Box Office: 'यमला पगला दीवाना फिर से'... एक हफ़्ते में इतने करोड़ कि बोलती बंद
देओल परिवार की बात करें तो एक साथ उनकी यह चौथी फ़िल्म है। 2007 में धर्मेंद्र पहली बार अपने दोनों बेटों सनी और बॉबी के साथ पर्दे पर आये थे।
मुंबई। देओल परिवार की पेशकश 'यमला पगला दीवाना फिर से' ने रिलीज़ के सातवें दिन लगभग 10 करोड़ का आंकड़ा छू लिया है। हालांकि बॉक्स ऑफ़िस पर फ़िल्म की हालत बेहद खस्ता है।
31 अगस्त को रिलीज़ हुई 'यमला पगला दीवाना फिर से' ने बॉक्स ऑफ़िस पर 6 सितम्बर को सात दिन पूरे कर लिये। सातवें दिन फ़िल्म को सिर्फ़ ₹55 लाख मिले, जिसके बाद इसका कलेक्शन ₹9.42 करोड़ हो गया है। फ़िल्म ने बेहद ख़राब ओपनिंग (₹1.82 करोड़) ली थी। पहले रविवार को आंकड़े कुछ बेहतर हुए और ₹2.70 करोड़ जमा किये। मगर पहले सोमवार को फ़िल्म के कलेक्शंस में काफ़ी गिरावट दर्ज़ की गयी। ग़ौर करने वाली बात यह भी है कि फ़िल्म कृष्ण जन्माष्टमी की छुट्टी का फ़ायदा भी नहीं उठा सकी। फ़िल्म ने पहले सोमवार को महज़ ₹1.25 करोड़ का कलेक्शन किया। इसके बाद फ़िल्म के कलेक्शन एक करोड़ तक भी नहीं पहुंच सके। मंगलवार को पांचवें दिन महज़ ₹70 लाख मिले और कलेक्शंस ₹8.27 करोड़ पर ही पहुंच सके। बुधवार को ₹60 लाख का ही कलेक्शन हुआ था।
पंजाब में नहीं मिल रहा प्यार
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि 'यमला पगला दीवाना फिर से' पंजाब में ख़राब प्रदर्शन कर रही है, जो देओल्स का गढ़ है और उनकी फ़िल्में बेहतर करती रही हैं। ईस्ट पंजाब टेरीटरी से फ़िल्म को महज़ ₹91 लाख मिले हैं, जबकि सबसे ज़्यादा रिवेन्यू मुंबई और दिल्ली-यूपी ने दिया है। मुंबई टेरीटरी से फ़िल्म को ₹1.72 करोड़, जबकि दिल्ली-यूपी से ₹1.73 करोड़ मिले हैं। फ़िल्म को इस प्रदर्शन को लेकर देओल परिवार की सीधी प्रतिक्रिया तो नहीं आयी है, मगर धर्मेंद्र ने एक ऐसा ट्वीट किया है, जिसमें हिम्मत ना हारने की सीख दी गयी है। इसके साथ धर्मेंद्र ने अपना एक पुराना फोटो शेयर किया है, जिसमें वो पैंथर के साथ नज़र आ रहे हैं।
सीरीज़ की सबसे कमज़ोर फ़िल्म
यमला पगला दीवाना फिर से में धर्मेंद्र, सनी देओल, बॉबी देओल और कृति खरबंदा ने लीड रोल्स निभाये हैं, वहीं सलमान ख़ान, रेखा, शत्रुघ्न सिन्हा और सोनाक्षी सिन्हा ने मेहमान भूमिकाएं निभायी हैं। सलमान ने तो यमला पहला दीवाना फिर से के प्रमोशंस में भी सहयोग किया है। मगर, तमाम ज़द्दोज़हद के बावजूद फ़िल्म का इतना कम ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन करना हैरान करता है। बताते चलें कि इस सीरीज़ की पहली फ़िल्म 2011 में आयी थी, जिसने ₹7.75 करोड़ की ओपनिंग ली थी। यह फ़िल्म ₹55 करोड़ का कलेक्शन करके हिट घोषित की गयी थी। 2013 में आये दूसरे भाग ने ₹7.10 करोड़ की ओपनिंग ली थी और ₹36.80 करोड़ का टोटल कलेक्शन किया था।
स्त्री ने कर दी देओल्स की हालत पतली
'यमला पगला दीवाना फिर से' को समीक्षकों का साथ भी नहीं मिला है। इसके साथ रिलीज़ हुई 'स्त्री' बॉक्स ऑफ़िस पर ज़बर्दस्त प्रदर्शन कर रही है और 7 दिनों में ₹60 करोड़ के आस-पास जमा कर चुकी है। ज़्यादातर ने फ़िल्म को अच्छी रेटिंग नहीं दी है। अगर देओल परिवार की बात करें तो एक साथ उनकी यह चौथी फ़िल्म है। 2007 में धर्मेंद्र पहली बार अपने दोनों बेटों सनी और बॉबी के साथ पर्दे पर आये थे। अनिल शर्मा के निर्देशन में बनी फ़िल्म का शीर्षक अपने था, जो बॉक्स ऑफ़िस पर कामयाब रही थी। इसके बाद इस कॉमेडी फ्रेंचाइजी में देओल्स साथ आये हैं। हालांकि सनी और बॉबी पिछले साल आयी पोस्टर बॉयज़ में साथ आ चुके हैं, जिससे एक्टर श्रेयस तलपड़े ने निर्देशकीय पारी शुरू की थी। इस फ़िल्म ने ₹7.25 करोड़ का ओपनिंग वीकेंड कर लिया था।