Move to Jagran APP

Box Office: 100 करोड़ पार करने वाली अक्षय की 9वीं फ़िल्म 'गोल्ड', जानिए कौन है इस क्लब का बॉस

अगर 2018 में रिलीज़ हुई फ़िल्मों के बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन की बात करें तो, कम से कम 100 करोड़ का बिज़नेस करने वाली गोल्ड आठवीं फ़िल्म बन गयी है।

By Manoj VashisthEdited By: Published: Mon, 27 Aug 2018 01:15 PM (IST)Updated: Sat, 01 Sep 2018 07:13 AM (IST)
Box Office: 100 करोड़ पार करने वाली अक्षय की 9वीं फ़िल्म 'गोल्ड', जानिए कौन है इस क्लब का बॉस
Box Office: 100 करोड़ पार करने वाली अक्षय की 9वीं फ़िल्म 'गोल्ड', जानिए कौन है इस क्लब का बॉस

मुंबई। अक्षय कुमार की फ़िल्म 'गोल्ड' ने 100 करोड़ क्लब में एंट्री ले ली है। सोमवार को फ़िल्म ने यह अहम पड़ाव पार किया। गोल्ड को 100 करोड़ पार करने में 13 दिन का वक़्त लगा।

prime article banner

26 अगस्त को दूसरा वीकेंड ख़त्म होने के बाद गोल्ड ने 99 करोड़ का कलेक्शन कर लिया था। 100 करोड़ के लिए इसे बस 1 करोड़ की ज़रूरत थी, जो 13वें दिन यानि 27 अगस्त को मिल गया। फ़िल्म ने 1.45 करोड़ का कलेक्शन किया और इसके साथ ही गोल्ड का 13 दिनों का कलेक्शन 100.45 करोड़ हो गया है। 100 करोड़ क्लब में पहुंचने वाली अक्षय कुमार की यह नौंवी फ़िल्म है। अगर अक्षय की इस उपलब्धि की तुलना बाक़ी स्टार्स से करें तो 100 करोड़ क्लब के बॉस सलमान ख़ान हैं, जिनकी 14 फ़िल्में इस क्लब की सदस्य हैं। अजय देवगन की 8, शाह रुख़ ख़ान की 7 और आमिर ख़ान की 5 फ़िल्में 100 करोड़ क्लब में हैं। रणबीर कपूर की 4 और रितिक रोशन की 3 फ़िल्में ऐसी हैं, जिन्होंंने कम से कम 100 करोड़ का बिज़नेस किया है। 

अब अगर 100 करोड़ क्लब में एंट्री में लगने वाले दिनों की बात करें तो अक्षय कुमार सबसे तेज़ 100 करोड़ बनाने का रिकॉर्ड नहीं तोड़ सके हैं। अक्षय की रुस्तम 100 करोड़ क्लब में पहुंचने वाली सबसे तेज़ फ़िल्म है, जिसने 9 दिन लिये थे। एयरलिफ़्ट ने 10, राउड़ी राठौर ने 11, जॉली एलएलबी 2 ने 12, हाफसफुल 3 ने 13, हॉलीडे ने 15, हाउसफुल 2 ने 17 और टॉयलेट एक प्रेम कथा ने 28 दिन 100 करोड़ क्लब तक पहुंचने में लिये।

वैसे यह भी सच्चाई है कि 100 करोड़ का कलेक्शन करने आज के दौर में सफलता की गारंटी नहीं है। यह जानना भी ज़रूरी है कि किसी फ़िल्म ने 100 करोड़ तक पहुंचने में कितना समय लिया। अगर इस पैमाने पर फ़िल्मों के बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन की पड़ताल करें तो 3 दिन में 100 करोड़ का कलेक्शन करने वाली सबसे ज़्यादा पांच फ़िल्में सलमान ख़ान की हैं, जबकि आमिर ख़ान की दो और शाह रुख़ ख़ान की सिर्फ़ एक फ़िल्म है।

