सुनील ग्रोवर ने रखी अनोखी डिमांड, पूरा करने वाले को ही देंगे अपना वोट!
सुनील ने अपनी इस अनोखी मांग से सोशल मीडिया में अपने फै़ंस का दिल जीत लिया है और फॉलोअर्स उनकी इस मांग का समर्थन कर रहे हैं। उनके इस ट्वीट को 13000 से अधिक लोग लाइक कर चुके हैं।
मुंबई। कॉमेडियन सुनील ग्रोवर अपने सेंस ऑफ़ ह्यूमर के लिए जाने जाते हैं। सुनील चाहे जो करें, उनके मज़ाकिया अंदाज़ से देखने और सुनने वालों को भी मज़ा आता है। कपिल शर्मा के शो में पहले गुत्थी और फिर रिंकू भाभी के किरदार निभाकर सुनील ने अपनी तगड़ी फ़ैन फॉलोइंग बनायी। अब सुनील ने एक मज़ेदार मांग राजनेताओं से की है और कहा है कि जो उनकी यह मांग पूरी करेगा, उसे ही वो अपना वोट देंगे। सुनील की यह मांग होली से जुड़ी है।
21 मार्च को होली का रंग-बिरंगा त्योहार देश में हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। पिचकारियों से रंग निकले तो हवा में गुलाल-अबीर ने फ़िज़ाओं को रंगीन कर दिया। होली के हुड़दंग की मस्ती ऐसी है कि दिल नहीं भरता। इसीलिए सुनील ने यह ट्वीट किया- होली ख़त्म। याक होली एक साल में 3 बार होनी चाहिए। जो भी पार्टी यह प्रॉमिस करेगी, मेरा वोट उसी को। वैसे हमें यक़ीन है कि सुनील की इस मांग से बहुत सारे लोग इत्तेफ़ाक़ रखते होंगे।
Holi khatam! Yar holi 1 saal main 3 din honi chahiye! . Jo bhi party yeh promise karegi, mera vote usi ko ! — Sunil Grover (@WhoSunilGrover) March 21, 2019
सुनील ने अपनी इस अनोखी मांग से सोशल मीडिया में अपने फै़ंस का दिल जीत लिया है और फॉलोअर्स उनकी इस मांग का समर्थन कर रहे हैं। उनके इस ट्वीट को 13000 से अधिक लोग लाइक कर चुके हैं। सुनील ग्रोवर बड़े पर्दे पर सलमान ख़ान की फ़िल्म भारत में नज़र आएंगे, जिसमें वो एक अहम किरदार निभा रहे हैं। ईद पर रिलीज़ हो रही फ़िल्म का निर्देशन अली अब्बास ज़फ़र ने किया है। फ़िल्म में कटरीना कैफ़, तब्बू, दिशा पाटनी और जैकी श्रॉफ भी अहम किरदारों में दिखेंगे।
उधर, सुनील के पुराने जोड़ादार कपिल शर्मा ने शादी के बाद अपनी पहली होली पत्नी गिन्नी चतरथ और द कपिल शर्मा शो के साथियों के साथ सेलिब्रेट की। कपिल ने होली की मुबारकबाद देते हुए कहा- आप सभी को परिवार सिहत होली की शुभकामनाएं। खाओ, पियो, ऐश करो।
Wish u n family a very happy Holi, Khayo piyo aish karo 🤗🔫❤️— KAPIL (@KapilSharmaK9) March 21, 2019