आलिया भट्ट से अगले साल शादी को लेकर रणबीर कपूर का ये है जवाब
फिल्म संजू के प्रमोशन के दौरान रणबीर कपूर ने आलिया भट्ट के साथ रिश्ते में होने की बात कबूली भी थी।
रूपेशकुमार गुप्ता, मुंबई। फिल्म अभिनेता रणबीर कपूर ने मुंबई में पत्रकारों से हुई बातचीत में आलिया भट्ट के साथ उनकी शादी की ख़बरों को सिरे से खारिज़ कर दिया है।
इस बारे में रणबीर कपूर ने कहा है कि “यह एक अफवाह है और यह शो बिजनेस का हिस्सा होता है। आप एक कहानी बनाते हैं, जिसके बाद उस कहानी का एक और भाग बनता है और यह क्रम चलता ही रहता है। मेरा हमेशा से ऐसा मानना है कि शादी एक ऐसी प्रक्रिया है, जो जब होनी होगी समय के अनुसार हो जाएगी। यह ऐसे नहीं होगी कि चलो अब मैं 35 साल का हो गया हूं तो अब मुझे शादी कर लेनी चाहिए। रणबीर ने कहा कि शादी दो लोगों के बीच होती है। ऐसे में शादी की भावना दोनों के बीच होनी चाहिए और दोनों को लगना चाहिए कि शादी का सही समय आ गया है लेकिन अभी ऐसी कोई बात नहीं है l मैंने अभी तक शादी के बारे में सोचा नहीं है।' गौरतलब है कि आलिया भट्ट और रणबीर कपूर के बीच अफेयर की ख़बरें काफ़ी दिनों से आ रही हैं।
फिल्म संजू के प्रमोशन के दौरान रणबीर कपूर ने आलिया भट्ट के साथ रिश्ते में होने की बात कबूली भी थी। रणबीर कपूर जल्द आलिया भट्ट के साथ फिल्म ब्रह्मास्त्र में नज़र आएंगे। इसके अलावा वह जल्द यशराज फिल्मस की शमशेरा भी शुरू करने जा रहे हैं।
हाल ही में रणबीर कपूर फॉक्स स्टार हिंदी के ट्विटर हैंडल के जरिए फैंस से जुड़े थे और उनसे बात की थी। एक फैन ने इस मौके पर सवाल कर दिया कि रणबीर आप शादी कब करेंगे? इसके जवाब में रणबीर ने लिखा, आशा है बहुत जल्द। जादू की झप्पी। अब इस जवाब को रणबीर व आलिया भट्ट की नजदियों से जोड़ा रहा है। बता दें कि, कुछ दिन पहले आलिया भट्ट रणबीर कपूर के परिवार के साथ नज़र आई थीं। इससे आंकलन किया जा रहा था कि उनका कपूर खानदान में दखल बढ़ गया है।
कुछ दिन पहले रणबीर कपूर ने एक इंटरव्यू में आलिया भट्ट से जुड़े रिश्ते पर उनकी बात रखते हुए कहा था कि, यह अभी एकदम नया नया है इसलिए मैं इस बारे में कोई बात नहीं करना चाहता। इसे (इस रिश्ते को) अभी कुछ और समय चाहिए। कुछ स्पेस चाहिए। जब मैं उसके काम को देखता हूं, जब मैं उसके अभिनय को देखता हूं, या उसके अपने निजी जीवन में भी, वो कुछ ऐसा कर जाती है जिसे मैं अपनी महत्वकांक्षा के रूप में देखता हूं।
यह भी पढ़ें: Box Office: सत्यमेव जयते और गोल्ड का हफ़्ता पूरा, जानिये कौन निकला खरा सोना