Tanhaji Box Office Collection Day 4: सोमवार को 'तानाजी' ने दिखाया दम, लोहड़ी पर शानदार कमाई
Tanhaji Box Office Collection Day 4 अजय देवगन की यह फ़िल्म मल्टीप्लेक्स के साथ सिंगल स्क्रीन थिएटर्स में अपना जलवा दिखा रही है। महाराष्ट्र में फ़िल्म काफ़ी पसंद की जा रही है।
नई दिल्ली, जेएनएन। ओपनिंग वीकेंड में ज़बर्दस्त प्रदर्शन करने के बाद अजय देवगन की तानाजी- द अनसंग वॉरियर ने सोमवार को भी अपना दम दिखाया। लोहड़ी के त्योहार की छुट्टी होने का फायदा फ़िल्म को मिला और डबल डिजिट में कमाई की है।
ट्रेड जानकारों के अनुसार, तानाजी ने सोमवार को 13.75 करोड़ का नेट कलेक्शन किया है, जिसके साथ फ़िल्म का 4 दिनों का नेट कलेक्शन 75.68 करोड़ हो गया है। 10 जनवरी को रिलीज़ हुई तानाजी ने 61.75 करोड़ का नेट कलेक्शन ओपनिंग वीकेंड में कर लिया था। फ़िल्म ने शुक्रवार को 15.10 करोड़ की ओपनिंग ली थी। शनिवार और रविवार को फ़िल्म के कलेक्शंस में ज़बर्दस्त इजाफ़ा हुआ। शनिवार को तानाजी ने 20.57 करोड़ का कलेक्शन किया था, जबकि रविवार को 26.26 करोड़ जमा किये थे। ग़ौरतलब है कि फ़िल्म के कलेक्शंस ओपनिंग डे के मुकाबले ज़्यादा कम नहीं हैं।
#Tanhaji is unstoppable on Day 4... Collects in double digits, despite lower ticket rates at multiplexes on weekdays... Day 4 numbers are better than Day 1 at several centres... Fri 15.10 cr, Sat 20.57 cr, Sun 26.26 cr, Mon 13.75 cr. Total: ₹ 75.68 cr. #India biz. 👍👍👍— taran adarsh (@taran_adarsh) January 14, 2020
अजय देवगन की यह फ़िल्म मल्टीप्लेक्स के साथ सिंगल स्क्रीन थिएटर्स में अपना जलवा दिखा रही है। ख़ासकर, महाराष्ट्र में फ़िल्म को लेकर लोगों में दीवानगी देखी जा रही है। फ़िल्म हिंदी के साथ मराठी भाषा में देशभर में 3800 से अधिक स्क्रींस पर रिलीज़ की गयी है। तानाजी- द अनसंग वॉरियर का निर्देशन ओम राउत ने किया है। फ़िल्म में शिवाजी महाराज की सेना के सूबेदार तानाजी मालुसरे की कहानी दिखायी गयी है, जिन्होंने सिंहगढ़ के क़िले को मुग़लों के क़ब्ज़े से छुड़ाया था। हालांकि इस भीषण लड़ाई में तानाजी शहीद रहे थे।
फ़िल्म में काजोल तानाजी की पत्नी सावित्रीबाई के रोल में हैं, जबकि सैफ़ अली ख़ान ने उदयभान का किरदार निभाया है। अजय देवगन की इस साल यह पहली रिलीज़ फ़िल्म है। पिछले साल आयीं उनकी दे दे प्यार दे और टोटल धमाल बॉक्स ऑफ़िस पर सफल रही थीं।