Box Office: तीसरे दिन खूब दहाड़ा SIMMBA, ओपनिंग वीकेंड में कमाए इतने करोड़
सिम्बा की इस रफ़्तार को देखते हुए अनुमान है कि ओपनिंग वीकेंड में 70 करोड़ से अधिक कलेक्शन के साथ 2018 के टॉप 10 ओपनिंग वीकेंड कलेक्शंस की लिस्ट में अपनी जगह बना लेगी।
मुंबई। रणवीर सिंह और सारा अली ख़ान की 'सिम्बा' बॉक्स ऑफ़िस पर पूरे शबाब पर है। फ़िल्म ने ओपनिंग वीकेंड में रिकॉर्ड कलेक्शन किया है। रविवार को तो सिम्बा खूब जोर से गरजा है, जिसके चलते कमाई ₹31 करोड़ से अधिक रही।
28 दिसम्बर को रिलीज़ हुई 'सिम्बा' के प्रदर्शन से यह तय हो गया है कि साल 2018 की विदाई धमाकेदार होने वाली है। पहले दिन फ़िल्म को जहां ₹20.72 करोड़ मिले, वहीं दूसरे दिन 13 फीसदी उछाल मिला और बॉक्स ऑफ़िस पर फ़िल्म ने ₹23.33 करोड़ जमा कर लिये। रविवार को कमाई में लगभग 30 फीसदी उछाल आया। ट्रेड एक्सपर्ट्स के अनुसार रविवार को ₹31.06 करोड़ का कलेक्शन किया है, जिसे मिलाकर फिल्म ने ओपनिंग वीकेंड में ₹75 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है।
'सिम्बा' के ज़रिए रणवीर सिंह ने पहली बार रोहित शेट्टी के निर्देशन में काम किया है और पहली ही बार उन्होंने पुलिस की वर्दी पहनी है। फ़िल्म में रणवीर के साथ सारा अली ख़ान हैं, जो 'केदारनाथ' से बॉलीवुड डेब्यू कर चुकी हैं। दीपिका पादुकोण से शादी के बाद रणवीर की यह पहली रिलीज़ है और इस साल उनकी दूसरी फ़िल्म है। इससे पहले संजय लीला भंसाली की 'पद्मावत' में रणवीर और दीपिका पादुकोण ने मुख्य किरदार निभाये थे। सिम्बा में सिंघम यानि अजय देवगन और अक्षय कुमार ने कैमियो किया है। वहीं, फ़िल्म के 'आंख मारे' गाने में तुषार कपूर, अरशद वारसी और श्रेयस तलपड़े भी दिखायी दिये हैं।
सिम्बा का ओवरसीज़ में अच्छा प्रदर्शन
ओवरसीज़ में भी फ़िल्म जलवा दिखा रही है, जहां ₹13.14 करोड़ की कमाई फ़िल्म ने की है। 'सिम्बा' को यूएसए-कनाडा में लगभग ₹3.41 करोड़, यूएई-जीससी में लगभग ₹6.24 करोड़, यूके में लगभग ₹61 लाख, ऑस्ट्रेलिया व फिजी में लगभग ₹1 करोड़ और बाक़ी देशों से लगभग ₹2 करोड़ मिले हैं। ग़ौरतलब है कि 'सिम्बा' देशभर में 4020 स्क्रींस पर चल रही है, वहीं ओवरसीज़ में इसे 900 से अधिक स्क्रीन पर उतारा गया है।