तेलुगु फ़िल्म 'बाहुबली2' का हिंदी वर्ज़न भी इसमें शामिल है, जिसने तीन दिन में 100 करोड़ का आंकड़ा पार किया था। 'संजू' ऐसा करने वाली दसवीं फ़िल्म थी। आश्चर्यजनक रूप से रितिक रोशन, अक्षय कुमार और अजय देवगन की एक भी फ़िल्म ऐसी नहीं है, जिसने रिलीज़ के तीन दिनों में 100 करोड़ का जादुई आंकड़ा छुआ भी हो।

अगर 2018 में रिलीज़ हुई फ़िल्मों के बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन की बात करें तो, कम से कम 100 करोड़ का बिज़नेस करने वाली गोल्ड आठवीं फ़िल्म बन गयी है। इससे पहले जिन फ़िल्मों ने इस क्लब में एंट्री ली है, वो इस प्रकार हैं- 

  • संजू- 341.22 करोड़
  • पद्मावत-  300.26 करोड़
  • रेस 3- 169 करोड़
  • बाग़ी 2- 165 करोड़
  • राज़ी- 123.17 करोड़
  • सोनू के टीटू की स्वीटी- 108.46 करोड़
  • रेड- 101.54 करोड़
  • गोल्ड- 100 करोड़*

ऐसा रहा 'गोल्ड' का 13 दिन का सफ़र

15 अगस्त को रिलीज़ हुई गोल्ड ने पहले दिन ₹25.25 करोड़ का शानदार आंकड़ा हासिल किया। हालांकि दूसरा दिन (16 अगस्त) मंदी में बीता और फ़िल्म की कमाई गिरकर ₹8 करोड़ पर आ गयी, मगर तीसरे दिन (17 अगस्त) यानि शुक्रवार को गोल्ड ने फिर उछाल मारी और ₹10.50 करोड़ के आस-पास कलेक्शन कर लिया। चौथे दिन (18 अगस्त) गोल्ड ने ₹12.50 करोड़ जमा किये, जबकि पांचवे दिन (19 अगस्त) को ₹15.55 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया। इसके ही फ़िल्म का 5 दिनों का कलेक्शन ₹71.30 करोड़ हो गया, जो ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन माना गया।

इसके बाद फ़िल्म की रफ़्तार कम हो गयी और पहले सोमवार को गोल्ड ने लगभग ₹4 करोड़ का कलेक्शन किया। मंगलवार को भी फ़िल्म ने ₹4 करोड़ ही जमा किये थे। रिलीज़ के आठवें दिन यानि बुधवार को गोल्ड दूसरे हफ़्ते में प्रवेश कर गयी। इस दिन ईद के त्योहार ने 'गोल्ड' की चांदी कर दी। छुट्टी की वजह से फ़िल्म को लगभग ₹6 करोड़ मिले, जो मंगलवार के मुक़ाबले लगभग 50 फीसदी अधिक था। गुरुवार को गोल्ड ने ₹3.30 करोड़ इकट्ठा किये थे। दूसरे शुक्रवार को गोल्ड ने महज़ ₹1.85 करोड़ जमा किये। दूसरे शनिवार (25 अगस्त) 'गोल्ड' ने लगभग ₹3.10 करोड़ का कलेक्शन किया। दूसरे रविवार को रक्षा बंधन का त्योहार होने की वजह से फ़िल्म का काफ़ी फ़ायदा हुआ और कलेक्शंस 4.75 करोड़ पर जा पहुंचे।

रीमा कागती निर्देशित 'गोल्ड' में अक्षय कुमार हॉकी टीम के मैनेजर के रोल में हैं, जो ओलंपिक खेलों में गोल्ड मेडल जीतने का सपना पाले हुए है और इसे पूरा करने के लिए पूरी जान लड़ा देता है। गोल्ड में टीवी सुपरस्टार मौनी रॉय ने अक्षय की पत्नी का किरदार निभाया है, जिनकी यह डेब्यू फ़िल्म है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.