Malang Box Office Collection Prediction: 'तानाजी' के रहते पहले दिन कितना कमा पाएगी 'मलंग'?
Malang Box Office Collection Prediction मोहित-आदित्य इससे पहले आशिक़ी 2 जैसी सफल फ़िल्म दे चुके हैं जिसके चलते माना जा रहा है कि मलंग ठीकठाक ओपनिंग लेगी।
नई दिल्ली, जेएनएन। फरवरी के पहले शुक्रवार को सिनेमाघरों में 7 छोटी-बड़ी फ़िल्में पहुंचेंगी, जिनमें से 3 फ़िल्मों की चर्चा करना ज़रूरी है। यह फ़िल्में हैं मलंग, हैक्ड और शिकारा।
पहले बात मलंग की, जिसे मोहित सूरी ने डायरेक्ट किया है। मोहित इंटेंस लव स्टोरीज़ बनाने के लिए जाने जाते हैं, जिनमें ड्रामा, इमोशन और रोमांस की हैवी डोज़़ होती है। मलंग भी उसी लाइन पर है, बस फ़िल्म में एक्शन और जुड़ गया है। मुख्य स्टार कास्ट में आदित्य रॉय कपूर, दिशा पाटनी, अनिल कपूर और कुणाल खेमू शामिल हैं। मलंग के ट्रेलर से लग रहा है कि कहानी के सभी मुख्य पात्र ग्रे शेड लिये हुए हैं। ट्रेलर काफ़ी पसंद किया गया है।
मोहित-आदित्य इससे पहले आशिक़ी 2 जैसी सफल फ़िल्म दे चुके हैं, जिसके चलते माना जा रहा है कि मलंग ठीकठाक ओपनिंग लेगी। ट्रेड मैगज़ीन सुपर सिनेमा के पूर्वानुमान के मुताबिक, मलंग 8-9 करोड़ की कमाई पहले दिन कर सकती है। हालांकि कुछ ट्रेड जानकारों का मानना है कि पहले दिन फ़िल्म के कलेक्शंस 5-8 करोड़ के बीच रहेंगे।
बात करें शिकारा की तो यह एक संवेदनशील फ़िल्म है, जो कश्मीरी पंडितों के पलायन जैसे मुद्दे पर बनायी गयी है। विधु विनोद चोपड़ा के निर्देशन में बनी इस फ़िल्म की मुख्य स्टार कास्ट बिल्कुल नई है। सादिया और आदिल ख़ान ने मुख्य भूमिकाएं निभायी हैं। ऐसे में दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचना फ़िल्म के लिए ज़रा मुश्किल हो सकता है। ख़ासकर, छोटे शहरों में शिकारा को ज़्यादा दर्शक नहीं मिलेंगे। ट्रेड का अनुमान है कि फ़िल्म पहले दिन 50 लाख से एक करोड़ के बीच कमाई कर सकती है।
तीसरी फ़िल्म हैक्ड का निर्देशन विक्रम भट्ट ने किया है। इस थ्रिलर फ़िल्म से टीवी एक्ट्रेस हिना ख़ान बॉलीवुड डेब्यू कर रही हैं। हाल ही में फ़िल्म के प्रमोशन के लिए वो बिग बॉस 13 में भी गयी थीं। हैक्ड की स्टार कास्ट में सबसे बड़ा नाम हिना ही हैं। वैसे रोहन शाह, मोहित मल्होत्रा और सिड मक्कड़ भी फ़िल्म का हिस्सा हैं।
हैक्ड को लेकर ट्रेड का पूर्वानुमान है कि फ़िल्म 25-50 लाख रुपये के बीच कमाई पहले दिन कर सकती है। इन सभी फ़िल्मों के अलावा अजय देवगन की तानाजी- द अनसंग वॉरियर, छपाक, पंगा, स्ट्रीट डांसर 3डी और जवानी जानेमन भी अभी सिनेमाघरों में हैं, जिनसे चुनौती मिलने की पूरी सम्भावना है।