Move to Jagran APP

Box Office: ये हैं 2018 के Top 10 Opening Weekends, जानिए कहां है 'धड़क'

इस हफ़्ते चर्चित फ़िल्म धड़क रिलीज़ हो रही है, जो मराठी हिट सैराट का आधिकारिक रीमेक है। इस फ़िल्म से श्रीदेवी की बेटी जाह्नवी कपूर बॉलीवुड डेब्यू कर रही हैं।

By Manoj VashisthEdited By: Published: Mon, 16 Jul 2018 05:17 PM (IST)Updated: Sun, 29 Jul 2018 11:06 AM (IST)
Box Office: ये हैं 2018 के Top 10 Opening Weekends, जानिए कहां है 'धड़क'
Box Office: ये हैं 2018 के Top 10 Opening Weekends, जानिए कहां है 'धड़क'

मुंबई। शुक्रवार 20 जुलाई को चर्चित फ़िल्म 'धड़क' रिलीज़ हो गयी, जो मराठी हिट 'सैराट' से प्रेरित है। इस फ़िल्म से श्रीदेवी की बेटी जाह्नवी कपूर ने बॉलीवुड डेब्यू किया है। इस वजह से भी 'धड़क' की चर्चा अधिक रही। शशांक खेतान निर्देशित फ़िल्म में शाहिद कपूर के भाई ईशान खट्टर भी हैं।

loksabha election banner

'धड़क' से ट्रेड विश्लेषकों को काफ़ी उम्मीदें थीं और ओपनिंग वीकेंड में फ़िल्म उस पर खरी भी उतरी है। फ़िल्म ने ओपनिंग वीकेंड में ₹33.67 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया है। 'धड़क' इस कलेक्शन के साथ साल 2018 के ''Top 10 Opening Weekend Collections'' की लिस्ट में एंटर हो गयी है। इसके साथ जॉन अब्राहम की फ़िल्म 'परमाणु द स्टोरी ऑफ़ पोखरण' लिस्ट से बाहर हो गयी है, जिसने ₹20.78 करोड़ का कलेक्शन ओपनिंग वीकेंड में किया था। 'धड़क' की रिलीज़ के बाद इस साल के टॉप 10 ओपनिंग वीकेंड कलेक्शंस की लिस्ट इस प्रकार है-

10. दसवें स्थान पर इस साल की सरप्राइज़ हिट 'सोनू के टीटू की स्वीटी' है। इस फ़िल्म को लव रंजन ने डायरेक्ट किया है, जो इससे पहले प्यार का पंचनामा सीरीज़ बनाते रहे हैं। लव की इसी विश्वसनीयता ने सोनू के टीटू की स्वीटी को शानदार ओपनिंग वीकेंड दिया। फ़िल्म ने ₹26.57 करोड़ पहले तीन दिन में जमा किये। ₹100 करोड़ से ज़्यादा जमा करके फ़िल्म सुपरहिट घोषित की गयी।

9. नौवें स्थान पर आलिया भट्ट की 'राज़ी' है, जिसने ओपनिंग वीकेंड में ₹32.94 करोड़ जमा किये। मेघना गुलज़ार निर्देशित 'राज़ी' इस साल की शानदार फ़िल्मों में शामिल है। हरिंदर सिक्का के नॉवल कॉलिंग सहमत पर बनी फ़िल्म में आलिया ने कश्मीरी लड़की का रोल निभाया, जो जासूसी के लिए पाकिस्तान जाती है।

8. आठवें स्थान पर आ गयी है धड़क, जिसने ₹33.67 करोड़ रिलीज़ के पहले तीन दिनों में जमा किये हैं। शशांक खेतान निर्देशित फ़िल्म को करण जौहर ने प्रोड्यूस किया है। 

आगे बढ़ने से पहले Interesting Fact Break:

जाह्नवी-ईशान की धड़क ने आलिया भट्ट की राज़ी को ओपनिंग वीकेंड में तो नीचे धकेला ही है, साथ ही ओपनिंग डे कलेक्शंस की लिस्ट में भी फ़िल्म ने आलिया की पहली फ़िल्म स्टूडेंट ऑफ़ द ईयर को पीछे छोड़ा है। 2012 में आयी स्टूडेंट ऑफ़ द ईयर ने ₹7.48 करोड़ का कलेक्शन पहले दिन किया था, जबक धड़क ने 8.71 करोड़ ओपनिंग डे पर बटोरे हैं। स्टूडेंट ऑफ़ द ईयर के करण जौहर निर्माता-निर्देशक थे, वहीं धड़क के वो निर्माता हैं।

