Naagin 6 Teaser: महामारी के बाद दुनिया के साथ बदल गयी नागिन भी, क्या है इसका राज? देखें शो का टीजर
इस सुपरनेचुरल फैंटेसी शो की शुरुआत 2015 में हुई थी। पहले सीजन में मौनी रॉय अर्जुन बिजलानी और अदा खान मुख्य किरदारों में नजर आये थे। मौनी और अदा इच्छाधारी नागिनों के रोल में थीं। हालांकि इस शो को दकियानूसी बताकर काफी आलोचना भी की गयी थी।
नई दिल्ली, जेएनएन। नागिन छोटे पर्दे के सबसे लोकप्रिय धारावाहिकों में शामिल है। इसके पांच सीजन आ चुके हैं और हर सीजन को दर्शकों ने खूब पसंद किया है। नागिन की कहानी और किरदार भले ही आलोचनाओं के शिकार रहे हों, मगर इससे इसकी लोकप्रियता में कोई कमी नहीं आयी और अब धारावाहिक का छठा सीजन नागिन 6 आ रहा है। कलर्स टीवी ने इसका टीजर सोशल मीडिया में शेयर किया है।
नागिन की निर्माता एकता कपूर हैं। टीजर से पता चलता है कि नागिन 6 की कहानी पैनडेमिक के दौर में सेट की गयी है। टीजर में वॉइसओवर आता है कि 2019 में सब ठीक था, मगर 2020 में दुनिया को एक महामारी ने अपनी चपेट में लिया। इसके साथ पृथ्वी का विजुअल आता है और एक विशालकाय नागिन धीरे-धीरे पृथ्वी के चारों और लिपटती जाती है। अब महामारी और नागिन का क्या संंबंध है, इसका पता ट्रेलर आने के बाद ही चलेगा, मगर टीजर ने धारावाहिक के लिए उत्सुकता जरूर बढ़ा दी है।
View this post on Instagram
नागिन 6 की प्रसारण तारीख की आधिकारिक घोषणा नहीं की गयी है, मगर रिपोर्ट्स हैं कि शो 30 जनवरी से ऑन एयर होगा। स्टारकास्ट को लेकर भी आधिकारिक तौर पर कोई खुलासा नहीं किया है। हालांकि, काफी वक्त से रिपोर्ट्स आ रही हैं कि महक चहल इस बार नागिन बन सकती हैं।
इस सुपरनेचुरल फैंटेसी शो की शुरुआत 2015 में हुई थी। पहले सीजन में मौनी रॉय, अर्जुन बिजलानी और अदा खान मुख्य किरदारों में नजर आये थे। मौनी और अदा इच्छाधारी नागिनों के रोल में थीं। हालांकि, इस शो को दकियानूसी बताकर काफी आलोचना भी की गयी थी। मगर, नागिन का पहला सीजन हिट रहा। दूसरे सीजन में भी मौनी रॉय और अदा खान की वापसी हुई। करणवीर बोहरा भी जुड़े।
तीसरे सीजन में सुरभि ज्योति और अनीता हसनंदानी नागिन बनीं और पर्ल वी पुरी की एंट्री हुई। चौथे सीजन में निया शर्मा नागिन बनकर पर्दे पर आयीं और पांचवें सीजन में नागिन बनने का मौका सुरभि चंदना को मिला। इस सीजन में शरद मल्होत्रा भी नजर आए। जैस्मीन भसीन, रश्मि देसाई, पवित्रा पूनिया भी शो में नजर आती रही हैं।