Coronavirus Lockdown: कपिल शर्मा के शो में फिर दिखने लगे सुनील ग्रोवर, साथ में कर रहे हैं कॉमेडी
Coronavirus Lockdown कोरोना वायरस की वजह से कपिल शर्मा और सुनील ग्रोवर एक साथ स्क्रीन पर नजर आने लगे हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। फैंस कई दिनों से इंतजार कर रहे थे कि जल्द से जल्द कपिल शर्मा और सुनील ग्रोवर एक साथ शो में दिखाई दें। लेकिन, सुनील ग्रोवर और कपिल शर्मा के बीच हुए मतभेद के बाद से कपिल शर्मा, सुनील ग्रोवर के बिना ही शो कर रहे हैं। हालांकि, अब दर्शकों को इंतजार खत्म हो गया है और टीवी स्क्रीन पर एक बार फिर कपिल शर्मा और सुनील ग्रोवर नजर आने लगे हैं। जी हां, अब कपिल शर्मा और मशहूर गुलाटी यानी सुनील ग्रोवर साथ में दिखाई दे रहे हैं और यह सब कोरोना वायरस की वजह से हो रहा है।
आप भी सोच रहे होंगे कि आखिर कोरोना वायरस की वजह से ये संभव कैसे है... दरअसल, कोरोना वायरस की वजह से हुए लॉकडाउन से अभी शूटिंग बंद है और शूटिंग बंद होने से कपिल शर्मा शो के लिए भी शूट नहीं हो पा रहा है। इस वजह से अब टीवी पर कपिल शर्मा के पुराने शो टेलीकास्ट किए जा रहे हैं और कई बार वो शो भी वापस दिखाए जा रहे हैं, जिसमें मशहूर गुलाटी भी हैं। ऐसे में इन दिनों लोग कपिल शर्मा और सुनील ग्रोवर को साथ स्क्रीन पर कॉमेडी करते देख रहे हैं।
वैसे अभी तक आधिकारिक तौर पर दोनों साथ नहीं आए हैं, लेकिन कई बार दोनों इवेंट में एक साथ नजर आए हैं और अब लगातार उनके रिश्तों में आई खटास कम होती जा रही है। अब इंतजार हो रहा है कि कब कपिल और सुनील ग्रोवर एक साथ नजर आएंगे। मगर, अभी दोनों के पुराने शो टेलीकास्ट होने से लोगों को लॉकडाउन में काफी मदद मिल रही है। ऐसे में घर पर बैठे बोर हो रहे लोग कॉमेडी का मजा ले रहे हैं।
बता दें कि सुनील ग्रोवर के लिए द कपिल शर्मा शो का मंच उनके करियर के लिहाज से टर्निंग प्वॉइंट साबित हुआ था। उनके किरदार मशहूर गुलाटी, गुत्थी और रिंकू भाभी को खूब पसंद किया गया था। उसके बाद सुनील ग्रोवर कई फिल्मों में नजर आ चुके हैं और बॉलीवुड जगत में भी अपनी जगह बना चुके हैं।