Move to Jagran APP

Box Office: ब्लॉकबस्टर 'स्त्री' 4 हफ़्ते बाद 'राज़ी' से आगे निकली, 31 दिनों में कमा चुकी इतने करोड़

स्त्री का अब तक का ट्रेंड रहा है कि वीकेंड में फ़िल्म ने अच्छा बिज़नेस किया है। मगर, पांचवें वीकेंड में स्त्री के सामने सुई धागा और पटाखा के रूप में तगड़ी चुनौती है।

By Manoj VashisthEdited By: Published: Sun, 23 Sep 2018 11:20 AM (IST)Updated: Tue, 02 Oct 2018 07:20 AM (IST)
Box Office: ब्लॉकबस्टर 'स्त्री' 4 हफ़्ते बाद 'राज़ी' से आगे निकली, 31 दिनों में कमा चुकी इतने करोड़
Box Office: ब्लॉकबस्टर 'स्त्री' 4 हफ़्ते बाद 'राज़ी' से आगे निकली, 31 दिनों में कमा चुकी इतने करोड़

मुंबई। राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर की हॉरर कॉमेडी 'स्त्री' इस साल की सबसे कामयाब फ़िल्मों में शामिल हो चुकी है। चार हफ़्तों के शानदार सफ़र में स्त्री 125 करोड़ से अधिक जमा कर चुकी है। फ़िल्म की रफ़्तार धीमी हुई है, मगर पूरी तरह ख़त्म नहीं हुई है, जिसके चलते वीकेंड्स में 'स्त्री' अच्छी कमाई कर लेती है।

loksabha election banner

28 सितम्बर (शुक्रवार) को स्त्री पांचवें हफ़्ते में दाख़िल हो गयी। यह रिलीज़ का 29वां दिन था और फ़िल्म ने 52 लाख का कलेक्शन किया। शनिवार को 88 लाख और रविवार को 1.51 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया है, जिसे मिलाकर स्त्री का 31 दिनों का कलेक्शन 125.57 करोड़ हो गया है। ग़ौरतलब है कि 'बत्ती गुल मीटर चालू' और 'सुई धागा' जैसी फ़िल्में रिलीज़ होने के बावजूद 'स्त्री' दर्शकों को खींच रही है। 21 सितम्बर को रिलीज़ हुई शाहिद कपूर और श्रद्धा कपूर की इस फ़िल्म ने एक हफ़्ते में महज़ 37.26 करोड़ का कलेक्शन किया है।

यहां यह बताना ज़रूरी है कि ट्रेड एक्सपर्ट्स ने 'स्त्री' के लाइफ़ टाइम कलेक्शंस को ₹115 करोड़ के आस-पास रहने का अनुमान लगाया था, मगर स्त्री ऐसे हर अनुमान को पहले दिन से ही धता बताते हुए ब्लॉकबस्टर घोषित की जा चुकी है। रिलीज़ के तीन हफ़्तों में अक्षय कुमार की गोल्ड, अजय देवगन की रेड और जॉन अब्राहम की सत्यमेव जयते को पीछे छोड़ते हुए स्त्री चौथे हफ़्ते में आलिया भट्ट की 'राज़ी' से आगे निकल चुकी है। 'स्त्री' का अब तक का ट्रेंड रहा है कि वीकेंड में फ़िल्म ने अच्छा बिज़नेस किया है। 

चौथे हफ़्ते में स्त्री को मिले 9.99 करोड़

21 सितम्बर (शुक्रवार) को ₹1.51 करोड़ के साथ स्त्री चौथे हफ़्ते में दाख़िल हो गयी, जबकि शनिवार को फ़िल्म के कलेक्शन फिर उछाल आया और इसने ₹2.05 करोड़ जमा किये। रविवार को इसे 2.86 करोड़ मिले। चौथे ओपनिंग वीकेंड में ही फ़िल्म ने 6.42 करोड़ जमा कर लिये। सोमवार को वर्किंग वीक शुरू होने पर स्त्री के कलेक्शंस गिरे, मगर एक स्थिरता देखी गयी। सोमवार को फ़िल्म ने 97 लाख लिये, मंगलवार और बुधवार को 87 लाख बटोरे और गुरुवार को फ़िल्म ने 86 लाख का कलेक्शन किया।

