Bhool Bhulaiyaa 2 Box Office: 'अनेक' और 'टॉप गन मेवरिक' पर भारी पड़ी 'भूल भुलैया 2', शनिवार को 100 करोड़ के पार
Bhool Bhulaiyaa 2 Box Office सिनेमाघरों में इस वक्त भूल भुलैया 2 अनेक और हॉलीवुड फिल्म टॉप गन मेवरिक चल रही हैं। भूल भुलैया 2 इन दोनों फिल्मों से पहले रिलीज हुई थी और बेहतरीन बिजनेस कर रही है।
नई दिल्ली, जेएनएन। कार्तिक आर्यन और कियारा आडवाणी की फिल्म 'भूल भुलैया 2' बॉक्स ऑफिस पर अपना पूरा दम दिखा रही है। फिल्म ने दूसरे शनिवार को 100 करोड़ के पड़ाव को पार कर लिया है। इस फिल्म ने एक बार फिर कार्तिक के स्टारडम को साबित किया है और सोलो लीड एक्टर के तौर पर उनकी स्थिति को मजबूत किया है। आयुष्मान खुराना की स्थिति इससे बिल्कुल उलट है। बॉक्स ऑफिस के भरोसेमंद सितारे के तौर पर खुद को स्थापित करने वाले आयुष्मान की ताजा रिलीज अनेक की बॉक्स ऑफिस पर स्थिति अधिक अच्छी नहीं है।
भूल भुलैया साल की तीसरी सबसे सफल बॉलीवुड फिल्म
भूल भुलैया 2 ने शनिवार को रिलीज के 9 दिन पूरे किये और कलेक्शन किया लगभग 11.35 करोड़। शनिवार की कमाई जोड़कर भूल भुलैया 2 का 9 दिनों का नेट कलेक्शन लगभग 109.92 करोड़ हो गया है। शुक्रवार तक फिल्म ने 98.05 करोड़ का कलेक्शन कर लिया था। कार्तिक की फिल्म साल 2022 के पहले पांच महीनों में तीसरी सबसे कामयाब फिल्म बन चुकी है। इसके आगे द कश्मीर फाइल्स (250 करोड़) और गंगूबाई काठियावाड़ी (128 करोड़) ही हैं।
शनिवार को अनेक की कमाई
बॉक्स ऑफिस इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, आयुष्मान खुराना की फिल्म अनेक ने बॉक्स ऑफिस पर धीमी शुरुआत करते हुए लगभग 1.75 करोड़ का कलेक्शन किया था, मगर शनिवार को फिल्म ने 2 करोड़ का कलेक्शन किया है, जिसे मिलाकर फिल्म का दो दिनों का नेट कलेक्शन लगभग 3.75 करोड़ ही हो सका है। अनेक का निर्देशन अनुभव सिन्हा ने किया है और फिल्म में आयुष्मान ने एक अंडर कवर कॉप का किरदार निभाया है। फिल्म की कहानी नॉर्थ ईस्ट में दिखायी गयी है। अनुभव और आयुष्मान की पिछली फिल्म आर्टिकल 15 काफी सराही गयी थी और बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी। अनेक को समीक्षकों की मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली।
टॉप गन मेवरिक रही औसत
हॉलीवुड स्टार टॉम क्रूज की लेटेस्ट फिल्म टॉप गन मेवरिक ने शनिवार को लगभग 4.25 करोड़ का कलेक्शन बॉक्स ऑफिस पर किया है। इस फिल्म को भारत में उतने दर्शक नहीं मिले, जैसी उम्मीद थी। बुधवार को सिनेमाघरों में पहुंची फिल्म चार दिनों में लगभग 9 करोड़ का कलेक्शन कर चुकी है।