Box Office: जॉन अब्राहम की 'सत्यमेव जयते' की रफ़्तार धीमी, फिर भी इतने करोड़ की कमाई
जॉन की इस साल यह दूसरी फ़िल्म है। इससे पहले रिलीज़ हुई परमाणु- द स्टोरी ऑफ़ पोखरण ने भी बॉक्स ऑफ़िस पर 65.36 करोड़ जमा किये थे और हिट रही थी।
मुंबई। 'सत्यमेव जयते' के साथ जॉन अब्राहम ने बॉक्स ऑफ़िस पर एक ऐसा रिकॉर्ड बना दिया है, जिसे तोड़ना आसान नहीं होगा। अगर कोई एक्टर जॉन का बनाया यह रिकॉर्ड ब्रेक करना चाहता है तो उसे A सर्टिफिकेट की ज़रूरत होगी, क्योंकि जॉन की 'सत्यमेव जयते' सबसे ज़्यादा बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन करने वाली एडल्ट फ़िल्म बन गयी है।
15 अगस्त को रिलीज़ हुई 'सत्यमेव जयते' 2 सितम्बर को रिलीज़ के 19 दिन पूरे कर लिये है और अब तक लगभग 90.21 करोड़ का कलेक्शन कर चुकी है। तीसरे रविवार (2 अगस्त) सत्यमेव जयते ने 46 लाख बटोरे थे। रिलीज़ के वक़्त भी निर्माताओं ने दावा किया था कि सीबीएफसी की ए रेटिंग के बावजूद 20.52 करोड़ की ओपनिंग आज तक किसी फ़िल्म ने नहीं ली है। मिलाप ज़वेरी निर्देशित सत्यमेव जयते एक मसाला एंटरटेनर है, जिसमें जॉन के साथ मनोज बाजपेयी ने पैरेलल लीड रोल निभाया है, जो पुलिस अफ़सर का है। एक्ट्रेस नेहा शर्मा की बहन आएशा शर्मा ने इस फ़िल्म से डेब्यू किया है।
जॉन की इस साल यह दूसरी फ़िल्म है। इससे पहले रिलीज़ हुई परमाणु- द स्टोरी ऑफ़ पोखरण ने भी बॉक्स ऑफ़िस पर 65.36 करोड़ जमा किये थे और हिट रही थी। आम तौर पर फ़िल्ममेकर्स ए सर्टिफिकेट लेने से बचते रहे हैं। इस रेटिंग की वजह से फ़िल्म के सैेटेलाइट राइट्स बेचने में तो दिक्कत होती ही है, साथ ही सिनेमाघरों में भी दर्शकों की गिनती अपेक्षाकृत कम रहती है, क्योंकि फ़ैमिली ऑडिएंस फ़िल्म को नहीं मिल पाती। मगर, पिछले कुछ सालों में आयी फ़िल्मों की बात करें तो A सर्टिफिकेट के बावजूद कुछ फ़िल्मों ने अच्छा कारोबार किया।
- इसी साल पहली जून को रिलीज़ हुई शशांक घोष निर्देशित वीरे दी वेडिंग इसकी मिसाल है, जिसने 80.23 करोड़ का कलेक्शन किया और हिट रही। फ़िल्म की बोल्ड लैंग्वेज और दृश्यों की एक वर्ग ने आलोचना भी की, मगर तमाम आलोचनाएं दर्शकों को सिनेमाघरों में जाने से नहीं रोक सकीं। इस फ़िल्म में करीना कपूर ख़ान, सोनम कपूर, स्वरा भास्कर, शिखा तलसानिया और सुमित व्यास मुख्य किरदारों में नज़र आये थे।
- हेट स्टोरी इरोटिक थ्रिलर फ्रेंचाइजी है, जिसकी सभी फ़िल्मों को ए रेटिंग दी जाती है, मगर फिर भी यह फ़िल्में बॉक्स ऑफ़िस पर अच्छा चलती रही हैं। इसी साल आयी हेट स्टोरी 4 ने 20.04 करोड़ का कलेक्शन किया था और औसत रही, मगर इससे पहले आयी हेट स्टोरी 3 हिट रही थी, जिसने 53.50 करोड़ जमा किये थे।
- अलंकृता श्रीवास्तव निर्देशित लिपस्टिक अंडर माय बुर्का तमाम विवादों में फंसी रही और जब ए सर्टिफिकेट के साथ रिलीज़ हुई तो इसने 18 करोड़ जमा कर लिये और हिट घोषित की गयी। शाहिद कपूर और आलिया भट्ट की उड़ता पंजाब ए सर्टिफिकेट के बावजूद 59.60 करोड़ जमा करके औसत से ऊपर रही थी।
- वरुण धवन की बदलापुर को भाषा और हिंसा की वजह से ए सर्टिफिकेट दिया गया था, फिर भी इसने 53 करोड़ जमा करके हिट का दर्ज़ा पाया। अनुष्का शर्मा की पहली होम प्रोडक्शन फ़िल्म एनएच10 को भी एडल्ट प्रमाण पत्र के साथ रिलीज़ करने की अनुमति मिली थी, मगर 32 करोड़ जमा करके यह भी हिट रही।
- सनी लियोनी अभिनीत रागिनी एमएमएस 2 भी ए रेटिंग के साथ रिलीज़ हुई, जिसने 47 करोड़ का कलेक्शन किया और सुपर हिट घोषित की गयी। अब इंतज़ार इस बात का है कि सत्यमेव जयते 100 करोड़ का कलेक्शन करने वाली पहली एडल्ट फ़िल्म बन पाती है या नहीं?