War Vs Sye Raa Narsimha Reddy: रितिक-टाइगर की 'वॉर' के लिए चुनौती बनेगी 'सई रा नरसिम्हा रेड्डी'? पढ़ें यह रिपोर्ट
War Vs Sye Raa Narsimha Reddy At Box Office सई रा नरसिम्हा रेड्डी सभी भाषाओं को मिलाकर 60-70 करोड़ की ओपनिंग ले सकती है। तेलुगु फ़िल्म तमिल मलयालम और हिंदी में रिलीज़ की गयी है।
नई दिल्ली, जेएनएन। आज (2 अक्टूबर) गांधी जयंती के मौक़े पर दो बड़ी भारतीय फ़िल्में वॉर और सई रा नरसिम्हा रेड्डी रिलीज़ हुई हैं। वॉर बॉलीवुड फ़िल्म है, जो हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगु और मलयालम भी रिलीज़ की गयी है। वहीं, सई रा नरसिम्हा मूल रूप से तेलुगु फ़िल्म है, जिसे दक्षिण भारतीय भाषाओं के साथ हिंदी मे भी रिलीज़ किया गया है। अब हिंदीभाषी दर्शकों के ज़हन मे यह सवाल उठना लाज़िमी है, क्या सई रा नरसिम्हा रेड्डी वॉर के लिए चुनौती बनेगी?
सई रा नरसिम्हा रेड्डी एक पीरियड फ़िल्म है। यह स्वतंत्रता संग्राम सेनानी नरसिम्हा रेड्डी की कहानी है, जिन्होंने ब्रिटिश हुकूमत के ख़िलाफ़ बग़ावत का बिगुल फूंका था। दावा किया जाता है कि नरसिम्हा रेड्डी ने 1857 के गदर से भी पहले अंग्रेजों के ख़िलाफ़ जंग छेड़ दी थी। इस फ़िल्म में दक्षिण भारत के सुपरस्टार चिरंजीवी शीर्षक किरदार निभा रहे हैं, जबकि हिंदी सिनेमा के शहंशाह अमिताभ बच्चन एक बेहद अहम रोल में दिखाई देंगे, जो हिंदीभाषी दर्शकों के लिए बड़ा आकर्षण साबित हो सकते हैं। फ़िल्म में अनुष्का शेट्टी, तमन्ना भाटिया, सुदीप जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नज़र आ रहे हैं।
दक्षिण भारतीय फ़िल्म के कारोबार पर नज़र रखने वाली वेबसाइट Xappie के अनुसार, सई रा नरसिम्हा रेड्डी सभी भाषाओं को मिलाकर 60-70 करोड़ की ओपनिंग ले सकती है। वहीं, सिर्फ़ हिंदी बेल्ट में फ़िल्म को 5-7 करोड़ मिल सकते हैं।
ज़ाहिर है कि हिंदी बेल्ट में सई रा नरसिम्हा रेड्डी वॉर के लिए चुनौती नहीं बनेगी, मगर देशभर की बात करें तो सई रा नरसिम्हा रेड्डी की पहले दिन की कमाई वॉर से आगे निकल सकती है। वॉर को लेकर ट्रेड जानकारों का अनुमान है कि फ़िल्म 45 करोड़ के आस-पास कलेक्शन पहले दिन कर सकती है। अगर बेस्ट ओपनिंग डे कलेक्शन करने वाली फ़िल्मों को देखें तो सबसे बड़ी ओपनिंग लेने का रिकॉर्ड बाहुबली2- द कन्क्लूज़न के नाम है, जिसने 125 करोड़ की ओपनिंग ली थी। दूसरे नंबर पर साहो है, जिसे पहले दिन 81 करोड़ मिले।
तीसरे स्थान पर अक्षय कुमार और रजनीकांत की 2.0 है, जिसने 57 करोड़ का कलेक्शन पहले दिन किया था। हॉलीवुड फ़िल्म एवेंजर्स एंडगेम चौथे स्थान पर है, जिसे 53.10 करोड़ की ओपनिंग मिली थी। वहीं ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान पांचवे नंबर पर है, जिसने 52.25 करोड़ की ओपनिंग ली थी।
यह भी पढ़ें: पहले दिन ये रिकॉर्ड तोड़ सकती है रितिक-टाइगर की वॉर, इतने करोड़ ओपनिंग का अनुमान