तीसरे हफ़्ते में स्त्री के नाम 17.14 करोड़ 

14 सितम्बर को स्त्री का तीसरा हफ़्ता शुरू हुआ। तीसरे शुक्रवार को फ़िल्म ने ₹2.14 करोड़, शनिवार को ₹3.76 करोड़ और रविवार को ₹4.75 करोड़ का कलेक्शन किया। वीकेंड के बाद कामकाजी दिन शुरू होने के बाद स्त्री के कलेक्शंस में गिरावट आयी। तीसरे सोमवार को फ़िल्म को ₹1.87 करोड़ मिले, मंगलवार को ₹1.60 करोड़ और बुधवार को ₹1.42 करोड़ जमा किये, जबकि गुरुवार को फ़िल्म ने ₹1.60 करोड़ का कलेक्शन किया यानि बुधवार के कलेक्शंस से ₹18 लाख ज़्यादा। तीसरे हफ़्ते में स्त्री ने ₹17.14 करोड़ जमा किये।

दूसरे हफ़्ते में स्त्री को मिले 35.14 करोड़

7 सितम्बर (शुक्रवार) को 'स्त्री' ₹4.39 करोड़ दूसरे हफ़्ते में दाख़िल हुई थी। दूसरे शनिवार को ₹7.63 करोड़ जमा कर लिये, जबकि दूसरे रविवार को स्त्री ने 10 दिनों का सफ़र पूरा कर लिया और ₹9.22 करोड़ का कलेक्शन किया था। इसके बाद सोमवार से वर्किंग वीक शुरू हुआ और 'स्त्री' के कलेक्शंस गिरे। 'स्त्री' का यह दूसरा सोमवार (10 सितम्बर) था, लिहाज़ा फ़िल्म की रफ़्तार कुछ हल्की रही। फिर भी इसने ₹3.31 करोड़ हासिल कर लिये। मंगलवार को भी कलेक्शंस में ज़्यादा गिरावट नहीं आयी और 'स्त्री' ने ₹3.22 करोड़ जमा किये। बुधवार (12 सितम्बर) को भी फ़िल्म ने ₹2.95 करोड़ का कलेक्शन कर लिया। गुरुवार (13 सितम्बर) को गणेश चतुर्थी के मौक़े पर फ़िल्म के कलेक्शंस में इजाफ़ा हुआ और स्त्री को ₹3.76 करोड़ मिले। इसके साथ दूसरे हफ़्ते में फ़िल्म ने ₹35.14 करोड़ जमा कर लिये। दूसरे हफ़्ते में 'स्त्री' 'सत्यमेव जयते' से भी आगे निकली, जिसने ₹89 करोड़ के आस-पास जमा किये थे।

पहले हफ़्ते में जमा किये 60.39 करोड़

'स्त्री' 31 अगस्त को सिनेमाघरों में पहुंची थी। फ़िल्म ने पहले दिन ₹6.82 करोड़ की शानदार ओपनिंग ली। दूसरे दिन ज़बर्दस्त उछाल लिया और शनिवार को ₹10.87 करोड़ जमा कर लिये। यह बढ़त रिलीज़ के तीसरे दिन यानि रविवार को भी जारी रही और फ़िल्म ने ₹14.38 करोड़ का कलेक्शन किया। इस तरह ओपनिंग वीकेंड में ही स्त्री को ₹32.07 करोड़ मिल गये थे। पहले सोमवार (3 सितम्बर) को कृष्ण जन्माष्टमी की छुट्टी का भी फ़िल्म को भरपूर फ़ायदा मिला और इसने ₹9.70 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया। मंगलवार (4 सितम्बर) को स्त्री ने ₹6.37 करोड़ बटोर लिये, वहीं बुधवार (5 सितम्बर) को ₹6.55 करोड़ की रकम जुटाने में 'स्त्री' कामयाब रही।गुरुवार (6 अगस्त) को सातवें दिन ₹5.50 करोड़ के साथ 'स्त्री' ने ₹60.39 करोड़ का आंकड़ा हासिल कर लिया था।

2018 में 100 करोड़ क्लब में जाने वाली नौवीं फ़िल्म

2018 में 'स्त्री' से पहले 8 फ़िल्में ₹100 करोड़ से अधिक कलेक्शन कर चुकी हैं। स्त्री नौवीं फ़िल्म है। स्त्री को 100 करोड़ तक पहुंचने में 16 दिन का वक़्त लगा। सूची इस प्रकार है- 

संजू- 3 दिन- ₹341.22 करोड़

रेस 3- 3 दिन- ₹169 करोड़

पद्मावत- 4 दिन- ₹300.26 करोड़

बाग़ी2- 6 दिन- ₹165 करोड़

गोल्ड- 13 दिन- 107.37 करोड़

स्त्री- 16 दिन- ₹123.18 करोड़

राज़ी- 17 दिन- ₹123.17 करोड़

रेड- 22 दिन- ₹101.54 करोड़

सोनू के टीटू की स्वीटी- 25 दिन- ₹108.46 करोड़

वैसे स्त्री को जो करना था, कर चुकी। तक़रीबन ₹20 करोड़ की लागत से बनी फ़िल्म कई गुना मुनाफ़ा कमाकर ब्लॉकबस्टर बन चुकी है और टीम ने इसका जश्न भी मना लिया है।

