भाभी जी घर पर आया एक फैन, मिलने की पकड़ी जिद और दी ये धमकी
सौम्या ने बताया कि उन्हें अक्सर अज्ञात लोगों के फोन आते रहते हैं। पता नहीं उनको फोन नंबर कहां से मिल जाता है।
मुंबई। सितारों को अक्सर ही ऐसे फैंस मिल जाते हैं जो दीवानगी की हद पार कर जाते हैं और फिर उनसे निपटना बहुत मुश्किल होता है। सीरियल भाबी जी घर पर हैं कि अनीता भाभी यानि सौम्या टंडन के साथ भी पिछले दिनों कुछ ऐसा हुआ, जिसे जान कर आप हैरान हो जाएंगे।
जानकारी के मुताबिक एक फैन सौम्या से मिलने के लिए इस कदर उतारू हो गया कि उसने खुद को नुकसान पहुंचाने की धमकी दे डाली। बताया जाता है कि पिछले दिनों एक व्यक्ति मुंबई में सौम्या टंडन से घर के नीचे पहुंचा और उनसे मिलने की गुजारिश की। साथ ही उसने ये भी धमकी दे डाली कि अगर भाभी जी उनसे नहीं मिली तो वो अपने आप को चोट पहुंचाएगा। जैसे ही ये बात सौम्या तक पहुंची उन्होंने उस फैन से मिलने का तय किया और साथ ही उसके उसके माता पिता से बात कर ये सुनिश्चित किया कि वो सीधे अपने घर वापस चला जाय। सौम्या के मुताबिक उस फैन ने बिल्डिंग के गार्ड और उनके पति तक को धमकी दी थी कि वो भोपाल से मुंबई सौम्या से मिलने आया है और अगर वो उनसे नहीं मिलीं तो वो यहां से नहीं जाएगा। वह व्यक्ति सुबह छह बजे से बिना कुछ खाये-पीये घर के नीचे डेरा डाले हुए था।
सौम्या ने बताया कि जब रात आठ बजे घर लौटी तो उन्हें इस बारे में पता चला। वो अकेले उससे नहीं मिलना चाहती थीं इसलिए पति के आने का इंतज़ार किया। बाद में सौम्या उस व्यक्ति से मिली। खाना खिलाया और घर जाने के लिए कहा। सौम्या ने बताया कि उन्हें अक्सर अज्ञात लोगों के फोन आते रहते हैं। पता नहीं उनको फोन नंबर कहां से मिल जाता है। फोन तक तो ठीक है लेकिन घर तक फैंस का आना थोड़ा गंभीर मामला है। थोड़ा डरावना भी। सौम्या के मुताबिक वो अपने फैंस की भावनाओं को तो आहत नहीं कर सकतीं लेकिन साथ ही अपनी प्राइवेसी का भी ध्यान रखना पड़ता है।
सौम्या टंडन को लेकर पिछले दिनों एक ख़बर आई थी कि वो शो छोड़ रही हैं, लेकिन बाद में उन्होंने साफ़ कर दिया कि वो शो से बाहर नहीं जा रही हैं।
यह भी पढ़ें: सुनील ग्रोवर की ये तस्वीर देख लीजिए, गुत्थी और गुलाटी को भूल जायेंगे