Chhichhore Worldwide Box Office Collection: सुशांत सिंह राजपूत की 'छिछोरे' ने जड़ी डबल सेंचुरी, कमाई 200 करोड़ के पार
Chhichhore Worldwide Box Office Collection 2 अक्टूबर से छिछोरे के सामने वॉर की चुनौती आ जाएगी जिसमें रितिक रोशन और टाइगर श्रॉफ ने मुख्य भूमिकाएं निभायी हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। सुशांत सिंह राजपूत की फ़िल्म छिछोरे ने घरेलू बॉक्स ऑफ़िस पर तो ज़बर्दस्त प्रदर्शन किया ही है, साथ ही ओवरसीज़ में भी काफ़ी पसंद की गयी है, जिसके चलते दुनियाभर में ग्रॉस कलेक्शन के मामले में 200 करोड़ का पड़ाव पार कर चुकी है।
6 सितम्बर को रिलीज़ हुई छिछोरे घरेलू बॉक्स ऑफ़िस पर 150 करोड़ का पड़ाव छूने वाली है। बॉलीवुड हंगामा वेबसाइट के अनुसार, फ़िल्म अभी तक 144.60 करोड़ नेट कलेक्शन कर चुकी है, जबकि 172.14 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन किया। वहीं, ओवरसीज़ मार्केट से फ़िल्म को 29.12 करोड़ मिल चुका है, जिसके साथ छिछोरे का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 201.26 करोड़ हो चुका है।
नितेश तिवारी निर्देशित फ़िल्म ने धीमी शुरुआत की थी, मगर माउथ पब्लिसिटी ने फ़िल्म गुज़रते दिनों के साथ मजबूत होती चली गयी। घरेलू बॉक्स ऑफ़िस पर छिछोरे ने पहले हफ़्ते में 68.83 करोड़ जमा किये, वहीं दूसरे हफ़्ते में छिछोरे ने 40.47 करोड़ का कलेक्शन किया। तीसरे हफ़्ते में फ़िल्म को 24.23 करोड़ मिले। फ़िल्म फ़िलहाल चौथे वीकेंड में है और 11.07 करोड़ का कलेक्शन किया।
छिछोरे ने पांच दिनों में ही 50 करोड़ का पड़ाव पार कर लिया था, जबकि 9 दिनों में फ़िल्म को 75 करोड़ मिल चुके थे। 100 करोड़ का पड़ाव पार करने में इसे 12 दिन लगे थे। अब फ़िल्म 150 करोड़ के कलेक्शन की तरफ़ बढ़ रही है। उम्मीद है कि चौथा हफ़्ता पूरा होते-होते फ़िल्म को यह पड़ाव भी हासिल हो जाएगा।
हालांकि 2 अक्टूबर से छिछोरे के सामने वॉर की चुनौती आ जाएगी, जिसमें रितिक रोशन और टाइगर श्रॉफ ने मुख्य भूमिकाएं निभायी हैं। इस फ़िल्म को लेकर काफ़ी हाइप है और माना जा रहा है कि ओपनिंग कलेक्शन का रिकॉर्ड तोड़ सकती है। हालांकि छिछोरे को ट्रेड सर्किट में पहले ही सुपर हिट माना जा रहा है।
फ़िल्म में श्रद्धा कपूर ने फीमेल लीड रोल निभाया है। छिछोरे कुछ दोस्तों की कहानी है, जो एक ख़ास मकसद के लिए कई साल बाद मिलते हैं।