YouTube सेंसेशन Shirley Setia इस स्टार किड के साथ करेंगी बॉलीवुड डेब्यू, देखें Nikamma First Look
Shirley.और Abhimanyu की फ़िल्म का शीर्षक निकम्मा (Nikamma) है जिसे जाने-माने निर्देशक साबिर ख़ान (Sabbir Khan) डायरेक्ट करेंगे।
नई दिल्ली, जेएनएन। YouTube पर अपनी क्यूटनेस से शोहरत बटोरने वाली कलाकार शर्ली सेतिया (Shirley Setia) ने बड़ी छलांग लगाई है। यू-ट्यूब से निकलकर वो सीधे बड़े पर्दे पर पहुंच गयी हैं। शर्ली अपने बॉलीवुड डेब्यू के लिए तैयार हैं। डेब्यू फ़िल्म में शर्ली के हीरो भाग्यश्री के बेटे अभिमन्यु दसानी (Abhimanyu Dassani) होंगे, जिनकी यह दूसरी फ़िल्म होगी। अभिमन्यु ने 'मर्द को दर्द नहीं होता' (Mard Ko Dard Nahin Hota) से फ़िल्मी डेब्यू किया था। यह फ़िल्म चली नहीं, मगर अभिमन्यु के एक्टिंग फाइटिंग स्किल्स को सराहा गया था। शर्ली और अभिमन्यु की फ़िल्म का शीर्षक निकम्मा (Nikamma) है, जिसे जाने-माने निर्देशक साबिर ख़ान (Sabbir Khan) डायरेक्ट करेंगे।
शर्ली ने अभिमन्यु के साथ अपनी फोटो शेयर करके इसका एलान सोशल मीडिया में किया है। उन्होंने लिखा है कि यह मेरे सभी फैंस और शुभचिंतकों के लिए है। इतने सालों के दौरान मेरे साथ बने रहने के लिए आपका शुक्रिया। अपने बॉलीवुड वेंचर निकम्मा को आपके साथ साझा करके बेहद ख़ुश हूं।
शर्ली मूल रूप से न्यूज़ीलैंड की सिंगर हैं। वो पॉप शैली में गीत गाती हैं। शर्ली यू-ट्यूब पर काफ़ी लोकप्रिय हैं और उनके चैनल के 3 मिलियन से अधिक सब्सक्राइबर और 167 मिलियन से अधिक व्यूज़ हैं। उन्हें पायजामा पॉपस्टार के नाम से भी जाना जाता है, क्योंकि यू-ट्यूब पर उनकी एंट्री टी-सीरीज़ के एक वीडियो के ज़रिए पायजामा में हुई थी।
साबिर ख़ान ने इससे पहले टाइगर श्रॉफ को बॉलीवुड में हीरोपंती से लांच किया था और अब इन नये चेहरों के साथ काम कर रहे हैं। इसीलिए साबिर ने लिखा है- फ्रेश टैलेंट को सामने लाना हमेशा अच्छी फीलिंग देता है।