Bigg Boss 15: भारती सिंह ने अपने होने वाले बच्चे के लिए सलमान खान से रखी ऐसी डिमांड, भाईजान को भी बोलना पड़ा 'हां'
भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया जल्द ही माता-पिता बनने वाले हैं। इस बात की जानकारी कॉमेडियन भारती सिंह ने कुछ महीने पहले अपने अलग अंदाज में यूट्यूब चैनल के जरिए अपने फैंस को दी थी। भारती सिंह अप्रैल में बच्चे को जन्म देने वाली हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। बिग बॉस 15 के वीकेंड का वार एपिसोड में इस बार भारती सिंह पति हर्ष लिंबाचिया के साथ पहुंचीं। इन दोनों ने अपने शो हुनरबाज का प्रोमोशन किया। वीकेंड का वार एपिसोड में पहुंचकर भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया ने सलमान खान के साथ काफी मस्ती-मजाक भी किया। इस दौरान इन दोनों ने सलमान खान से अपने बच्चे को फिल्मों में लॉन्च करने की अपील की।
दरअसल भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया अपने होने वाले बच्चे की मिठाई लेकर सलमान खान के शो में आए थे। अभिनेता ने उन्हें इसकी बधाई भी दी। इसके बाद भारती सलमान खान से कहती हैं, 'सर, करण जौहर ने हमारे बच्चे को लॉन्च करने से मना कर दिया है। आप हमारे बच्चे को लॉन्च करेंगे ?' इस पर सलमान खान कहते हैं कि हां वह लॉन्च करेंगे।
इसके बाद भारती सिंह सलमान खान से पूछती हैं कि सलमान सर बेबी शावर के लिए हमें अपना फार्महाउस भी देंगे ? इस पर दबंग खान राजी हो जाते हैं। इसके बाद भारती सिंह पति हर्ष लिंबाचिया से कहती हैं, 'देखा, मैंने कहा था कि सलमान सर को एक बार मिठाई खिला दो वह सब कुछ करेंगे।' भारती की यह बात सुन सलमान खान सहित सभी लोग ठहाके लगाकर हंसने लगते हैं।
आपको बता दें कि भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया जल्द ही माता-पिता बनने वाले हैं। इस बात की जानकारी कॉमेडियन भारती सिंह ने कुछ महीने पहले अपने अलग अंदाज में यूट्यूब चैनल के जरिए अपने फैंस को दी थी। भारती सिंह अप्रैल में बच्चे को जन्म देने वाली हैं। शुरुआत में भारती सिंह ने अपनी प्रेग्नेंसी की खबर को छिपाकर रखा था। सबसे पहले भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया के एक करीबी ने हिन्दुस्तान टाइम्स से बातचीत में इस खबर को कन्फर्म किया है कि भारती प्रेग्नेंट हैं।
वहीं जब भारती से इस खबर पर कन्फर्मेशन ली गई तो उन्होंने न तो गुड न्यूज को स्वीकार किया और न ही इस खबर से इनकार किया। भारती ने कहा, 'न तो मैं इस पर मना करूंगी और ना ही कन्फर्म करूंगी। लेकिन जब सही समय आएगा मैं खुलकर इसके बारे में बात करूंगा। मैं इसे छुपा नहीं सकती, ये छुपाने वाली चीजड नहीं है। तो मैं भी जब भी मैं इसे रिवील करना चाहूंगी मैं पब्लिकली करूंगी'।