Box Office: जॉन अब्राहम की सत्यमेव जयते ने पहले वीकेंड में की इतनी सॉलिड कमाई
पहले वीकेंड में फिल्म सत्यमेव जयते ने 28 करोड़ 47 लाख रूपये का कलेक्शन किया है।
मुंबई। जॉन अब्राहम को बड़े परदे पर एक्शन का मास्टर माना जाता है। हार्डकोर एक्शन, मोटरसाईकिल से लेकर गाड़ी उठा लेने, टायर फाड़ने और दरवाजा तोड़ने जैसे स्टंट्स को अक्सर दिखाते हैं और पब्लिक से तालियां भी बजवाते हैं। अपनी फिल्म सत्यमेव जयते के जरिये उन्होंने अपना रूतबा कायम रखा है और पांच दिनों में कमाई 56 करोड़ के पार पहुंचा दी है।
मिलाप मिलान ज़वेरी के निर्देशन में भ्रष्टाचार मिटाने की कहानी पर बनी जॉन अब्राहम और मनोज बाजपेई की फिल्म सत्यमेव जयते ने अपनी रिलीज़ के पांचवे दिन यानि रविवार को 10 करोड़ 26 लाख रूपये का कलेक्शन किया है। फिल्म को अब तक 56 करोड़ 91 लाख रूपये की कमाई हो चुकी है। अगले हफ़्ते जीनियस और हैप्पी फिर भाग जायेगी की रिलीज़ है और जिस तरह से सत्यमेव जयते का ट्रेंड रहा है ये इस हफ़्ते में फिल्म को 75 करोड़ के पार पहुंच जाना चाहिए। जॉन की ये फिल्म 100 करोड़ के क्लब में शामिल ही सकती है बशर्ते उसे दूसरे वीकेंड में अच्छा प्रदर्शन दिखाना होगा।
जॉन- मनोज की इस फिल्म के साथ भी गोल्ड जैसा ही गणित है क्योंकि दोनों ही फिल्में 15 अगस्त को एक साथ रिलीज़ हुई थीं। पहले वीकेंड में फिल्म ने 28 करोड़ 47 लाख रूपये का कलेक्शन किया है।
शुक्रवार – 9 करोड़ 18 लाख रूपये
शनिवार – 9 करोड़ तीन लाख रूपये
रविवार – 10 करोड़ 26 लाख रूपये
गोल्ड की तरह सत्यमेव जयते को वीकेंड के आगे और पीछे एक साथ कलेक्शन का मौका नहीं मिला है। इस फिल्म ने 20 करोड़ 52 लाख रूपये से ओपनिंग ली थी और दूसरे दिन (गुरुवार) सात करोड़ 92 लाख रूपये की कमाई की। करीब 2000 स्क्रीन्स में रिलीज़ हुई और एडल्ट सर्टिफिकेट पाने के बाद भी सत्यमेव जयते का अब तक का प्रदर्शन सराहनीय कहा जा सकता है।
जॉन अब्राहम की इसी साल रिलीज़ हुई फिल्म परमाणु द स्टोरी ऑफ पोखरण को 65 करोड़ 89 लाख रूपये का लाइफ़ टाइम कलेक्शन मिला है।
दो साल पहले आई फ़ोर्स 2 ने 35 करोड़ 74 लाख रूपये का लाइफ़ टाइम कलेक्शन किया था
जॉन अब्राहम और मनोज बाजपेई की सत्यमेव जयते भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ अपनी तरह की जंग है। फिल्म में एक ईमानदार पुलिसवाले के दो बेटे हैं। एक बड़ा हो कर पुलिस ऑफिसर बनता है और दूसरा अपराधी, जिसका काम भ्रष्ट पुलिसवालों को ज़िंदा जला देना। दो भाइयों की इस जंग में भ्रष्टाचार को मिटाने के दो अलग अलग तरीके जस्टिफाई किये गए हैं। इस फिल्म से नेहा शर्मा की बहन आयशा ने अपना डेब्यू किया है । नोरा फतेही के आइटम नंबर को भी फिल्मी मसाला के तौर पर रखा गया है। सत्यमेव जयते की ओपनिंग जॉन अब्राहम के लिए भी एक नया रिकॉर्ड बना चुकी है। ये उनकी सबसे बड़ी ओपनिंग कलेक्शन वाली फिल्म है।
यह भी पढ़ें: Box Office: सत्यमेव जयते की चौथे दिन विजय, इतने करोड़ हुई कमाई