Box Office पर फरवरी 2019 जबरदस्त, पांच साल का पूरा हिसाब, नहीं टूटा रिकॉर्ड
लेकिन 2019 का फरवरी महीना पिछले साल के इसी महीने का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाया है। पिछले साल 2018 फरवरी में 12 फिल्में रिलीज़ हुई थीं जिनकी कुल कमाई 264 करोड़ से अधिक थी।
मुंबई। साल 2019 के पहले ही महीने में बॉलीवुड की फिल्मों में बॉक्स ऑफ़िस पर जो तहलका मचाया उसका रुतबा अभी कम भी नहीं हुआ था कि साल के दूसरे महीने फरवरी ने भी बॉक्स ऑफ़िस पर अपना दम दिखा दिया है। पिछले पांच वर्षों में फरवरी के महीने में सबसे अधिक कमाई करने के मामले में ये साल दूसरे नंबर पर आ गया है।
आप को याद हो कि साल के पहले महीने में कुल 21 फिल्मों ने सिनेमाघरों में दस्तक दी और उनकी कुल कमाई 274 करोड़ 93 लाख रूपये रही। इनमें विक्की कौशल की फिल्म उरी सर्जिकल स्ट्राइक ने रिकार्ड बनाया जो पूरे फरवरी महीने भर ख़ूब कमाई करती रही। लेकिन यहां हम फरवरी में रिलीज़ हुई फिल्मों की बात करेंगे।
28 दिन की फरवरी में 22 फरवरी तक 18 फिल्में रिलीज़ हुई हैं। इन सारी फिल्मों ने मिल कर 235 करोड़ 31 लाख रूपये का कलेक्शन किया है। अगर औसत निकालें तो प्रति फिल्म 13 करोड़ 7 लाख रूपये बैठता है। साल के पहले महीने में भी औसत इतना ही था। इस महीने की सबसे बड़ी फिल्म बन कर आई रणवीर सिंह और आलिया भट्ट की गली बॉय, जिसने अब तक 120 करोड़ 80 लाख रूपये का कलेक्शन कर लिया है और टोटल धमाल ने 81 करोड़ का।
यह भी पढ़ें: Box Office: जनवरी 2019 की कमाई का पूरा हिसाब पढ़िये, पांच साल में इतनी वसूली
लेकिन 2019 का फरवरी महीना पिछले साल के इसी महीने का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाया है। पिछले साल 2018 फरवरी में 12 फिल्में रिलीज़ हुई थीं, जिनकी कुल कमाई 264 करोड़ से अधिक थी। लेकिन प्रति फिल्म 22 करोड़ रूपये का बिज़नेस हुआ था। इसमें सबसे बड़ा योगदान कार्तिक आर्यन, नुसरत भरुचा और सनी सिंह स्टारर सोनू के टीटू की स्वीटी का था जिसने 108 करोड़ 95 लाख रूपये की कमाई की। अक्षय की पैड मैन ने 81 करोड़ 82 लाख रूपये जोड़े।
साल 2017 में फरवरी में 15 फिल्में रिलीज़ हुईं और कुल कमाई 166 करोड़ 83 लाख तक पहुंची लेकिन प्रति फिल्म का औसत 11 करोड़ 12 लाख रूपये ही रहा। अक्षय कुमार की जॉली एलएलबी 2 के 117 करोड़ रूपये के कलेक्शन को छोड़ दें तो कोई भी फिल्म 20 करोड़ रूपये से आगे नहीं बढ़ सकी l
साल 2016 में फरवरी के महीने में पिछले पांच साल में सबसे अधिक फिल्में रिलीज़ हुई थीं जिनकी संख्या 19 रही लेकिन कुल कमाई सिर्फ 209 करोड़ 42 लाख रूपये ही आई। प्रति फिल्म करीब 11 करोड़ रूपये का औसत रहा। बहादुर एयरहोस्टेस नीरजा भनोट की सच्ची कहानी पर बनी सोनम कपूर की नीरजा ने सबसे अधिक 75 करोड़ 61 लाख रूपये का कलेक्शन किया। सनी देओल की घायल वंस अगेन 35 करोड़ रूपये को पार कर गई।
वर्ष 2015 में बॉक्स ऑफ़िस ने फरवरी के महीने में 11 फिल्में देखीं। और कुल मिलकर 165 करोड़ 97 लाख रूपये की कमाई हुई। हर फिल्म का औसत करीब 15 करोड़ रूपये रहा। वरुण धवन की बदलापुर ने ग़जब का बिज़नेस किया था और बॉक्स ऑफ़िस से 50 करोड़ 7 लाख रूपये वसूले।
रणबीर कपूर, जैकलीन फर्नांडिस और अर्जुन रामपाल की रॉय फ्लॉप रही लेकिन फिल्म ने 44 करोड़ 52 लाख रूपये का लाइफ टाइम कलेक्शन कर लिया था।