Malaika Arora ने किसानों से लेकर डॉक्टरों को कहा शुक्रिया, थैंक्सगिविंग वीडियो में बेटे अरहान ख़ान और अर्जुन कपूर की ख़ास जगह
इस साल कोरोना वायरस पैनडेमिक की वजह से मनोरंजन उद्योग को जहां व्यावसायिक रूप से चपत लगी वहीं कई सेलेब्रिटीज़ कोविड-19 की चपेट में आये। ख़ुद मलायका और अर्जुन कोविड-19 संक्रमित हुए। हालांकि दोनों जल्द नेगेटिव भी हो गये।
नई दिल्ली, जेएनएन। 2020 किसी के लिए भी आसान साल नहीं रहा। आम हो या ख़ास, सभी कोरोना वायरस पैनडेमिक से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से प्रभावित रहे। ऐसे में जब यह साल अपनी विदाई के क़रीब है तो थैंक्सगिविंग तो बनता ही है। बॉलीवुड सेलेब्रिटीज़ भी इस मौक़े पर अपनों और अपनेपन के लिए शुक्रिया अदा कर रहे हैं। मलायका अरोड़ा ने भी इस मौक़े पर एक वीडियो पोस्ट करके अपने परिजनों, दोस्तों और साथियों को शुक्रिया अदा किया।
मलायका के वीडियो में उनके माता-पिता, बहन अमृता अरोड़ा और उनका परिवार, करीना कपूर, करिश्मा कपूर, बेटा अरहान ख़ान और बॉयफ्रेंड अर्जुन कपूर की तस्वीरें हैं। हालांकि, कुछ और क़रीबी दोस्तों को भी मलायका ने शामिल किया है। इसके साथ छैयां छैयां गर्ल ने एक नोट भी पोस्ट किया, जिसमें लिखा- थैंक्सगिविंग पूरी दुनिया के लिए अपना प्यार और आभार ज़ाहिर करने का बढ़िया मौक़ा हौता है। दुनिया को इस वक़्त इसकी ज़रूरत है। प्यार, दया और कृतज्ञता। इस साल पूरी मानवता बड़े पैमाने पर प्रभावित हुई है, फिर भी कुछ चीज़ें ऐसी होंगी, जिनके लिए शुक्रगुज़ार होना चाहिए। हमारे डॉक्टर्स और हेल्थकेयर वर्कर्स का शुक्रिया, हमारे परिवार और दोस्तों का शुक्रिया, जो हमारे साथ खड़े रहे। हमारे किसानों का शुक्रिया, जिनकी वजह से हमारे डिनर टेबल्स पर खाने की कमी नहीं हुई... और भी बहुत सारे। एक बार आप इस बारे में सोचना शुरू करेंगे, तब आपको पता चलेगा कि 2020 असहनीय साल होने के बावजूद, बहुत सारी ऐसी बातें हैं, जिन्होंने इसे सहनीय बनाया। उन्होंने हमें सरवाइव करने के लिए प्रेरित किया। बस यही मायने रखता है। सभी को हैप्पी थैंक्सगिविंग।
बता दें, इस साल कोरोना वायरस पैनडेमिक की वजह से मनोरंजन उद्योग को जहां व्यावसायिक रूप से चपत लगी, वहीं कई सेलेब्रिटीज़ कोविड-19 की चपेट में आये। ख़ुद मलायका और अर्जुन कोविड-19 संक्रमित हुए। हालांकि, दोनों जल्द नेगेटिव भी हो गये।