नई दिल्ली, जेएनएन। कोरोना वायरस लॉकडाउन के चलते इन दिनों देशभर में लॉकडाउन चल रहा है। इस दौरान दूरदर्शन के डीडी भारती चैनल पर महाभारत का प्रसारण किया जा रहा है, जिसे दर्शक ख़ूब एंजॉय कर रहे हैं। सोशल मीडिया के दौर में महाभारत से जुड़े प्रसंगों पर दर्शक खुलकर अपनी बात भी रख रहे हैं, जिसके चलते सोमवार को कर्ण वध के चलते महाभारत ट्विटर पर ट्रेंड हो गया। कर्ण को बेहतरीन योद्धा और सच्चा दोस्त बताते हुए फैंस ट्विटर पर इस किरदार की ख़ूब तारीफ़ कर रहे हैं।
महाभारत में कर्ण के किरदार ने कई पीढ़ियों को प्रभावित किया है। यह ऐसा किरदार है, जिसमें एक अविजित योद्धा होने के साथ कई मानवीय गुणों का समावेश है। महाभारत के अनुसार, कर्ण कुंती के सबसे बड़े पुत्र थे, जिनका जन्म सूर्य की उपासना की वजह से हुआ था। मगर, तब कुंती का विवाह नहीं हुआ था, लिहाज़ा उन्हें त्याग दिया। कर्ण का लालन-पालन रथ चलाने वाले ने किया था, इसलिए उन्हें सूत पुत्र कहा जाता था।
कौरव-पांडव युद्ध के दौरान कुंती ख़ुद कर्ण के पास जाकर इस सच का खुलासा करती हैं, क्योंकि कर्ण ने पांडवों का वध करने की सौगंध ली थी। कर्ण से अर्जुन की जान बचाने के लिए कुंती वचन चाहती थीं कि वो युद्ध में उन्हें नहीं मारेंगे। तमाम कड़वाहट के होते हुए भी कर्ण ने मां का मान रखते हुए वचन दिया था कि अर्जुन के सिवा किसी को नहीं मारेंगे।
पंकज धीर ने निभाया किरदार
बीआर चोपड़ा की महाभारत में यह किरदार पंकज धीर ने निभाया है, जो अभिनेता निकितन धीर के पिता हैं। पंकज को इस किरदार के लिए ट्विटर पर ख़ूब सराहा जा रहा है।
फैंस ने लिखा कि कर्ण असली हीरो था। दुर्योधन के साथ उसकी दोस्ती पवित्र थी। अर्जुन से बदला लेने से अधिक वो अपनी दोस्ती निभा रहा था। एक अन्य यूज़र ने लिखा कि अगर आप अभिमन्यु के लिए आंसू बहाते हो और कर्ण के लिए नहीं तो आप दोगले हो।
पढ़ें सारे ट्वीट्स-