ईद के दिन Box Office पर 'सत्यमेव जयते' की गूंज, आठवें दिन फ़िल्म ने कमा लिए इतने करोड़
ट्रेड जानकारों का मानना है कि जॉन की फ़िल्म लागत के हिसाब से सेफ़ ज़ोन में पहुंच चुकी है। केरल में आई बाढ़ की वजह से वो फ़िल्म की कामयाबी का जश्न नहीं मनाएंगे।
मुंबई। सोमवार की मंदी के बाद मंगलवार को भी 'सत्यमेव जयते' के कलेक्शंस में ख़ास इजाफ़ा नहीं हुआ, मगर बुधवार को ईद के त्योहार ने रौनक़ लौटा दी, जिसकी वजह से फ़िल्म के कलेक्शंस में लगभग 80 फीसदी का उछाल आया और रिलीज़ के आठ दिनों में घरेलू बॉक्स ऑफ़िस पर बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन 70 करोड़ को पार कर गया।
ट्रेड ख़बरों के अनुसार 'सत्यमेव जयते' ने बुधवार को ईद की छुट्टी में 6.67 करोड़ का कलेक्शन किया है। फ़िल्म की रिलीज़ का यह आठवां दिन था। इस राशि के साथ 'सत्यमेव जयते' का नेट कलेक्शन 71.04 करोड़ हो गया है। बताते चलें कि रिलीज़ के सातवें दिन यानि मंगलवार को फ़िल्म ने 3.70 करोड़ ही जमा किये थे। ज़ाहिर है कि ईद की छुट्टी का फ़िल्म को ज़बर्दस्त फ़ायदा मिला है और कलेक्शंस में 80 फीसदी के अधिक ग्रोथ दर्ज़ की गयी।
15 अगस्त को सिनेमाघरों में पहुंची फ़िल्म ने शानदार ओपनिंग लेते हुए 20.52 करोड़ का कलेक्शन पहले दिन किया था। बुधवार को रिलीज़ होने की वजह से फ़िल्म को 5 दिन का ओपनिंग वीकेंड मिला, जिसमें फ़िल्म ने 56.91 करोड़ जमा कर लिये। मगर, कामकाजी दिन आते ही फ़िल्म की रफ़्तार धीमी हो गयी और पहले सोमवार को फ़िल्म ने बॉक्स ऑफ़िस पर 3.76 करोड़ जमा किये थे। मिलाप ज़वेरी निर्देशित सत्यमेव जयते में मनोज बाजपेयी ने पैरेलल लीड रोल निभाया है, जबकि आएशा शर्मा फ़ीमेल लीड रोल में हैं। आएशा ने इस फ़िल्म से बॉलीवुड में डेब्यू किया है। वो एक्ट्रेस नेहा शर्मा की बहन हैं।
जॉन की इस साल यह दूसरी रिलीज़ है। इससे पहले वो परमाणु- द स्टोरी ऑफ़ पोखरण लेकर आये थे, जो देश के दूसरे नाभिकीय परीक्षण पर आधारित फ़िल्म थी। 65.36 करोड़ जमा करके यह फ़िल्म भी बॉक्स ऑफ़िस पर हिट रही थी। उम्मीद है कि सत्यमेव जयते परमाणु के लाइफ़ टाइम कलेक्शन को इसी हफ़्ते में पार कर जाएगी। इस हफ़्ते 24 अगस्त को दो फ़िल्में आ रही हैं, हैप्पी भाग जाएगी और जीनियस। इन दोनों फ़िल्मों की रिलीज़ का असर सत्यमेव जयते के कलेक्शंस पर पड़ सकता है।
हालांकि ट्रेड जानकारों का मानना है कि जॉन की फ़िल्म लागत के हिसाब से सेफ़ ज़ोन में पहुंच चुकी है। वैसे जॉन कह चुके हैं कि केरल में आई बाढ़ की वजह से वो फ़िल्म की कामयाबी का जश्न नहीं मनाएंगे। करेल में उनके कई परिवार वाले रहते हैं। वो सुरक्षित हैं, मगर बाक़ी कई लोग बर्बाद हो चुके हैं। जॉन ने केरल के लोगों की मदद के लिए डोनेशन भी किया है।