Move to Jagran APP

Box Office: एक ही हफ़्ते में निकला 'ज़ीरो' का दम, इस हफ़्ते 'सिम्बा' की चुनौती

2018 की अहम और बहुप्रतीक्षित फ़िल्मों में शामिल ज़ीरो से उम्मीदें इसलिए भी बढ़ गयी थीं, क्योंकि इस साल ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान और रेस 3 बॉक्स ऑफ़िस पर ढेर हो गयी थीं।

By Manoj VashisthEdited By: Published: Thu, 27 Dec 2018 08:54 AM (IST)Updated: Sun, 30 Dec 2018 09:41 AM (IST)
Box Office: एक ही हफ़्ते में निकला 'ज़ीरो' का दम, इस हफ़्ते 'सिम्बा' की चुनौती
Box Office: एक ही हफ़्ते में निकला 'ज़ीरो' का दम, इस हफ़्ते 'सिम्बा' की चुनौती

मुंबई। शाह रुख़ ख़ान की फ़िल्म 'ज़ीरो' को सिनेमाघरों में एक हफ़्ता पूरा हो गया है और यह सफ़र निराशाजनक रहा है। पहले रविवार और क्रिस्मस की छुट्टी को छोड़कर फ़िल्म की कमाई लगातार गिरी है। साथ ही पहले हफ़्ते में ज़ीरो 100 करोड़ के मुक़ाम से चूक गयी है।

loksabha election banner

21 दिसम्बर को ज़ीरो बड़े उत्साह और उम्मीदों के बीच देशभर में 4380 से अधिक स्क्रींस पर रिलीज़ की गयी थी। 2018 की अहम और बहुप्रतीक्षित फ़िल्मों में शामिल ज़ीरो से उम्मीदें इसलिए भी बढ़ गयी थीं, क्योंकि इस साल आमिर ख़ान की 'ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान' और सलमान ख़ान की 'रेस 3' बॉक्स ऑफ़िस पर ढेर हो गयी थीं। दोनों खानों के फेल होने से सारा दारोमदार शाह रुख़ पर आ गया था। वहीं, 'ज़ीरो' में शाह रुख़ का किरदार और ट्रेलर को देखकर भी एक अलग तरह की फ़िल्म होने के क़यास लगाये जा रहे थे, मगर 'ज़ीरो' रिलीज़ हुई तो सारी उम्मीदों और क़यासों की हवा निकल गयी।

फ़िल्म ने उम्मीद से काफ़ी कम ₹20.14 करोड़ की ओपनिंग ली थी, दूसरे दिन शनिवार को ₹18.22 करोड़ और रविवार को ₹20.71 करोड़ का कलेक्शन किया था। पहले वीकेंड में फ़िल्म ने ₹59.07 करोड़ जमा कर लिये थे। पहले सोमवार को वर्किंग वीक शुरू होने की वजह से फ़िल्मों का बिज़नेस आम तौर पर काफ़ी गिरता है, ज़ीरो को ₹9.50 करोड़ बॉक्स ऑफ़िस पर मिले थे। रविवार के मुकाबले सोमवार को फ़िल्म का कलेक्शन लगभग 50 फ़ीसदी गिरा, जो सामान्य है। मंगलवार को क्रिसमस की छुट्टी पर 12.75 करोड़ मिले, जबकि अगले दिन बुधवार को 4.50 करोड़ के कलेक्शन का अनुमान है। ट्रेड एक्सपर्ट्स के अनुसार, गुरुवार को ज़ीरो को सिर्फ़ ₹3.18 करोड़ ही मिल सके हैं। लगभग ₹200 करोड़ के बजट में बनी ज़ीरो का 7 दिनों में घरेलू बॉक्स ऑफ़िस पर नेट कलेक्शन ₹89 करोड़ बताया जा रहा है। 

दूसरे हफ़्ते में ज़ीरो की चुनौती बढ़ गयी है, क्योंकि 'सिम्बा' सिनेमाघरों में पहुंच चुकी है। फ़िल्म देश में 4020 स्क्रींस पर रिलीज़ की गयी है, जबकि ओवरसीज़ में 963 स्क्रींस मिली हैं। फ़िल्म को लेकर ट्रेड एक्सपर्ट्स का रुख़ काफ़ी पॉज़िटिव है। लगभग 20 करोड़ की ओपनिंग लेने का अनुमान जताया गया है। ज़्यादातर समीक्षकों ने सिम्बा को अच्छी रेटिंग्स दी हैं।

वर्ल्डवाइड ₹100 करोड़ पार

ज़ीरो को ओवरसीज़ ने कुछ संभाल लिया, जहां फ़िल्म 1585 स्क्रींस पर रिलीज़ की गयी थी। फ़िल्म ने ओपनिंग वीकेंड में ₹35 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन किया। अमेरिका में ₹7.22 करोड़, ऑस्ट्रेलिया में ₹1.61 करोड़, न्यूज़ीलैंड में ₹63.75 लाख और नॉर्वे में ₹30.40 लाख ही मिल सके। घरेलू बॉक्स ऑफ़िस का ₹72 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन और ओवरसीज़ का ₹35 करोड़ मिलाकर, ज़ीरो ने वर्ल्डवाइड ₹107 करोड़ ओपनिंग वीकेंड में इकट्ठा कर लिया। ओवरसीज़ में ओपनिंग वीकेंड में सबसे अधिक कमाने वाली शाह रुख़ की यह 11वीं फ़िल्म है और 2018 की पांचवीं फ़िल्म है।

आनंद एल राय के निर्देशन में बनी 'ज़ीरो' में शाह रुख़ ख़ान ने मेरठ के बौने बउआ सिंह का किरदार निभाया है, जो अपने क़द को लेकर बिल्कुल शर्मिंदा नहीं है, बल्कि अतिउत्साहित और काइयां क़िस्म का है। फ़िल्म में अनुष्का शर्मा स्पेस साइंटिस्ट के किरदार में हैं, जो सेरेब्रल पाल्सी की शिकार है और व्हील चेयर से बद्ध है। कटरीना कैफ़ ने फ़िल्म स्टार का रोल निभाया है, जबकि मोहम्मद ज़ीशान अय्यूब बउआ के दोस्त के किरदार में हैं। फ़िल्म सलमान ख़ान और श्रीदेवी समेत कई फ़िल्मी सितारों ने कैमियो किये हैं। तमाम मसालों के बावजूद ज़ीरो पहले दिन दर्शकों को आकर्षित करने में कामयाब नहीं हुई है। ज़ीरो को क्रिटिक्स की भी मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है। फ़िल्म को एक से 4 तक स्टार्स दिये गये हैं। ज़ाहिर है कि ज़ीरो समीक्षकों की पसंद भी नहीं बन सकी है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.