एकता कपूर ने मेरी ज़िंदगी बदल दी: चेतन हंसराज
साल 2004 का एक दौर ऐसा भी था जब उनके पास कोई काम नहीं था। उनका जेब खाली हो चुका था। वो फ़िल्मों में काम तलाश करने के लिए धक्के खा रहे थे। तभी एक साथी के कहने पर वो बालाजी के दफ्तर गए।
हीरेंद्र झा, मुंबई। ‘एकता कपूर ने मेरी ज़िंदगी बदल दी। इतना काम करने के बाद भी मेरे जेब में एक रूपया नहीं था। लेकिन, एकता कपूर से मिलने के साल भर के भीतर ही मैंने मुंबई में अपना घर खरीद लिया।’ ये कहना है टीवी और फ़िल्म कलाकार चेतन हंसराज का।
चेतन हंसराज इन दिनों अपनी आने वाली फ़िल्म ‘झोल’ के प्रमोशन में जुटे हैं। यह फ़िल्म 8 फरवरी को रिलीज़ हो रही है। इस फ़िल्म में चेतन एक ड्रग डीलर की भूमिका में हैं। बहरहाल, अबसे कुछ देर पहले वो जागरण डॉट कॉम के दफ्तर पहुंचे। इसी बीच जब ख़बर आई कि एकता कपूर सरोगेसी के जरिये मां बनी हैं तो हमने उनसे इस बारे में पूछा। चेतन हंसराज ने एकता कपूर के साथ खूब काम किया है और वो एकता कपूर की मां बनने की ख़बर से बेहद खुश नज़र आये। उन्होंने टीवी क्वीन एकता कपूर को बधाई दी और कहा कि वो एकता के लिए बहुत खुश हैं।
यह भी पढ़ें: जाह्नवी कपूर की ये लेटेस्ट और ग्लैमरस तस्वीरें देखी क्या आपने, एक नयी बात भी दिखी
चेतन हंसराज आगे कहते हैं कि साल 2004 का एक दौर ऐसा भी था जब उनके पास कोई काम नहीं था। उनका जेब खाली हो चुका था। वो फ़िल्मों में काम तलाश करने के लिए धक्के खा रहे थे। तभी एक साथी के कहने पर वो बालाजी टेलीफ़िल्म्स के दफ्तर गए। उन्होंने बेमन से ही अपनी तस्वीरें एकता को दिखायीं। एकता को चेतन का यह (Attitude) अंदाज़ पसंद आ गया और उन्हें बाद में मालूम हुआ कि उन्हें टीवी शो ‘कुसुम’ के लिए चुन लिया गया है। चेतन ने जागरण डॉट कॉम से बताया कि तब उन्हें इस शो के लिए 5500 रुपये प्रति दिन मिलना तय हुआ। लेकिन, वो रैंप वॉक या मॉडलिंग करके तब 20, 000 रुपये प्रति दिन तक कमा लेते थे। लेकिन, यह भी सच है कि रैंप या इस तरह के काम उन्हें महीने में एकाध ही मिलते जबकि यह शो 'कुसुम' तो रोज़ का काम था।
चेतन कहते हैं- ''जल्द ही वो समय आ गया कि मैं तीन टीवी शो एक साथ करने लगा और देखते ही देखते एक साल के भीतर मैंने मुंबई के बांद्रा वेस्ट इलाके में अपना घर ले लिया। नयी कार ले ली और मैं अपनी चार साल पुरानी गर्लफ्रेंड से शादी कर सका। एकता कपूर ने मेरी लाइफ बदल दी। वो कहती भी थी- ‘मैं तुम्हें स्टार बना दूंगी’।''
यह भी पढ़ें: रणबीर के कायल हुए अमिताभ बच्चन, आभार जताते हुए कह दी इतनी बड़ी बात