Pagalpanti Box Office Collection Day 6: जानिए कहां तक पहुंचीं बाला, मरजावां और पागलपंती
Pagalpanti Box Office Collection Day 6 शुक्रवार को कमांडो 3 होटल मुंबई और यह साली आशिक़ी समेत 6 फ़िल्में रिलीज़ हो रही हैं। नई रिलीज़ फ़िल्मों की भीड़ में मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। जॉन अब्राहम की फ़िल्म पागलपंती की बॉक्स ऑफ़िस पर रफ़्तार ओपनिंग वीकेंड के बाद धीमी पड़ गयी है। रिलीज़ के 6 दिनों में फ़िल्म 26 करोड़ के आस-पास ही जमा कर सकी है।
बॉलवुड हंगामा बेवसाइट के अनुसार, 22 नवंबर (शुक्रवार) को रिलीज़ हुई पागलपंती ने 4.75 करोड़ की ओपनिंग ली थी। दूसरे दिन शनिवार को फ़िल्म ने 6.50 करोड़ का कलेक्शन किया और तीसरे दिन यानि रविवार को पागलपंती ने 8.25 करोड़ जमा कर लिये। ओपनिंग वीकेंड में फ़िल्म ने 19.50 करोड़ जुटा लिये, मगर इसके बाद वर्किंग वीकेंड में फ़िल्म के कलेक्शंस गिरने लगे। सोमवार को पागलपंती ने 2.50 करोड़ का कलेक्शन किया, जबकि मंगलवार और बुधवार को फ़िल्म 2.30 करोड़ और 2.05 करोड़ ही जुटा सकी। अब 6 दिनों में फ़िल्म के कलेक्शंस 26.35 करोड़ हो चुके हैं।
अनीस बज़्मी निर्देशित पागलपंती कॉमेडी फ़िल्म है, जिसमें जॉन अब्राहम, अनिल कपूर, सौरभ शुक्ला, अरशद वारसी, पुल्कित सम्राट, इलियाना डिक्रूज़, कृति खरबंदा और उर्वशी रौतेला मुख्य भूमिकाओं में शामिल हैं। जॉन की इस साल यह तीसरी रिलीज़ है। इससे पहले रोमियो अकबर वॉल्टर और बाटला हाउस रिलीज़ हुई थीं। रोमियो अकबर वॉल्टर औसत रही, जबकि बाटला हाउस हिट रही थी।
कल शुक्रवार को कमांडो 3, होटल मुंबई और यह साली आशिक़ी समेत 6 फ़िल्में रिलीज़ हो रही हैं। नई रिलीज़ फ़िल्मों की भीड़ में पागलपंती की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
उधर, पागलपंती से एक हफ़्ता पहले 15 नवंबर को रिलीज़ हुई मरजावां ने 13 दिनों में 45.47 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है। मिलाप ज़वेरी निर्देशित फ़िल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा, रितेश देशमुख, रकुल प्रीत और तारा सुतारिया ने मुख्य किरदार निभाये थे। वहीं, 8 नवंबर को रिलीज़ हुई बाला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 19 दिनों में 108.07 करोड़ जमा किये हैं।
आयुष्मान खुराना, यामी गौतम और भूमि पेडनेकर अभिनीत फ़िल्म को अमर कौशिक ने डायरेक्ट किया है। आयुष्मान खुराना की यह इस साल दूसरी 100 करोड़ फ़िल्म है। इससे पहले उनकी ड्रीम गर्ल ने भी 100 करोड़ क्लब में एंट्री ली थी।