Box Office: 'यमला पगला दीवाना फिर से' ने कर ली इतनी कमाई, धर्मेंद्र ने कही लाख टके की बात
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यमला पगला दीवाना फिर से पंजाब में ख़राब प्रदर्शन कर रही है, जो देओल्स का गढ़ है और उनकी फ़िल्में बेहतर करती रही हैं।
मुंबई। देओल परिवार की पेशकश यमला पगला दीवाना फिर से दर्शकों और ख़ुद देओल फ़ैमिली को बेहद निराश किया है। फ़िल्म ने बेहद ख़राब ओपनिंग ली। रविवार को आंकड़े कुछ बेहतर हुए, मगर पहले सोमवार को फ़िल्म के कलेक्शंस में काफ़ी गिरावट दर्ज़ की गयी। ग़ौर करने वाली बात यह भी है कि फ़िल्म कृष्ण जन्माष्टमी की छुट्टी का फ़ायदा भी नहीं उठा सकी।
31 अगस्त को सिनेमाघरों में पहुंची यमला पगला दीवाना फिर से ने सोमवार को महज़ ₹1.25 करोड़ का कलेक्शन किया। यह फ़िल्म की रिलीज़ का चौथा दिन था, जिसके बाद यमला पगला दीवाना फिर से कुल नेट कलेक्शन ₹7.57 करोड़ हो चुका है। इसके बाद मंगलवार को पांचवें दिन भी आंकड़े नहीं सुधरे। फ़िल्म को महज़ ₹70 लाख मिले और कलेक्शंस ₹8.27 करोड़ पर ही पहुंच सके। ग़ौरतलब है कि फ़िल्म ने ₹1.82 करोड़ की ओपनिंग ली थी, जो देओल परिवार की साख के अनुरूप नहीं है। वीकेंड के दिनों में फ़िल्म के कलेक्शंस में ख़ास बढ़ोत्तरी नहीं हुई। शनिवार को ₹1.80 और रविवार को ₹2.70 करोड़ जमा किये। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यमला पगला दीवाना फिर से पंजाब में ख़राब प्रदर्शन कर रही है, जो देओल्स का गढ़ है और उनकी फ़िल्में बेहतर करती रही हैं। ईस्ट पंजाब टेरीटरी से फ़िल्म को महज़ ₹91 लाख मिले हैं, जबकि सबसे ज़्यादा रिवेन्यू मुंबई और दिल्ली-यूपी ने दिया है। मुंबई टेरीटरी से फ़िल्म को ₹1.72 करोड़, जबकि दिल्ली-यूपी से ₹1.73 करोड़ मिले हैं।
फ़िल्म को इस प्रदर्शन को लेकर देओल परिवार की सीधी प्रतिक्रिया तो नहीं आयी है, मगर धर्मेंद्र ने एक ऐसा ट्वीट किया है, जिसमें हिम्मत ना हारने की सीख दी गयी है। इसके साथ धर्मेंद्र ने अपना एक पुराना फोटो शेयर किया है, जिसमें वो पैंथर के साथ नज़र आ रहे हैं।
A DEFEAT IS A LESSON TO LEARN, A CHALLENGE TO DARE !!! Enjoying the shoot with an open mouth panther. pic.twitter.com/PmcFlnQYXA — Dharmendra Deol (@aapkadharam) September 4, 2018
यमला पगला दीवाना फिर से में धर्मेंद्र, सनी देओल, बॉबी देओल और कृति खरबंदा ने लीड रोल्स निभाये हैं, वहीं सलमान ख़ान, रेखा, शत्रुघ्न सिन्हा और सोनाक्षी सिन्हा ने मेहमान भूमिकाएं निभायी हैं। सलमान ने तो यमला पहला दीवाना फिर से के प्रमोशंस में भी सहयोग किया है। मगर, तमाम ज़द्दोज़हद के बावजूद फ़िल्म का इतना कम ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन करना हैरान करता है। बताते चलें कि इस सीरीज़ की पहली फ़िल्म 2011 में आयी थी, जिसने ₹7.75 करोड़ की ओपनिंग ली थी। यह फ़िल्म ₹55 करोड़ का कलेक्शन करके हिट घोषित की गयी थी। 2013 में आये दूसरे भाग ने ₹7.10 करोड़ की ओपनिंग ली थी और ₹36.80 करोड़ का टोटल कलेक्शन किया था। यमला पगला दीवाना फिर से को समीक्षकों का साथ भी नहीं मिला है। इसके साथ रिलीज़ हुई स्त्री बॉक्स ऑफ़िस पर ज़बर्दस्त प्रदर्शन कर रही है और 5 दिनों में ₹50 करोड़ के आस-पास जमा कर चुकी है।
यह भी पढ़ें: स्त्री का Updated Box Office कलेक्शन जानने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
ज़्यादातर ने फ़िल्म को अच्छी रेटिंग नहीं दी है। अगर देओल परिवार की बात करें तो एक साथ उनकी यह चौथी फ़िल्म है। 2007 में धर्मेंद्र पहली बार अपने दोनों बेटों सनी और बॉबी के साथ पर्दे पर आये थे। अनिल शर्मा के निर्देशन में बनी फ़िल्म का शीर्षक अपने था, जो बॉक्स ऑफ़िस पर कामयाब रही थी। इसके बाद इस कॉमेडी फ्रेंचाइजी में देओल्स साथ आये हैं। हालांकि सनी और बॉबी पिछले साल आयी पोस्टर बॉयज़ में साथ आ चुके हैं, जिससे एक्टर श्रेयस तलपड़े ने निर्देशकीय पारी शुरू की थी। इस फ़िल्म ने ₹7.25 करोड़ का ओपनिंग वीकेंड कर लिया था।