7. सातवें स्थान पर आ गयी है 'वीरे दी वेडिंग', जिसने ओपनिंग वीकेंड में ₹36.52 करोड़ जमा किये। एक जून को रिलीज़ हुई फ़िल्म को शशांक घोष ने डायरेक्ट किया है। चार दोस्तों की इस कहानी में करीना कपूर, सोनम कपूर, स्वरा भास्कर, शिखा तलसानिया और सुमित व्यास ने मुख्य भूमिकाएं निभायी हैं।

6. ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन की लिस्ट में छठे नंबर पर 'पैडमैन' है, जिसने ₹40.05 करोड़ का कलेक्शन किया था। इस बायोपिक फ़िल्म में अक्षय कुमार ने अरुणाचलम मुरुगनाथम का किरदार निभाया, जबकि राधिका आप्टे उनकी पत्नी के किरदार में थीं। सोनम कपूर ने भी फ़िल्म में एक अहम किरदार प्ले किया था। अक्षय और निर्देशक आर बाल्की का ये पहला एसोसिशन था। 'पैडमैन' हिट रही।

5. पांचवें स्थान पर है राजकुमार गुप्ता निर्देशित 'रेड', जिसने ओपनिंग वीकेंड में ₹41.01 करोड़ जमा किये। इस फ़िल्म में अजय देवगन ने इनकम टैक्स अधिकारी का रोल निभाया। इलियाना डिक्रूज़ ने उनकी पत्नी का किरदार प्ले किया। 100 करोड़ से अधिक कमाकर ये फ़िल्म भी हिट रही।

4. ओपनिंग वीकेंड की लिस्ट में चौथे स्थान पर टाइगर श्रॉफ़ की 'बाग़ी2' है, जिसे अहमद ख़ान ने डायरेक्ट किया। इस एक्शन-रोमांटिक फ़िल्म में दिशा पाटनी पहली बार टाइगर के साथ आयीं। एक्शन को लेकर टाइगर की इमेज के चलते फ़िल्म ने ₹73.10 करोड़ का शानदार ओपनिंग वीकेंड किया।

3. तीसरे स्थान पर आ गयी है रेस 3, जिसने ओपनिंग वीकेंड में ₹106.47 करोड़ जमा किया है। रेमो डिसूज़ा निर्देशित फ़िल्म में सलमान के अलावा बॉबी देओल, जैकलीन फ़र्नांडिस, अनिल कपूर, साक़िब सलीम और डेज़ी शाह ने मुख्य किरदार निभाये हैं।

2. लिस्ट में 'पद्मावत' दूसरे स्थान पर आ गयी है। संजय लीला भंसाली की इस मैग्नम ओपस ने ₹114 करोड़ का कलेक्शन किया, जिसमें ₹19 करोड़ पेड प्रीव्यूज़ का भी शामिल है। पद्मावत काफ़ी समय तक विवादों में भी रही थी, जिसकी वजह से इसे 2017 से हटाकर 2018 में रिलीज़ किया गया। फ़िल्म में दीपिका पादुकोण ने चित्तौड़ की रानी पद्मावती, शाहिद कपूर ने राजा महारावल रतन सिंह और रणवीर सिंह ने दिल्ली सल्तनत के सुल्तान अलाउद्दीन खिलजी का किरदार निभाया था। पद्मावत 2018 की पहली ₹300 करोड़ की फ़िल्म भी है। हालांकि बजट अधिक होने की वजह से फ़िल्म बहुत फ़ायदे में नहीं माना गया है।

1. ₹120.06 करोड़ के साथ Top 10 Opening Weekend Collections की लिस्ट में टॉप पर आ गयी है संजू। राजकुमार हिरानी निर्देशित संजय दत्त की इस बायोपिक में रणबीर कपूर, परेश रावल, सोनम कपूर, विक्की कौशल और मनीषा कोईराला ने मुख्य किरदार निभाये।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.