Bala Box Office Collection: 'मरजांवा' भी नहीं रोक पाई आयुष्मान के 'बाला' को, 100 करोड़ के क्लब में हो सकती है शामिल
Bala Box Office Collection फ़िल्म ने अबतक कुल 82.73 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है। फ़िल्म के लिए अगला टारगेट 100 करोड़ के आंकड़े को छूना होगा।
नई दिल्ली, जेएनएन। Bala Box Office Collection: पहले वीकेंड में शानदार कलेक्शन के बाद आयुष्मान खुराना, यामी गौतम और भूमि पेडनेकर स्टारर फ़िल्म 'बाला' ने एक बार फिर रफ़्तार पकड़ ली है। 'मरजांवा' के रिलीज़ के बाद भी फ़िल्म का कलेक्शन एक बार फिर बढ़ गया है। शुक्रवार 3.76 करोड़ का कलेक्शन करने वाली फ़िल्म ने शनिवार को 6.76 करोड़ का कलेक्शन किया। फ़िल्म ने अबतक कुल 82.73 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है। फ़िल्म के लिए अगला टारगेट 100 करोड़ के आंकड़े को छूना होगा।
फ़िल्म क्रिटिक तरण आदर्श के मुताबिक, 'बाला' फिलहाल मल्टीप्लेक्स में शानदार कमाई कर रही है। फ़िल्म जल्द ही 90 करोड़ का आंकड़ा पार सकती है। फ़िल्म दूसरे हफ्ते में ही 100 करोड़ के काफी करीब पहुंच चुकी है। तरण ने ट्वीट कर लिखा, ' फ़िल्म ने दूसरे शुक्रवार को 3.76 करोड़ और दूसरे शनिवार को 6.73 करोड़ की कमाई की। फ़िल्म ने अबतक कुल 82.73 करोड़ की कमाई कर ली है।'
#Bala jumps on [second] Sat... Multiplexes - its core audience - driving its biz... Should have another strong day today [Sun]... Will cruise past ₹ 90 cr mark, inching closer to ₹ 💯 cr... [Week 2] Fri 3.76 cr, Sat 6.73 cr. Total: ₹ 82.73 cr. #India biz.
— taran adarsh (@taran_adarsh) November 17, 2019
'बाला' के लिए 'मरजांवा' को टक्कर माना जा रहा था। हालांकि, इसका कुछ ख़ास असर नहीं देखने को मिला। 'बाला' जहां मल्टीप्लेक्स वाले दर्शकों को पसंद आ रही है, तो 'मरजांवा' सिंगल स्क्रीन पर अपना जलवा दिखा रही है। रविवार को फ़िल्म की कमाई और भी उछाल देखने को मिल सकता है। उम्मीद है कि फ़िल्म डबल डिजिट में कमाई कर ले।
बता दें कि फ़िल्म की शुरुआत काफी शानदार रही थी। फ़िल्म ने पहले शुक्रवार को 10.15 करोड़ की ओपनिंग ली, जो अब तक की आयुष्मान के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग है। फिल्म ने पहले वीकेंड में 43.95 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया। इसके बाद फ़िल्म ने पहले हफ्ते में 72 करोड़ से अधिक कलेक्शन कर लिया। गुरु नानक जयंती और छूट्टियों का पूरा फायदा फ़िल्म को मिला है। वहीं, फिलहाल कोई भी टक्कर वाली फ़िल्म थिएटर्स में नहीं है। हालांकि, अगले हफ्ते रिलीज़ हो रही 'पागलपंती' से जोरदार टक्कर मिलने की उम्मीद है।