Move to Jagran APP

'ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान' खस्ता हाल, फिर भी Box Office पर आमिर ने बना लिया यह अनोखा रिकॉर्ड

फ़िल्म ट्रेड में ओपनिंग वीकेंड काफ़ी अहम हो चला है। ओपनिंग वीकेंड की कमाई किसी फ़िल्म का भविष्य तय करती है। लिहाज़ा सभी की नज़रें इस पर टिकी रहती हैं।

By Manoj VashisthEdited By: Published: Mon, 12 Nov 2018 01:51 PM (IST)Updated: Sun, 18 Nov 2018 07:58 AM (IST)
'ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान' खस्ता हाल, फिर भी Box Office पर आमिर ने बना लिया यह अनोखा रिकॉर्ड
'ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान' खस्ता हाल, फिर भी Box Office पर आमिर ने बना लिया यह अनोखा रिकॉर्ड

मुंबई। आमिर ख़ान और अमिताभ बच्चन की अदाकारी से सजी 'ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान' को दर्शकों ने नकार दिया है। 8 नवंबर को रिलीज़ हुई फ़िल्म ने एक हफ़्ते में 140 करोड़ के आसपास ही जमा किया। फ़िल्म के स्केल और स्टार कास्ट को देखते हुए यह रकम बहुत कम है। 'ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान' का भविष्य चाहे जो हो, मगर ऐसी फ़िल्मों की लिस्ट में तो शामिल हो ही गयी है, जिन्होंने रिलीज़ के 3 दिनों के भीतर 100 करोड़ का आंकड़ा पार किया है। 

loksabha election banner

फ़िल्म ट्रेड में ओपनिंग वीकेंड काफ़ी अहम हो चला है। ओपनिंग वीकेंड की कमाई किसी फ़िल्म का भविष्य तय करती है। लिहाज़ा सभी की नज़रें इस पर टिकी रहती हैं। भारत में आम तौर पर शुक्रवार को फ़िल्में रिलीज़ करने का रिवाज़ है। शुक्रवार से रविवार तक का अंतराल ओपनिंग वीकेंड कहलाता है। यानि सामान्यत: ओपनिंग वीकेंड 3 दिन का होता है, मगर कई बार मेकर्स किसी ख़ास छुट्टी या त्योहार की वजह से फ़िल्मों को शुक्रवार के बजाए एक या दो दिन पहले भी रिलीज़ कर देते हैं, ताकि छुट्टी का फ़ायदा मिल जाए और इस तरह ओपनिंग वीकेंड कभी-कभी 4-5 दिन का हो जाता है, जिसे एक्सटेंडेड वीकेंड कहा जाता है।

इसका मतलब यह हुआ कि जब हम किसी फ़िल्म के ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन की बात करते हैं तो हम उसके 3-5 दिन के बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शंस का आंकलन कर रहे होते हैं, मगर इस लेख में हमने सिर्फ़ उन फ़िल्मों को लिया है, जिन्होंने रिलीज़ के 3 दिन में 100 करोड़ का आंकड़ा छुआ है, फिर उनका ओपनिंग वीकेंड चाहे जितना लंबा रहा हो।

हमने जब 3 दिनों के कलेक्शंस का विश्लेषण किया तो चौंकाने वाली जानकारी सामने आयी। तीन दिन में 100 करोड़ का कलेक्शन करने वाली सबसे ज़्यादा 3 फ़िल्में सलमान ख़ान की हैं, जबकि आमिर ख़ान की 3, शाह रुख़ ख़ान और रणबीर कपूर की सिर्फ़ एक-एक फ़िल्म है। तेलुगु फ़िल्म 'बाहुबली2' का हिंदी वर्ज़न भी इसमें शामिल है, जिसने तीन दिन में 100 करोड़ का आंकड़ा पार किया था। 'ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान’ ऐसा करने वाली ग्यारहवीं फ़िल्म है। इस लिस्ट में अभी भी बाहुबली2 टॉप पर है। 

