Nach Baliye 9: क्या मधुरिमा तुली और विशाल आदित्य को शो में रखने के लिए कैंसिल हुआ एलीमिनेशन
नच बलिए 9 शो की इस हफ्ते की वोटिंग लाइन बंद रखी गई थी जिसके चलते बॉटम टू में आए मधुरिमा तुली और विशाल आदित्य को शो में एक और हफ्ता मिल गया है।
नई दिल्ली, जेएनएन। स्टार प्लस के सेलेब डांस रियलिटी शो 'नच बलिए 9' अपनी शुरुआत से ही चर्चा का विषय बना हुआ है। हादसों और लड़ाइयों के अलावा शो के सबसे विवादित कपल मधुरिमा तुली और विशाल आदित्य भी चर्चाओं में हैं। कई बार बॉटम टू में आने के बाद भी ये जोड़ी शो में बनी हुई है। इस हफ्ते भी ये जोड़ी खतरे में थी लेकिन अब लगता है कि मेकर्स द्वारा उन्हें रोकने के लिए एलीमिनेशन आगे बढ़ा दिया है।
इस हफ्ते शो के जज अहमद से विवाद हो जाने के कारण मधुरिमा और विशाल को जीरो मार्क्स मिले थे। जिसके कारण वे बॉटम टू में आ गए थे। इनके अलावा शांतनु महेश्वरी और उनकी पार्टनर नित्यामी भी इस हफ्ते खतरे में थे, लेकिन इस हफ्ते एलीमिनेशन ना होने के कारण वोटिंग लाइन्स को बंद कर दिया गया था। अब अगले हफ्ते डबल एलीमिनेशन के चलते कोई दो जोड़ियां शो से एक साथ एलीमिनेट होंगी।
यह भी पढ़ें: Bigg Boss 13: पंजाब की कटरीना कैफ शहनाज़ गिल रह चुकी हैं विवादों में, जानिए यहां
विशाल और आदित्य शो में बेहतरीन परफॉर्मेंस देते आए हैं, लेकिन इसके बावजूद पिछली बार उन्हें कम वोट मिलने के कारण शो छोड़कर जाना पड़ा था। अब शो में उन्हें वाइल्ड कार्ड एंट्री के द्वारा दोबार मौका मिला है।
हाल ही में मधुरिमा तुली परफॉर्म करते हुए अपनी डांस स्टेप भूल गई थीं, जिसके बाद वो स्टेज से उतर गई थीं। मधुरिमा के इस रवैये से शो के जज अहमद काफी नाराज़ हो गए थे। बाद में मधुरिमा और विशाल को परफॉर्मेंस पूरा करने का मौका दिया गया था लेकिन अहमद ने उन्हें मार्क्स देने से इनकार कर दिया था।
विशाल और मधुरिमा शो की शुरुआत से ही अपने खराब रिश्ते के चलते शो का हाइलाइट बने हुए हैं। उनके बीच के झगड़ों से शो की टीआरपी में भी काफी फायदा मिल रहा है। शायद यही कारण है कि दोनों अब तक शो में बने हुए हैं।