Indian Idol 12: शो में पहुंचकर जीनत अमान ने किया पुराने दिनों को याद, अपने इस सुपरहिट गाने पर दिखाया खास अंदाज
टीवी के सिंगिंग रियलिटी शो इंडियन आइडल 12 बीते कुछ समय से अपने खास एपिसोड्स की वजह से चर्चा में रहता है। हाल ही में शो के अंदर हिंदी सिनेमा की कई हस्तियों को ट्रिब्यूट दिया गया है।
नई दिल्ली, जेएनएन। टीवी के सिंगिंग रियलिटी शो इंडियन आइडल 12 बीते कुछ समय से अपने खास एपिसोड्स की वजह से चर्चा में रहता है। हाल ही में शो के अंदर हिंदी सिनेमा की कई हस्तियों को ट्रिब्यूट दिया गया है। अब इंडियन आइडल 12 में हिंदी सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री जीनत अमान को भी ट्रिब्यूट दिया गया है। जिसके चलते वह शो में भी पहुंची थीं।
हाल ही में सोनी टीवी ने सोशल मीडिया पर इंडियन आइडल 12 से जुड़ा एक वीडियो प्रोमो जारी किया है। इस वीडियो प्रोमो में जीनत अमान भी नजर आ रही हैं। वहीं शो में मौजूद कंटेस्टेंट्स ने उनकी फिल्मों के गाने गाकर उन्हें खास अंदाज में ट्रिब्यूट दिया है। इंडियन आइडल 12 के कंटेस्टेंट दानिश के साथ जीनत अमान ने अपने सुपरहिट गाने 'दो लफ्जों की है दिल की कहानी' को रिक्रिएट किया।
जीनत अमान का यह गाना साल 1979 में आई फिल्म 'द ग्रेट गैम्बलर' का है। फिल्म में इस गाने को जीनत और अमिताभ बच्चन पर फिल्माया गया है। 'दो लफ्जों की है दिल की कहानी' गाने को एक बोट पर फिल्माया गया था। ऐसा ही कुछ जीनत अमान ने इंडियन आइडल 12 के सेट पर दानिश के गाने पर किया है। सोशल मीडिया पर उनका यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
शो के दर्शक और जीनत अमान के फैंस इंडियन आइडल 12 से जुड़े उनके वीडियो को खूब पसंद कर रहे हैं। साथ ही कमेंट कर दिग्गज अभिनेत्री की तरीफ भी कर रहे हैं। वहीं जीनत अमान ने इंडियन आइडल 12 में बतौर मेहमान शामिल होने पर शो की तारीफ की है। उन्होंने वीडियो में कहा, 'इस मंच पर आकर बहुत अच्छा लगा। जो सेट पर सेलिब्रेट किया गया और जिस तरह से उन्होंने सेलिब्रेट किया, यह सब मेरे लिए बहुत खास था।'
आपको बता दें कि इससे पहले इंडियन आइडल 12 में हिंदी सिनेमा की दिग्गज गायक और कलाकार किशोर कुमार को ट्रिब्यूट दिया गया था। इस मौके पर उनके बेटे अमित कुमार शो में मेहमान बनकर आए थे। इंडियन आइडल 12 के कंटेस्टेंट्स ने किशोर कुमार के गाने गाकर उन्हें ट्रिब्यूट दिया था। हालांकि शो खत्म होने के बाद अमित कुमार ने इंडियन आइडल 12 की आलोचना की थी, जिस पर काफी चर्चा हुई थी।