Jawaani Jaaneman Box Office Collection Day 4: सोमवार को 'तानाजी' से आगे नहीं निकल पायी सैफ़ की फ़िल्म, जानिए कमाई
Jawaani Jaaneman Box Office Collection Day 4 अगर कलेक्शंस में गिरावट देखें तो ओपनिंग डे के मुक़ाबले लगभग 37 फीसदी कलेक्शंस नीचे आये हैं। फ़िल्म को ज़्यादातर दर्शक महानगरों से ही मिल रहे हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। सैफ़ अली ख़ान, तब्बू और अलाया फर्नीचरवाला की फ़िल्म जवानी जानेमन ने रिलीज़ के चार दिनों में ठीकठाक कलेक्शन कर लिया है। ओपनिंग वीकेंड के बाद पहले सोमवार को फ़िल्म के कलेक्शंस में गिरावट आयी, मगर वो एक्सपेक्टेड लाइंस पर ही है।
फ़िल्म ने पहले सोमवार को 2.03 करोड़ का कलेक्शन किया है, जिसे मिलाकर जवानी जानेमन का चार दिनों का कलेक्शन अब 14.86 करोड़ हो गया है। अगर कलेक्शंस में गिरावट देखें तो ओपनिंग डे के मुक़ाबले लगभग 37 फीसदी कलेक्शंस नीचे आये हैं। फ़िल्म को ज़्यादातर दर्शक महानगरों से ही मिल रहे हैं। हालांकि तानाजी की चौथे सोमवार की कमाई जवानी जानेमन से अधिक रही।
जवानी जानेमन ने 3.24 करोड़ की कमाई पहले दिन की थी। वहीं, शनिवार को फ़िल्म के कलेक्शंस में बढ़ोत्तरी हुई और 4.55 करोड़ जमा किये थे। रविवार को रिलीज़ के तीसरे दिन भी जवानी जानेमन के कलेक्शंस बढ़े और 5.04 करोड़ जुटा लिये। इस तरह ओपनिंग वीकेंड में जवानी जानेमन ने 12.83 करोड़ का कलेक्शन किया। ट्रेड जानकारों को फ़िल्म से इतनी ही अपेक्षा थी।
#JawaaniJaaneman maintains decent hold on Day 4... Target audience [metros] key contributors... Needs to maintain at similar levels from Tue-Thu for a respectable Week 1 total... Fri 3.24 cr, Sat 4.55 cr, Sun 5.04 cr, Mon 2.03 cr. Total: ₹ 14.86 cr. #India biz.— taran adarsh (@taran_adarsh) February 4, 2020
जवानी जानेमन को नितिन कक्कड़ ने निर्देशित किया है। यह एक पिता और बेटी की कहानी है। सैफ़ ने एक रंगीन मिज़ा़ज और मस्तमौला पिता का किरदार निभाया है, जो अपनी ज़िंदगी की अय्याशियों में मस्त है, मगर उसकी ज़िंदगी में उस वक़्त भूचाल आता है, जब उसकी बेटी उसे ढूंढते हुए पहुंच जाती है। बेटी के रोल में अलाया फर्नीचरवाला हैं, जिन्होंने इस फ़िल्म से डेब्यू किया है। तब्बू ने सैफ़ अली की पत्नी का रोल प्ले किया है।
जवानी जानेमन के साथ रिलीज़ हुईं हिमेश रेशमिया की हैप्पी हार्डी एंड हीर और गुल मकई की स्थिति अच्छी नहीं है। दोनों फ़िल्में सम्मानजनक कलेक्शन नहीं कर सकी हैं। वहीं, इससे पहले आयीं पंगा और स्ट्रीट डांसर भी कुछ कमाल नहीं कर सकीं, जिसके चलते जवानी जानेमन को सही मायनों में सिर्फ़ तानाजी से टक्कर मिल रही है, जो बॉक्स ऑफ़िस पर डटी हुई है। तानाजी में अजय देवगन ने टाइटल रोल निभाया है, जबकि सैफ़ अली ख़ान उदय भान राठौड़ के किरदार में हैं, जो फ़िल्म में नेगेटिव किरदार है।