Dream Girl Box Office Collection Day 18: सुपर हिट हो चुकी आयुष्मान खुराना की ड्रीम गर्ल ने कर ली इतनी कमाई
Dream Girl Box Office Collection Day 18 2 अक्टूबर से फ़िल्म के लिए आगे का रास्ता थोड़ा मुश्किल हो जाएगा क्योंकि रितिक रोशन और टाइगर श्रॉफ की वॉर रिलीज़ हो रही है।
नई दिल्ली, जेएनएन। Dream Girl Box Office Collection Day 18: आयुष्मान खुराना की फ़िल्म ड्रीम गर्ल ने बॉक्स ऑफ़िस पर कमाई का शानदार रिकॉर्ड बनाया है। फ़िल्म तीसरे हफ़्ते में चल रही हैं और अब तक 129 करोड़ का कलेक्शन कर चुकी है। आयुष्मान के करियर की यह दूसरा सबसे बड़ा बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन है। इससे पहले पिछले साल आई बधाई हो ने 136 करोड़ से अधिक जमा किये थे। इस कलेक्शन से ड्रीम गर्ल कुछ करोड़ ही दूर है।
तीसरे हफ़्ते में ड्रीम गर्ल ने शुक्रवार को 3.40 करोड़ का कलेक्शन किया था, जबकि शनिवार को 6.30 करोड़ और रविवार को 6.50 करोड़ कमा लिये। तीसरे सोमवार को फ़िल्म ने 2 करोड़ जमा किये। ड्रीम गर्ल पहले ही सुपर हिट घोषित की जा चुकी है। ड्रीम गर्ल का 13 सितम्बर को रिलीज़ हुई थी। फ़िल्म ने लगभग 10 करोड़ की ओपनिंग ली थी, जो आयुष्मान की सबसे बड़ी ओपनिंग है।
ट्रेड विश्लेषक तरण आदर्श के अनुसार, पहले हफ़्ते में ड्रीम गर्ल ने 72.20 का कलेक्शन किया था। वहीं, दूसरे हफ़्ते में 38.60 करोड़ बटोरे और तीसरे वीकेंड में 16.20 करोड़ जमा किये। ट्रेड जानकारों का दावा है कि ड्रीम गर्ल आयुष्मान खुराना की सबसे बड़ी सफलता बन सकती है। हालांकि 2 अक्टूबर से फ़िल्म के लिए आगे का रास्ता थोड़ा मुश्किल हो जाएगा, क्योंकि रितिक रोशन और टाइगर श्रॉफ की वॉर रिलीज़ हो रही है।
इस फ़िल्म को लेकर दर्शकों के बीच ज़बर्दस्त हाइप है और बेहतरीन ओपनिंग कलेक्शन की उम्मीद की जा रही है। ड्रीम गर्ल एक रोमांटिक कॉमेडी फ़िल्म है। राज शांडिल्य ने इसका निर्देशन किया है।
यह एक ऐसे युवक की कहानी है, जो रोज़गार के लिए कॉल सेंटर में काम करता है, मगर वहां उसे लड़की की आवाज़ में ग्राहकों से बात करनी पड़ती है। फ़िल्म में नुशरत भरूचा, अन्नू कपूर और मंजोत सिंह मुख्य किरदारों में शामिल हैं। 18 दिनों में अक्षय कुमार की एयरलिफ्ट (129 करोड़) की बराबरी कर चुकी ड्रीम गर्ल ने उनकी रुस्तम को पीछे छोड़ दिया है, जिसने 127.42 करोड़ का लाइफ़ टाइम कलेक्शन किया था।
#DreamGirl [Week 3] Fri 3.40 cr, Sat 6.30 cr, Sun 6.50 cr, Mon 2 cr. Total: ₹ 129 cr. #India biz.— taran adarsh (@taran_adarsh) October 1, 2019