Box Office: 'सत्यमेव जयते' पर छठे दिन Monday की मंदी, कमाई सिर्फ़ इतने करोड़
इस हफ़्ते 24 अगस्त को दो फ़िल्में आ रही हैं, हैप्पी भाग जाएगी और जीनियस। इन दोनों फ़िल्मों की रिलीज़ का असर सत्यमेव जयते के कलेक्शंस पर पड़ सकता है।
मुंबई। ओपनिंग वीकेंड के बाद जॉन अब्राहम की सत्यमेव जयते की रफ्तार काफ़ी धीमी हो गयी है। पहले सोमवार को फ़िल्म ने बॉक्स ऑफ़िस पर 4 करोड़ से भी कम कलेक्शन किया है।
वीकेंड के बाद पहले सोमवार का दिन किसी भी फ़िल्म के लिटमस टेस्ट माना जाता है। इस मंडे टेस्ट में सत्यमेव जयते अधिक नंबर नहीं ला सकी। ट्रेड जानकारों के अनुसार, पहले सोमवार यीनि रिलीज़ के छठे दिन फ़िल्म ने सिर्फ़ 3.76 करोड़ का कलेक्शन किया है। इसके साथ सत्यमेव जयते का 6 दिनों का बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन 60.67 करोड़ हो गया है। बताते चलें कि सत्यमेव जयते 15 अगस्त के मौक़े पर रिलीज़ हुई थी और शानदार ओपनिंग लेते हुए 20.52 करोड़ का कलेक्शन पहले दिन किया था।
बुधवार को रिलीज़ होने की वजह से फ़िल्म को 5 दिन का ओपनिंग वीकेंड मिला, जिसमें फ़िल्म ने 56.91 करोड़ जमा कर लिये। मिलाप ज़वेरी निर्देशित सत्यमेव जयते में मनोज बाजपेयी ने पैरेलल लीड रोल निभाया है, जबकि आएशा शर्मा फ़ीमेल लीड रोल में हैं। आएशा ने इस फ़िल्म से बॉलीवुड में डेब्यू किया है। वो एक्ट्रेस नेहा शर्मा की बहन हैं। जॉन की इस साल यह दूसरी रिलीज़ है। इससे पहले वो परमाणु- द स्टोरी ऑफ़ पोखरण लेकर आये थे, जो देश के दूसरे नाभिकीय परीक्षण पर आधारित फ़िल्म थी। 65.36 करोड़ जमा करके यह फ़िल्म भी बॉक्स ऑफ़िस पर हिट रही थी। उम्मीद है कि सत्यमेव जयते परमाणु के लाइफ़ टाइम कलेक्शन को इसी हफ़्ते में पार कर जाएगी।
इस हफ़्ते 24 अगस्त को दो फ़िल्में आ रही हैं, हैप्पी भाग जाएगी और जीनियस। इन दोनों फ़िल्मों की रिलीज़ का असर सत्यमेव जयते के कलेक्शंस पर पड़ सकता है। हालांकि ट्रेड जानकारों का मानना है कि जॉन की फ़िल्म लागत के हिसाब से सेफ़ ज़ोन में पहुंच चुकी है।
वैसे जॉन कह चुके हैं कि केरल में आई बाढ़ की वजह से वो फ़िल्म की कामयाबी का जश्न नहीं मनाएंगे। करेल में उनके कई परिवार वाले रहते हैं। वो सुरक्षित हैं, मगर बाक़ी कई लोग बर्बाद हो चुके हैं। जॉन ने केरल के लोगों की मदद के लिए डोनेशन भी किया है।