Box Office: दूसरे वीकेंड में भी टॉम क्रूज़ का मिशन हुआ Possible, अब इतने करोड़ हो गए
जाह्नवी कपूर और ईशान खट्टर की फिल्म धड़क ने तीसरे वीकेंड में करीब दो करोड़ 50 लाख रूपये का कलेक्शन किया है और अब कुल कलेक्शन 71 करोड़ 67 लाख रूपये हो गया हैं।
मुंबई। हाल के दिनों में भारतीय बॉक्स ऑफ़िस पर हॉलीवुड की फिल्मों का दबदबा कुछ ज़्यादा ही बढ़ गया है और इसी कारण एक एक कर कई फिल्मों ने हिंदी फिल्मों की नाक में दम कर दिया है। टॉम क्रूज़ की मिशन इम्पॉसिबल फ़ॉलआउट भी उन्हीं में से एक है जिसने दूसरे वीकेंड में भी भारतीय बॉक्स ऑफ़िस को निचोड़ दिया है।
क्रिस्टोफर मैकक्वैरी के निर्देशन में बनी मिशन इम्पॉसिबल की इस छठवीं कड़ी ने भारतीय बॉक्स ऑफ़िस पर अपने दूसरे वीकेंड में 13 करोड़ 70 लाख रूपये की कमाई की है। ये पिछले दो वीकेंड में सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म है जो भारत में रिलीज़ हुई है। इस फिल्म ने अपनी रिलीज़ के दसवें दिन यानि इस रविवार को पांच करोड़ 20 लाख रूपये के करीब कलेक्शन किया है। फिल्म का कुल कलेक्शन अब 67 करोड़ 95 लाख रूपये हो गया है। वैसे आंकड़ेवारी के हिसाब से मिशन इम्पॉसिबल फ़ॉलआउट को दूसरे वीकेंड में पहले के 37 करोड़ रूपये के मुकाबले बहुत ही कम कमाई हुई है।
माना जा रहा है कि ये फिल्म 75 से 78 करोड़ रूपये के बीच लाइफ़टाइम कलेक्शन ले सकती है। लेकिन 80 करोड़ रूपये कमाने वाली एवेंजर्स द एज़ ऑफ अल्ट्रोन के करीब पहुंचना आसान नहीं होगा।
जबरदस्त एक्शन वाली इस फिल्म को 10 करोड़ से ओपनिंग मिली थी और पहले वीकेंड में फिल्म ने 37 करोड़ रूपये की कमाई कर ली थी। अब तक के कलेक्शन के हिसाब से मिशन इम्पॉसिबल फॉलआउट ने कैप्टन अमेरिका- सिविल वार के 60 करोड़ रूपये और थॉर- रग्नारोक के 58 करोड़ 73 लाख रूपये के लाइफ़टाइम कलेक्शन को पार कर लिया है।
मिशन इम्पॉसिबल सीरीज़ 1996 में शुरू हुई थी। फिर साल 2000 और 2006 में दूसरा और तीसरा भाग बना। साल 2011 में मिशन इम्पॉसिबल –घोस्ट प्रोटोकाल आई और उसके चार साल बाद मिशन इम्पॉसिबल- रॉग नेशन। ये इस सीरीज़ का छठा भाग है। सीरीज़ दुनिया भर में लोकप्रिय है और इसके हैरतअंगेज़ एक्शन दमदार। फिल्म के गज़ब के स्टंट और खासकर हेलिकॉप्टर स्टंट्स ने फिल्म को सुर्ख़ियों में रखा है।
इस बीच जाह्नवी कपूर और ईशान खट्टर की फिल्म धड़क ने तीसरे वीकेंड में करीब दो करोड़ 50 लाख रूपये का कलेक्शन किया है और अब कुल कलेक्शन 71 करोड़ 67 लाख रूपये हो गया हैं। देखना है क्या ये फिल्म करण जौहर की माय नेम इज़ खान के 73 करोड़ और कपूर एंड सन्स के 73 करोड़ 30 लाख रूपये के लाइफ़टाइम कलेक्शन को पार कर पाती है।
यह भी पढ़ें: Paltan Trailer: 1967 में चीन को परास्त करने वाली पलटल की दास्तां