Pagalpanti Box Office Collection Day 3: ओपनिंग वीकेंड में पागलपंती ने की ठीकठाक कमाई, बाला के कलेक्शंस में भी उछाल
Pagalpanti Box Office Collection Day 3 जॉन की इस साल यह तीसरी फ़िल्म है। अप्रैल में स्पाई फ़िल्म रोमियो अकबर वॉल्टर आयी थी। 15 अगस्त पर बाटला हाउस रिलीज़ हुई थी।
नई दिल्ली, जेएनएन। अनीस बज़्मी की फ़िल्म पागलपंती के कलेक्शंस ने बॉक्स ऑफ़िस पर धीमी शुरुआत की, मगर शनिवार और रविवार को कलेक्शंस में उछाल आया, जिसके चलते ओपनिंग वीकेंड में फ़िल्म ने ठीकठाक रकम जुटा ली।
22 नवंबर को रिलीज़ हुई फ़िल्म ने महज़ 4.75 करोड़ पहले दिन जमा किये थे, जो पूर्वानुमानों के मुक़ाबले काफ़ी कम रहा। ट्रेड विश्लेषकों को अनुमान था कि फ़िल्म 8-10 करोड़ की ओपनिंग ले सकती है। हालांकि शनिवार को फ़िल्म के कलेक्शंस कुछ बढ़े और 6.50 करोड़ जमा कर लिये। रविवार को यह बढ़त जारी रही और पागलपंती 8.25 करोड़ रुपये जुटाने में कामयाब रही।
बॉलीवुड हंगामा वेबसाइट के अनुसार, ओपनिंग वीकेंड में पागलपंती ने 19.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है। हालांकि ट्रेड जानकार फ़िल्म की स्टार पॉवर को देखते हुए इस आंकड़े को काम मान रहे हैं। फ़िल्म में जॉन अब्राहम, अरशद वारसी, पुल्कित सम्राट, अनिल कपूर, सौरभ शुक्ला, इलियाना डिक्रूज़ और कृति खरबंदा जैसे सितारों ने लीड रोल निभाये हैं।
जॉन की इस साल यह तीसरी फ़िल्म है। अप्रैल में स्पाई फ़िल्म 'रोमियो अकबर वॉल्टर' आयी थी, जिसने 22.70 करोड़ का ओपनिंग वीकेंड किया था। 15 अगस्त पर 'बाटला हाउस' रिलीज़ हुई थी, जिसने 47.99 करोड़ ओपनिंग वीकेंड में बटोरे थे। ज़ाहिर है कि 'पागलपंती' का ओपनिंग वीकेंड दोनों ही फ़िल्मों से हल्का रहा। 'पागलपंती' को क्रिटिक्स की मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी।
बाला के कलेक्शंस भी बढ़े
आयुष्मान खुराना की बाला का यह तीसरा वीकेंड था। तीसरे वीकेंड में फ़िल्म के कलेक्शंस में ठीकठाक उछाल आया। फ़िल्म ने शुक्रवार को 1.35 करोड़, शनिवार को 2.50 करोड़ और रविवार को 3.22 करोड़ का कलेक्शन किया था। इसके साथ ही बाला का 17 दिनों का कलेक्शन 105.87 करोड़ हो गया है। तीसरे वीकेंड में बाला के कलेक्शंस में जंप बता रही है कि फ़िल्म अभी थमने वाली नहीं है।
#Bala - playing at limited screens/shows - gathers momentum again, on [third] Sun... [Week 3] Fri 1.35 cr, Sat 2.50 cr, Sun 3.22 cr. Total: ₹ 105.87 cr. #India biz.— taran adarsh (@taran_adarsh) November 25, 2019