Box Office: पहले हफ़्ते में 'उरी' की कमाई जानकर होश उड़ जाएंगे, किसी को नहीं थी उम्मीद!
उरी की बॉक्स ऑफ़िस रफ़्तार देखकर राज़ी, स्त्री और बधाई हो जैसी फ़िल्मों की याद आ रही है। इन फ़िल्मों की तरह उरी भी 100 करोड़ के अहम पड़ाव को पार कर सकती है।
मुंबई। उरी में हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय फौज द्वारा पाकिस्तान की सीमा में घुसकर सर्जीकल स्ट्राइक्स करने की कहानी पर बनी 'उरी द सर्जीकल स्ट्राइक' बॉक्स ऑफ़िस पर ख़ूब चल रही है। गुरुवार को फ़िल्म ने एक हफ़्ते का सफ़र पूरा कर लिया है। फ़िल्म की ज़बर्दस्त रफ़्तार को देखते हुए माना जा रहा है कि उरी 2019 की पहली 100 करोड़ी फ़िल्म बन सकती है।
विक्की कौशल अभिनीत और आदित्य धर निर्देशित 'उरी- द सर्जीकल स्ट्राइक' 11 जनवरी को रिलीज़ हुई। पहले दिन फ़िल्म ने ₹8.20 करोड़ का कलेक्शन किया। पहले दिन की कमाई से ही उरी ने संकेत दे दिये थे कि फ़िल्म कम से कम पहले वीकेंड में तो बड़ा कारनामा करने वाली है और हुआ भी वैसा ही। दूसरे दिन यानि शनिवार को उरी के कलेक्शंस में लगभग 52 फ़ीसदी का उछाल आया। फ़िल्म ने ₹12.43 करोड़ का झमाझम कलेक्शन किया, जबकि रविवार को ₹15.10 करोड़ अपनी पॉकेट में कर लिये।
कमाल की बात यह है कि वर्किंग वीक शुरू होने के बाद भी उरी के कलेक्शंस में ज़्यादा गिरावट नहीं आयी। पहले सोमवार को फ़िल्म ने ₹10.51 करोड़ जमा किये, जबकि मंगलवार को ₹9.57 करोड़ और बुधवार को ₹7.73 करोड़ का कलेक्शन किया, जबकि गुरुवार को भी फ़िल्म ने लगभग ₹7 करोड़ जमा कर लिये। इसके साथ ही 'उरी' का सात दिनों का नेट कलेक्शन ₹70.50 करोड़ हो चुका है।
विक्की कौशल की पहली सोलो कामयाबी
'उरी' एक मंझले बजट की फ़िल्म है। सही मायनों में विक्की कौशल की पहली फ़िल्म है, जिसमें उन्होंने लीड रोल निभाया है और फ़िल्म उनके कंधों पर टिकी है। ऐसे में उरी की कामयाबी विक्की के करियर को ज़बर्दस्त पुश देने वाली है। उरी की बॉक्स ऑफ़िस रफ़्तार देखकर अब ट्रेड विश्लेषकों को 2018 की राज़ी, स्त्री और बधाई हो जैसी फ़िल्मों की याद आ रही है। जिस तरह इन फ़िल्मों ने अपने कंटेंट के दम पर 100 करोड़ अहम पड़ाव को पार किया, वैसे ही उरी- द सर्जीकल स्ट्राइक भी कर सकती है। इसके साथ ही विक्की कौशल अब राजकुमार राव और आयुष्मान खुराना जैसे एक्टर्स की जमात में देखे जाने लगेंगे। उरी में यामी गौतम, मोहित रैना, परेश रावल और कीर्ति कुल्हरी अहम भूमिका में हैं। परेश रावल का किरदार राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहाकार अजीत डोभाल से प्रेरित है। वहीं, रजित कपूर प्रधान मंत्री के किरदार में हैं।
दूसरे हफ़्ते में Why चीट इंडिया से टक्कर
दूसरे हफ़्ते में उरी के सामने मुख्य रूप से 'व्हाय चीट इंडिया' की चुनौती होगी, जो आज सिनेमाघरों में पहुंच चुकी है। फ़िल्म में इमरान हाशमी ने लीड रोल निभाया है। एजुकेशन सिस्टम में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर बनी व्हाय चीट इंडिया को इमरान ने प्रोड्यूस भी किया है।