आश्चर्यजनक रूप से रितिक रोशन, अक्षय कुमार और अजय देवगन की एक भी फ़िल्म ऐसी नहीं है, जिसने रिलीज़ के तीन दिनों में 100 करोड़ का जादुई आंकड़ा छुआ भी हो। चलिए अब विस्तार से जानते हैं कि कब-कब इन फ़िल्मों ने यह मुकाम हासिल किया। फ़िल्मों को 3 दिन के कलेक्शंस के घटते हुए क्रम में रखा गया है।

  • साल 2017 में रिलीज़ हुई 'बाहुबली2' ने दुनियाभर में गदर मचा दिया था। 28 अप्रैल को रिलीज़ हुए इस तेलुगु फ़िल्म के हिंदी वर्ज़न ने रिलीज़ के तीन दिनों में ₹128 करोड़ का कलेक्शन कर लिया था, जो आज भी एक रिकॉर्ड है। घरेलू बॉक्स ऑफ़िस पर 'बाहुबली2' ने 511.30 करोड़ जमा किये थे।
  • रणबीर कपूर की 'संजू' 29 जून को रिलीज़ हुई और 3 दिनों में इसने ₹120.06 करोड़ जमा किये हैं। फ़िल्म अभी तक 145.41 करोड़ कलेक्ट कर चुकी है। रिलीज़ के तीन दिन के भीतर 100 करोड़ का कलेक्शन करने वाली रणबीर की यह पहली फ़िल्म है। साथ ही इतना कलेक्शन करने वाली भी पहली हिंदी फ़िल्म है।
  • सलमान ख़ान की 'टाइगर ज़िंदा है' 22 दिसंबर 2017 को रिलीज़ हुई। फ़िल्म ने तीन दिनों में ₹114.93 करोड़ का कलेक्शन किया था। 'टाइगर ज़िंदा है' का कुल कलेक्शन 339.16 करोड़ रहा था।
  • शाह रुख़ ख़ान की 'हैप्पी न्यू ईयर' 24 अक्टूबर 2014 में रिलीज़ हुई थी और रिलीज़ के 3 दिनों में फ़िल्म ने ₹108.86 करोड़ का कलेक्शन किया था। फ़िल्म ने टोटल 205 करोड़ जमा किये।
  • 20 दिसंबर 2013 को आयी आमिर ख़ान की 'धूम 3' ने रिलीज़ के तीन दिनों में ₹107 करोड़ का कलेक्शन किया था। फ़िल्म ने 280.25 करोड़ का कुल कलेक्शन किया था।
  • 2016 में 23 दिसंबर को रिलीज़ हुई आमिर ख़ान की 'दंगल' ने ₹106.95 करोड़ का कलेक्शन रिलीज़ के 3 दिनों में किया। इस फ़िल्म ने 387.39 करोड़ का लाइफ़ टाइम कलेक्शन किया है, जो हिंदी सिनेमा के लिए रिकॉर्ड है।
  • 15 जून 2018 को रिलीज़ हुई 'रेस 3' ने तीन दिनों में ₹106.47 करोड़ का कलेक्शन किया। फ़िल्म 169 करोड़ जमा कर पायी है।
  • 6 जुलाई 2016 को रिलीज़ हुई 'सुल्तान' ने रिलीज़ के तीन दिनों में ₹105.53 करोड़ का कलेक्शन किया था। इसका टोटल कलेक्शन 300.45 करोड़ रहा।
  • 8 नवंबर को रिलीज़ हुई ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान ने 3 दिनों में 105 करोड़ जमा किये, जिसमें से 101.75 करोड़ सिर्फ़ हिंदी भाषा से मिला, जबकि तमिल और तेलुगु से 3.25 करोड़ ही आ सके।
  • 'बजरंगी भाईजान' 17 जुलाई 2015 में आयी थी। इस फ़िल्म ने 3 दिनों में ₹102.60 करोड़ जमा किये थे। जबकि 320.34 करोड़ का कलेक्शन किया।
  • 12 नवंबर 2015 को आयी 'प्रेम रतन धन पायो' ने ₹101.47 करोड़ का कलेक्शन 3 दिनों में किया था। फ़िल्म का कुल कलेक्शन 207.40 रहा।

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.