Chhapaak Box Office Collection Day 5: दीपिका की छपाक के कलेक्शंस में मामूली उछाल, जानिए 5 दिनों की कमाई
Chhapaak Box Office Collection Day 5 छपाक की लागत लगभग 35 करोड़ है और विभिन्न राइट्स के ज़रिए फ़िल्म 23 करोड़ रुपये वसूल कर चुकी है।
नई दिल्ली, जेएनएन। दीपिका पादुकोण की फ़िल्म छपाक की रफ़्तार बॉक्स ऑफ़िस पर घट गयी है। हालांकि सोमवार के मुक़ाबले मंगलवार को कलेक्शंस में मामूली-सा उछाल आया। ट्रेड विश्लेषकों के मुताबिक मंगलवार को फ़िल्म ने 2.55 करोड़ जमा किये हैं, जबकि सोमवार को फ़िल्म के कलेक्शंस 2.35 करोड़ थे, यानि लगभग 20 लाख की बढ़ोत्तरी हुई है। छपाक की रफ़्तार कम है, मगर जानकार मान रहे हैं कि दीपिका के लिए यह फ़िल्म घाटे का सौदा नहीं रहेगी, क्योंकि फ़िल्म अपनी लागत का बड़ा हिस्सा पहले ही रिकवर कर चुकी है।
10 जनवरी को छपाक देशभर में 1700 स्क्रींस पर रिलीज़ की गयी थी। फ़िल्म ने 4.77 करोड़ की ओपनिंग ली थी। शनिवार और रविवार को फ़िल्म के कलेक्शंस में बढ़ोत्तरी हुई, जिसके चलते 6.90 करोड़ और 7.35 करोड़ का नेट कलेक्शन किया। पहले सोमवार को छपाक 2.35 करोड़ ही जुटा सकी। मंगलवार के कलेक्शंस मिलाकर छपाक ने 5 दिनों में लगभग 23.92 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है।
#Chhapaak gets the benefit of partial holiday [Day 5]... Will, again, stay steady today [Wed; 15 Jan] due to #MakarSankranti festivities [partial holiday]... Fri 4.77 cr, Sat 6.90 cr, Sun 7.35 cr, Mon 2.35 cr, Tue 2.55 cr. Total: ₹ 23.92 cr. #India biz.— taran adarsh (@taran_adarsh) January 15, 2020
बॉलीवुड हंगामा वेबसाइट के अनुसार, छपाक की लागत लगभग 35 करोड़ है और विभिन्न राइट्स के ज़रिए फ़िल्म 23 करोड़ रुपये वसूल कर चुकी है। म्यूज़िक राइट्स से 3 करोड़ आ चुके हैं। यानि ब्रेक ईवन के लिए बॉक्स ऑफ़िस यानि सिनेमाघरों में होने वाली टिकटों की बिक्री से फ़िल्म को सिर्फ़ 9 करोड़ और चाहिए, जो आसानी से मिल जाएगा। कुल मिलाकर अनुमान है कि छपाक दीपिका के लिए नुक़सान देकर नहीं जाएगी। दीपिका इस फ़िल्म की प्रोड्यूसर भी हैं।
मेघना गुलज़ार निर्देशित छपाक एसिड अटैक सरवायवर लक्ष्मी अग्रवाल की कहानी है, जिन पर 2005 में एसिड अटैक हुआ था। फ़िल्म में दीपिका ने लक्ष्मी पर आधारित किरदार मालती निभाया है। वहीं, विक्रांत मैसी भी अहम भूमिका में हैं।
रिलीज़ से पहले दीपिका पादुकोण की फ़िल्म तब विवादों में आ गयी थी, जब लक्ष्मी अग्रवाल की एडवोकेट अपर्णा भट्ट ने मेकर्स पर क्रेडिट ना देने का आरोप लगाते हुए अदालत की शरण ली थी, जिस पर पहले पटियाला कोर्ट और फिर दिल्ली हाई कोर्ट ने मेकर्स को अपर्णा को क्रेडिट देने का आदेश दिया था। इसके अलावा दीपिका पादुकोण के जेएनयू दौरे को लेकर भी फ़िल्म विरोध का शिकार हुई थी।