Box Office: 'गोल्ड' ने पहले दिन बना लिया यह शानदार रिकॉर्ड, 'सत्यमेव जयते' का दमदार आग़ाज़
गोल्ड की कहानी आज़ादी के बाद भारत के पहले गोल्ड मेडल जीतने पर आधारित है। फ़िल्म में अक्षय के साथ मौनी रॉय ने फीमेल लीड रोल निभाया है, जो उनकी पत्नी का है।
मुंबई। स्वतंत्रता दिवस पर रिलीज़ हुईं अक्षय कुमार और जॉन अब्राहम की फ़िल्मों का दर्शकों ने शानदार स्वागत किया है। देशवासियों ने आज़ादी का जश्न इन दोनों फ़िल्मों के साथ मनाया। पहले दिन अक्षय कुमार के हाथ सचमुच 'गोल्ड' लग गया है तो जॉन अब्राहम की 'सत्यमेव जयते' की जय-जय हुई है। हालांकि अक्षय की गोल्ड साल की तीसरी सबसे बड़ी ओपनिंग लेने वाली फ़िल्म बन गयी है।
पहले बात करते हैं जॉन की सत्यमेव जयते की, जिसने रिलीज़ के पहले दिन ₹20.52 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया है। मिलाप ज़वेरी निर्देशित फ़िल्म में जॉन के साथ मनोज बाजपेयी और आयशा शर्मा मुख्य किरदारों में नज़र आये। भ्रष्टाचार की लड़ाई लड़ते जॉन का ज़बर्दस्त एक्शन और मनोज बाजपेयी के साथ उनकी तकरार दर्शकों को पसंद आयी है।
अक्षय कुमार ने साबित कर दिया कि स्वतंत्रता दिवस तो उन्हीं के नाम रहता है। 'गोल्ड' ने पहले दिन ₹25.25 करोड़ की ओपनिंग ली है। यानि दोनों फ़िल्मों के पहले दिन के कलेक्शंस ₹45 करोड़ के आंकड़े को पार कर गया है। रीमा कागती निर्देशित 'गोल्ड' एक पीरियड फ़िल्म है, जिसमें अक्षय कुमार हॉकी टीम के मैनेजर के किरदार में हैं। 'गोल्ड' की कहानी आज़ादी के बाद भारत के पहले गोल्ड मेडल जीतने पर आधारित है। फ़िल्म में अक्षय के साथ मौनी रॉय ने फीमेल लीड रोल निभाया है, जो उनकी पत्नी का है। मौनी का बड़े पर्दे पर यह डेब्यू है।
'गोल्ड' और 'सत्यमेव जयते' की टक्कर को लेकर काफ़ी कुछ कहा जा रहा था कि एक ही दिन दो बड़ी फ़िल्मों की रिलीज़ से दोनों ही फ़िल्में प्रभावित होंगी, मगर ओपनिंग कलेक्शंस ने सारी आशंकाओं को ग़लत साबित कर दिया है। इस ओपनिंग कलेक्शन के साथ 'गोल्ड' और 'सत्यमेव जयते' 2018 की टॉप 10 फ़िल्मों में शामिल हो गयी है।
- संजू- ₹34.75 करोड़- रणबीर कपूर
- रेस3- ₹29.17 करोड़- सलमान ख़ान
- गोल्ड- ₹25.25 करोड़- अक्षय कुमार
- बाग़ी2- ₹25.10 करोड़- टाइगर श्रॉफ
- पद्मावत- ₹24 करोड़- रणवीर, शाहिद, दीपिका (पेड प्रीव्यूज़ मिलाकर)
- सत्यमेव जयते- ₹20.52 करोड़- जॉन अब्राहम
- वीरे दी वेडिंग- ₹10.70 करोड़- सोनम कपूर, करीना कपूर
- पैडमैन- ₹10.26 करोड़- अक्षय कुमार
- रेड- ₹10.04 करोड़- अजय देवगन
- धड़क- ₹8.71 करोड़- जाह्नवी कपूर, ईशान खट्टर
अक्षय के नाम रहा है स्वतंत्रता दिवस
वैसे स्वतंत्रता दिवस के मौक़े पर अक्षय कुमार बॉक्स ऑफ़िस की बाज़ी जीतते आये हैं। पिछले साल 15 अगस्त के मौक़े पर अक्षय की फ़िल्म 'टॉयलेट एक प्रेम कथा' आयी थी, जो 11 अगस्त को रिलीज़ हुई थी। यह फ़िल्म 133 करोड़ से ज़्यादा कमाकर सुपरहिट रही है। 2016 में 15 अगस्त पर अक्षय की फ़िल्म 'रुस्तम' का मुक़ाबला रितिक रोशन की फ़िल्म 'मोहनजो-दाड़ो' से हुआ था, जिसमें बाज़ी अक्षय के हाथ लगी थी। दोनों फ़िल्में 12 अगस्त को रिलीज़ हुई थीं। 'रुस्तम' 127 करोड़ से अधिक जमा करके सुपहिट रही तो 'मोहनजो-दाड़ो' 58 करोड़ ही जमा कर सकी थी। 2015 में 14 अगस्त को अक्षय और सिद्धार्थ मल्होत्रा की फ़िल्म 'ब्रदर्स' आयी। इस फ़िल्म ने 82 करोड़ के आस-पास कलेक्शन किया था और औसत रही थी।