आज की और सीता के किरदार की तस्वीरों का कोलाज पोस्ट किया। उन्होंने इस दृश्य का इस्तेमाल किया, जब लक्ष्मण रेखा खींचकर वो राम की खोज में वन में निकलते हैं। इस तस्वीर के साथ सुनील ने लिखा- दीपिका जी (माता सीता) को उनके जन्मदिवस पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। भगवान से प्रार्थना है कि उनकी हर मनोकामना पूरी हो एवं उन्हें स्वस्थ और ख़ुश रखे। लक्ष्मण की इस शुभकामना के जवाब में दीपिका ने लिखा- धन्यवाद देवर जी। आप सर्वश्रेष्ठ हो।
बता दें, पिछले साल लॉकडाउन के दौरान दूरदर्शन पर रामायण का पुन: प्रसारण किया गया था, जिसे काफ़ी सफलता मिली। कई साल बाद रामायण के प्रसारण ने इसके फैंस की यादों को ज़िंदा कर दिया और सोशल मीडिया में उन्होंने अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। दर्शकों के ज़बरदस्त उत्साह के चलते दूरदर्शन ने व्यूअरशिप के भी रिकॉर्ड बनाये। वहीं, रामायण के तीनों मुख्य कलाकारों की सोशल मीडिया फॉलोइंग में भी उल्लेखनीय इजाफ़ा हुआ। अब ये कलाकार अपने फॉलोअर्स के साथ लगातार संवाद कायम कर रहे हैं।
इससे पहले सुनील लहरी ने रामायण को सऊदी अरब में पाठ्यक्रम में शामिल करने पर ख़ुशी जतायी थी। उन्होंने पोस्ट शेयर करके लिखा था कि यह हिंदुस्तानियों के लिए गर्व की बात है।