Vikas Dubey Encounter: तापसी पन्नू बोलीं, 'लोग कहते हैं बॉलीवुड फिल्में रियलिटी से दूर होती है'
Vikas Dubey Encounter बॉलीवुड एक्ट्रेस तापसी पन्नू ने भी विकास दुबे एनकाउंटर को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
नई दिल्ली, जेएनएन। उत्तर प्रदेश पुलिस के आठ जवानों की हत्या का मुख्य आरोपी विकास दुबे पुलिस एनकाउंटर में मारा गया। हालांकि, विकास दुबे के एनकाउंटर पर कई तरह के सवाल उठाए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी लोग एनकाउंटर के घटनाक्रम को फिल्मी सीन बता रहे हैं और इसकी तुलना एक बॉलीवुड फिल्म से कर रहे हैं। इसी बीच, बॉलीवुड एक्ट्रेस तापसी पन्नू ने भी इस एनकाउंटर को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
तापसी पन्नू ने एक वेबसाइट की खबर को शेयर करते हुए एनकाउंटर पर आश्चर्य जताया है। सोशल मीडिया पर भी कई लोग इस घटना पर आश्चर्य व्यक्त कर रहे हैं कि आखिर यह कैसे हो सकता है। एक्ट्रेस ने ट्विटर पर अपनी प्रतिक्रिया में लिखा है- 'Wow! हमने ऐसा तो बिल्कुल भी सोचा ही नहीं था। और फिर भी वो कहते हैं कि हमारी बॉलीवुड की कहानियां रियलिटी से काफी दूर होती है।'
इस मामले में कई हस्तियों ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी हैं। वहीं, एनकाउंटर को बॉलीवुड फिल्म से जोड़ा जा रहा है और इसलिए ट्विटर पर रोहित शेट्टी भी ट्रेंड कर रहे हैं। यूजर्स का मानना है कि इस एनकाउंटर की कहानी रोहित शेट्टी की एक्शन फिल्मों से मिलती जुलती है। लोग ट्विटर पर बॉलीवुड फिल्मों से जुड़े मीम्स भी शेयर कर रहे हैं और पुलिस की गाड़ी पलटने से लेकर विकाश दुबे के भागने, आत्मसमर्पण का मौका देने आदि को फिल्म सीन से जोड़कर देख रहे हैं।
क्या है विकास दुबे एनकाउंटर का घटनाक्रम?
दरअसल, यूपी पुलिस विकास को इंदौर से उत्तर प्रदेश लेकर आ रही थी। पुलिस के मुताबिक, अचानक रास्ते में गाड़ी पलट गई और इस दौरान विकास दुबे ने पुलिस के चंगुल से भागने की कोशिश की और मुठभेड़ में विकास मारा गया। इससे पहले उत्तर प्रदेश का मोस्ट वांटेड गैंगस्टर विकास दुबे गुरुवार सुबह उज्जैन के महाकाल मंदिर परिसर में मिला था। छह दिन की तलाश के बाद मध्य प्रदेश पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद उसे उत्तर प्रदेश लाया जा रहा था और इसी रास्ते में विकास का एनकाउंटर हो गया।