Godzilla Vs King Box Office: बॉलीवुड फ़िल्मों पर भारी पड़ रही हॉलीवुड फ़िल्म, 6 दिनों में कमा डाले इतने करोड़
बॉक्स ऑफ़िस पर हॉलीवुड फ़िल्म गॉडजिला वर्सेज़ कॉन्ग का जलवा बरकरार है। फ़िल्म ने होली वाले वीकेंड में ज़बरदस्त कमाई की है जिसे बाद गॉडज़िला वर्सेज़ कॉन्ग के विस्तारित ओपनिंग वीकेंड में नेट बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन 30 करोड़ के पास पहुंच गया है।
नई दिल्ली, जेएनएन। कोविड-19 पैनडेमिक की वजह होली के रंग कुछ फीके रह गये हों, मगर बॉक्स ऑफ़िस पर हॉलीवुड फ़िल्म गॉडजिला वर्सेज़ कॉन्ग का जलवा बरकरार है। फ़िल्म ने होली वाले वीकेंड में ज़बरदस्त कमाई की। इसके बाद पहले सोमवार को होली के त्योहार पर भी फ़िल्म ने लगभग 4 करोड़ जमा कर लिये, जिसे मिलाकर रिलीज़ के 6 दिनों में गॉडज़िला वर्सेज़ कॉन्ग का नेट बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन 32 करोड़ के पार पहुंच गया है। गॉडज़िला वर्सेज़ कॉन्ग के सामने बॉलीवुड फ़िल्मों फिसड्डी साबित हुई हैं।
हॉलीवुड फ़िल्म भारत में 24 मार्च को अंग्रेज़ी के अलावा तमिल-तेलुगु और हिंदी भाषाओं में 1700 से अधिक स्क्रींस पर रिलीज़ हुई थी। फ़िल्म ने 6.40 करोड़ की धमाकेदार ओपनिंग ली थी। लॉकडाउन के बाद यह किसी भी फ़िल्म की सबसे बड़ी ओपनिंग रही। इसके बाद गुरुवार को 5.40 करोड़ और शुक्रवार को 4.22 करोड़ जमा किये। शनिवार को फ़िल्म के कलेक्शंस में एक बार फिर उछाल आया र 6.42 करोड़ बटोरे।
रविवार को होलिका दहन के दिन गॉडज़िला वर्सेज़ कॉन्ग ने 6.52 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया। सोमवार को होली का त्योहार मनाये जाने की वजह से कलेक्शंस कुछ कम हो गये, फिर भी फ़िल्म ने 3.94 करोड़ जुटा लिये। इसके साथ फ़िल्म का 6 दिनों का सभी भाषाओं का नेट बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन 32.90 करोड़ हो गया।
#GodzillaVsKong stays strong on the crucial Monday... A healthy trend because Monday was Day 6 in this case, not Day 4... Wed 6.40 cr, Thu 5.40 cr, Fri 4.22 cr, Sat 6.42 cr, Sun 6.52 cr, Mon 3.94 cr [#Holi]. Total: ₹ 32.90 cr NETT. #India biz. All versions. pic.twitter.com/yXtzt3H5i4— taran adarsh (@taran_adarsh) March 30, 2021
गॉडज़िला वर्सेज़ कॉन्ग की कमाई का बड़ा हिस्सा दक्षिण भारत से आ रहा है, जहां फ़िल्म अंग्रेज़ी के साथ तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज़ हुई है। महाराष्ट्र में कोविड-19 केसों की चिंताजनक स्थिति और प्रतिबंधों की वजह से मुंबई टेरीटरी में बिज़नेस बड़े पैमाने पर प्रभावित हुआ है। वहीं, उत्तर भारत के कुछ राज्यों में भी कविड-19 मामलों की तादाद में इजाफ़ा हो रहा है, जिसका प्रभाव फ़िल्म बिज़नेस पर भी नज़र आ रहा है।
बॉक्स ऑफ़िस पर बॉलीवुड फ़िल्मों का प्रदर्शन कमज़ोर
इस साल सिनेमाघरों में फ़िल्में रिलीज़ तो होने लगीं, मगर कोविड-19 के बढ़ते मामलों की वजह से उनके बॉक्स ऑफ़िस पर उनका प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा है। 11 मार्च को रिलीज़ हुई जाह्नवी कपूर, राजकुमार राव और वरुण शर्मा की फ़िल्म रूही ने दो हफ़्तों में लगभग 22 करोड़ का कलेक्शन किया। वहीं, 19 मार्च को आयी मुंबई सागा ने एक हफ़्ते में क़रीब 14 करोड़ जमा किये थे। वहीं, इसके साथ रिलीज़ हुई संदीप और पिंकी फ़रार एक करोड़ भी जमा नहीं कर सकी। 26 मार्च को सिनेमाघरों में आयी साइना की हालत भी अच्छी नहीं है।