MTV Roadies Real Heroes : रियल हीरोज के साथ आज रात से शुरू होगा रोडीज का रोमांचक सफर
MTV Roadies Real Heroes रियलिटी शो रविवार से शुरू हो रहा है। इस सीजन में चार नए रियल हीरोज को शामिल किया गया है। पहला टास्क रिलीज योर गैंगलीडर्स रखा गया है।
नई दिल्ली, जेएनएन। एमटीवी रोडीज रियल हीरो की जर्नी रविवार रात यानी 7 अप्रैल से शुरू हो रही है। निर्माताओं ने दर्शकों को रोमांच के नए शिखर पर ले जाने की तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस सीजन में चार नए रियल हीरोज को शामिल किया गया है। इस सीजन में कंटेस्टेंट का पहला टास्क रिलीज योर गैंगलीडर्स रखा गया है। इस रियलिटी शो का यह 16वां सीजन है।
लोकप्रिय रियलिटी शो में इस बार हिस्सा लेने के लिए रियल लाइफ हीरोज को आमंत्रित किया गया है। 16वें सीजन में रणविजय रिंगमास्टर के तौर पर दिखाई देंगे। इस सीजन में नेहा धूपिया, रफ्तार, प्रिंस नरुला, निखिल चिनापा, और संदीप सिंह गैंगलीडर्स की भूमिका में होंगे। इस साल निर्माताओं ने तीन नए रियल हीरोज को भी इस शो का हिस्सा बनाया है। जिन्होंने समाज और लोगों की बेहतरी के लिए कई काम किए हैं और कर रहे हैं।
रिंगमास्टर रनविजय सिंह ने एक इंटरव्यू में कहा कि वह सबसे लंबे चलने वाले रियल्टी शो का हिस्सा बनकर बहुत खुश हैं। वह एक प्रतियोगी, गैंग लीडर और दो सालों से मास्टर के रूप में इस शो का हिस्सा हैं। इसलिए उन्हें हर चीज का पहला अनुभव मिला। इस सीजन को लेकर मैं उत्साहित हूं। उन्होंने कहा कि जो भी प्रतिभागी सर्वश्रेष्ठ होगा वही जीतेगा।
नए गैंगलीडर बने संदीप सिंह
हॉकी खिलाड़ी संदीप सिंह नए गैंगलीडर बनाए गए हैं। हॉकी की दुनिया में संदीप सिंह को फ्लिकर सिंह के नाम से भी जाना जाता है। मेकर्स का मानना है कि वह इस शो में अपने अनुभव से प्रतिभागियों में प्रोत्साहित करेंगे। संदीप सिंह ने कहा, मुझे रोडीज जैसे शो के साथ जुड़ने की खुशी है। युवाओं के बीच यह शो बेहद लोकप्रिय है। मैं यहां पर सभी गैंग लीडर्स को कड़ी प्रतिस्पर्धा देने के लिए आया हूं।
तीन रियल हीरोज दिखाएंगे अपना दम
इसके अलावा मिलिंद चंदवानी भी इस शो का पहली बार हिस्सा होने वाले हैं। वह एक एनजीओ के संस्थापक हैं और इसके जरिए वह बच्चों को शिक्षित करने का काम करते हैं। बिधान श्रेष्ठा भी इस शो में पहली बार शामिल हो रही हैं। वह एक साहसी महिला है और अपने कार्यों से उन्होंने कई लोगों का जीवन बेहतर किया है। पशु संरक्षण की दिशा में बेहतर काम के लिए 20 वर्षीय भार्गेस्तु शर्मा भी रोडीज की यात्रा में शामिल होंगे। भार्गेतु अपने काम के लिए सरकार की ओर से भी सम्मानित किए जा चुके हैं।