राजकुमार राव की पहली 100 करोड़ की फ़िल्म

स्त्री की यह ब्लॉकबस्टर कामयाबी राजकुमार राव की स्थिति ज़बर्दस्त रूप से मजबूत करेगी। वो बेहतरीन अभिनेता के तौर पर तो पहले ही अपनी साख स्थापित कर चुके हैं, अब कमर्शियली भी भरोसा जीत रहे हैं। सोलो लीड में राजकुमार की 'स्त्री' पहली फ़िल्म है, जिसने 100 करोड़ क्लब में एंट्री ली है। अगर राव की पिछली कुछ फ़िल्मों का बॉक्स ऑफ़िस रिज़ल्ट देखें तो वो इस प्रकार रहा है-

फ़न्ने ख़ान- ₹9.85 करोड़- फ्लॉप

ओमेर्टा- ₹3 करोड़- फ्लॉप

शादी में ज़रूर आना- ₹6.50 करोड़- फ्लॉप

न्यूटन- ₹22.18 करोड़- हिट

बरेली की बर्फ़ी- ₹34 करोड़- फ़ायदे में

बहन होगी तेरी- ₹2.25 करोड़- फ्लॉप

ट्रैप्ड- ₹2.82 करोड़- फ्लॉप

ज़ाहिर है कि स्त्री उन्हें कमर्शियली भरोसेमंद एक्टर की लीग में लेकर जाएगी। राजकुमार फ़िलहाल मौनी रॉय के साथ 'मेड इन इंडिया' की शूटिंग कर रहे हैं।

100 करोड़ क्लब में श्रद्धा तीसरी बार

वहीं, फ़िल्म लीडिंग लेडी श्रद्धा कपूर की बात करें तो 100 करोड़ क्लब में उनकी यह तीसरी फ़िल्म है। इससे पहले 'एक विलेन' (105.50 करोड़) और 'एबीसीडी2' (105.74 करोड़) के ज़रिए श्रद्धा इस क्लब की सदस्य बन चुकी हैं। स्त्री ने इन दोनों फ़िल्मों को पीछे छोड़ दिया है और श्रद्धा की अब तक की सबसे कामयाब फ़िल्म बन गयी है। अगर पिछले कुछ सालों में आयीं श्रद्धा की ऐसी फ़िल्में देखें, जिनमें उन्होंने मुख्य किरदार निभाया है तो उनमें स्त्री बेस्ट है।

हसीना पारकर- ₹6.85 करोड़- फ्लॉप

हाफ़ गर्लफ्रेंड- ₹6.28 करोड़- फ़ायदे में

ओके जानू- ₹23.05 करोड़- फ्लॉप

रॉक ऑन 2- ₹11.50 करोड़- फ्लॉप

बाग़ी- ₹76 करोड़- हिट

श्रद्धा की 'बत्ती गुल मीटर चालू' रिलीज़ हो चुकी है, जिसने पहले हफ़्ते में ₹34.43 करोड़ का कलेक्शन किया है। फ़िल्म में शाहिद कपूर लीड रोल में हैं। हालांकि ट्रेड जानकारों के मुताबिक़ 'बत्ती गुल...' फ्लॉप हो सकती है।

क्या सिखाती है यह 'स्त्री'

अमर कौशिक निर्देशित 'स्त्री' जैसी फ़िल्में हॉलीडे रिलीज़ पर निर्भरता को ख़त्म करके फ़िल्मकारों को कंटेंट का रास्ता दिखाती हैं। यह फ़िल्में बताती हैं कि अगर फ़िल्म की कहानी, विषयवस्तु और निर्देशन में कसाव होगा तो कोई वजह नहीं कि दर्शक सिनेमाघर में फ़िल्म देखने ना पहुंचे। 'स्त्री' इस साल की उन फ़िल्मों में शामिल हो गयी है, जो नॉन हॉलीडे पर रिलीज़ हुई हैं और 100 करोड़ से अधिक कमाई की है। इनमें अभी तक 'सोनू के टीटू की स्वीटी', 'संजू' और 'राज़ी' शामिल हैं, जो किसी नॉन हॉलीडे पर रिलीज़ हुईं। संजू ने ₹341 करोड़ का कलेक्शन किया, तो 'राज़ी' और 'सोनू के टीटू की स्वीटी' ₹100 करोड़ के पार रही हैं। 2017 में आयी 'बाहुबली 2- द कंक्लूज़न' भी नॉन हॉलीडे (29 अप्रैल) पर आयी थी और ₹511 करोड़ का कलेक्शन किया था।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.