Street Dancer 3D Box Office Collection Day 11: वरुण-श्रद्धा की फ़िल्म दूसरे सोमवार को धड़ाम, बेहद कम हुई कमाई
Street Dancer 3D Box Office Collection Day 11 स्ट्रीट डांसर वरुण की पिछली फ़िल्म कलंक से भी ख़राब ट्रेंड कर रही है। कलंक ने ओपनिंग वीकेंड में 66.03 करोड़ का कलेक्शन कर लिया था।
नई दिल्ली, जेएनएन। वरुण धवन और श्रद्धा कपूर की फ़िल्म स्ट्रीट डांसर 3डी की बॉक्स ऑफ़िस पर हालत बेहद खस्ता है। फ़िल्म दूसरे सोमवार को धड़ाम से गिरी है। तानाजी का असर अब तक कायम है, वहीं सैफ़ अली ख़ान की जवानी जानेमन स्ट्रीट डांसर से बेहतर चल रही है।
24 जनवरी को रिलीज़ हुई स्ट्रीट डांसर 3डी 31 जनवरी को दूसरे हफ़्ते में दाख़िल हो गयी थी। दूसरे हफ़्ते में फ़िल्म का प्रदर्शन बेहद ख़राब है। दूसरे शुक्रवार को 2.01 करोड़ का कलेक्शन किया था। शनिवार को फ़िल्म ने 3.40 करोड़ बटोरे, जबकि रविवार को 3.91 करोड़ का कलेक्शन किया था। दूसरे सोमवार को फ़िल्म सिर्फ़ 1.52 करोड़ ही जमा कर सकी है।
इस कलेक्शन से समझा जा सकता है कि वरुण धवन की यह फ़िल्म एकदम नीचे गिरी है। अब 11 दिनों में फ़िल्म का कलेक्शन 67.61 करोड़ हुआ है। स्ट्रीट डांसर वरुण की लास्ट फ्लॉप कलंक से भी ख़राब ट्रेंड कर रही है। कलंक ने ओपनिंग वीकेंड में 66.03 करोड़ का कलेक्शन कर लिया था। वहीं, पहले हफ़्ते में 76.50 करोड़ जमा कर चुकी थी।
#StreetDancer3D [Week 2] Fri 2.01 cr, Sat 3.40 cr, Sun 3.91 cr, Mon 1.52 cr. Total: ₹ 67.61 cr. #India biz.— taran adarsh (@taran_adarsh) February 4, 2020
स्ट्रीट डांसर 3डी को रेमो डिसूज़ा ने निर्देशित किया है। फ़िल्म में वरुण और श्रद्धा के साथ प्रभु देवा और नोरा फतेही भी अहम भूमिकाओं में हैं। स्ट्रीट डांसर उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी है। फ़िल्म के कलेक्शंस पहले हफ़्ते में काफ़ी गिरे। 24 जनवरी को 3700 स्क्रींस पर 2डी और 3डी में रिलीज़ हुई स्ट्रीट डांसर ने अनुमान से कम 10.26 करोड़ की ओपनिंग ली थी। शनिवार और रविवार को फ़िल्म की कमाई में बढ़ोत्तरी हुई। शनिवार को स्ट्रीट डांसर 3डी ने 13.21 करोड़ जमा किये थे, जबकि रविवार को 17.76 करोड़ का कलेक्शन किया था। पहले हफ़्ते में फ़िल्म ने 41.23 करोड़ का कलेक्शन ओपनिंग वीकेंड में किया था।
पहले सोमवार को फ़िल्म ने 4.65 करोड़ और मंगलवार को 3.88 करोड़ की रकम जुटाई थी। बुधवार को फ़िल्म ने 3.58 करोड़ जमा किये थे। गुरुवार को कलेक्शंस 3.43 करोड़ रह गये थे। फ़िल्म ने पहले हफ़्ते में 56.77 करोड़ का कलेक्शन किया था।