आईपीएल खत्म: अब सलमान का दम, नागिन का फन, और नए टीवी शो झमाझम
माधुरी दीक्षित नए डांसिंग शो के साथ दर्शकों के सामने आने वाली हैं। डांस दीवाने में माधुरी दीक्षित के साथ शशांक खेतान भी होंगे।
अनुप्रिया वर्मा, मुंबई। पिछले एक महीने से आईपीएल का जादू पूरी तरह से टीवी पर छाया रहा। दर्शकों में इस कद्र आईपीएल का नशा था कि टेलीविजन के शोज पर इसका गहरा असर नजर आया लेकिन अब आईपीएल ख़त्म हो गया है और टीवी पर बहुत कुछ नया आने वाला है।
अब छोटे परदे पर सारे चैनलों की कोशिश यही है कि वह नए और आकर्षक शो की शुरुआत करें और जल्द से जल्द दर्शकों को प्रभावित करने में सफल रहें। ऐसे में एक नज़र उन सारे शोज पर जिनकी शुरुआत होगी, और जिन पर निगाहें रहेंगी l
सलमान खान से दम से लेकर इंडियन आइडल तक
नए शो सबसे पहला नाम आता है सोनी टीवी पर शुरू होने वाले सलमान खान के शो दस का दम का। सलमान खान के इस शो की सबसे अधिक चर्चा है। चूंकि यह शो लगभग 9 सालों के बाद वापसी कर रहा है और सलमान खान चूंकि यह शो दोबारा लेकर आ रहे हैं तो जाहिर सी बात है, इसे लेकर खूब चर्चा होगी ही। शो हफ्ते में दो बार सोनी पर प्रसारित होगा, रात के 8.30 बजे। इसके साथ ही राम कपूर ज़िन्दगी के क्रॉस रोड्स लेकर आ रहे हैं। ख़बर यह भी है कि कॉमेडी सर्कस की भी शुरुआत होगी। वहीँ इंडियन आइडल के ऑडिशन भी शुरू हो चुके हैं। जल्द ही दर्शकों के सामने ये शो होगा। फिर एकता कपूर के शो दिल ही तो है की भी शुरुआत होने जा रही है।
रवि दुबे से लेकर सुनिधि का जलवा
स्टार प्लस पर भी कई नए शो की शुरुआत होने जा रही है। जहां रवि दुबे सबसे स्मार्ट कौन लेकर आ रहे हैं। इस शो की शुरुआत 2 जून से होने जा रही है। शाम के 6.30 में शो दर्शकों के सामने होगा। शो हफ्ते में पांच दिन प्रसारित हुआ करेंगे। इसके अलावा स्टार प्लस पर ही दिल है हिन्दुस्तानी के अगले सीजन की शुरुआत होने जा रही है। साथ ही हॉरर शो क़यामत की रात का प्रसारण भी होगा, इस शो का निर्माण एकता कपूर कर रही हैं। शो में विवेक दहिया और करिश्मा तन्ना अहम् किरदार निभाने जा रहे हैं। यही नहीं स्टार पर मरियम खान लाइव रिपोर्टिंग जैसे कई फिक्शन शो की भी शुरू हो रहे हैं।
नागिन 3 का फन
कलर्स पर सबसे अधिक इंतजार दर्शकों को नागिन की अगली कड़ी का है। चूंकि यह सुपरहिट शो रहा है और दर्शक इसे देखना पसंद कर रहे हैं। इस शो का प्रसारण जल्द ही होगा। इसके अलावा ‘रूप’ नाम के फिक्शनल डेली सोप की शुरुआत हो रही है। माधुरी दीक्षित नए डांसिंग शो के साथ दर्शकों के सामने आने वाली हैं। डांस दीवाने में माधुरी दीक्षित के साथ शशांक खेतान भी होंगे। साथ ही ‘सिलसिला बदलते रिश्तों’ का नामक शो की भी शुरुआत होने जा रही है, जिसमें द्रष्टि धामी और शक्ति अरोरा जैसे कलाकार हैं।
यह भी पढ़ें: टीवी की 'ब्रेकअप न्यूज़': एक्टर शरद मल्होत्रा के साथ दूसरी बार हुआ ऐसा