अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय की शादी को हुए 14 साल, टीना अम्बानी ने कपल को बताया- 'क्रेज़ी इन लव'
अभिषेक और ऐश्वर्या की सगाई 14 जनवरी 2007 को हुई थी। दिलचस्प बात यह है कि इससे ठीक 2 दिन पहले 12 जनवरी को अभिषेक और ऐश्वर्या की फ़िल्म गुरु रिलीज़ हुई थी। इस फ़िल्म में अभिषेक ने गुरुकांत देसाई का किरदार निभाया था।
नई दिल्ली, जेएनएन। अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय बच्चन की शादी को आज (20 अप्रैल) 14 साल पूरे हो गये। 2007 में आज ही के दिन दोनों मुंबई में हमेशा के लिए एक-दूसरे के हो गये थे। अभिषेक और ऐश्वर्या की मैरिज एनिवर्सरी पर अनिल अम्बानी की पत्नी और बच्चन परिवार की ख़ास दोस्त टीना अम्बानी ने बधाई दी। साथ ही अभिषेक और ऐश्वर्या की जोड़ी के बीच प्यार को याद किया।
टीना ने इंस्टाग्राम पर अभिषेक और ऐश्वर्या की एक तस्वीर शेयर करके लिखा- यक़ीन नहीं होता कि तुम्हारी ख़ूबसूरत शादी को 14 साल गुज़र चुके हैं। अभी भी दोनों एक-दूसरे के प्यार में दीवाने हो। बेहद ख़बूसरत और आराध्या के सबसे शानदार माता-पिता। आशीर्वाद और ढेर सारा प्यार। हैप्पी एनिवर्सरी।
अभिषेक और ऐश्वर्या की सगाई 14 जनवरी 2007 को हुई थी। दिलचस्प बात यह है कि इससे ठीक 2 दिन पहले 12 जनवरी को अभिषेक और ऐश्वर्या की फ़िल्म गुरु रिलीज़ हुई थी। इस फ़िल्म में अभिषेक ने गुरुकांत देसाई का किरदार निभाया था, जो भारत के लीजेंड्री बिज़नेसमैन धीरूभाई अम्बानी पर आधारित था। फ़िल्म में ऐश्वर्या, गुरुकांत देसाई की पत्नी सुजाता देसाई के किरदार में थीं। इस फ़िल्म का निर्देशन मणि रत्नम ने किया था। गुरु अभिषेक के करियर की सबसे यादगार फ़िल्मों में शामिल है।
गुरु से पहले अभिषेक और ऐश्वर्या ढाई अक्षर प्रेम के और कुछ ना हो में साथ आये थे। ढाई अक्षर प्रेम के में सलमान ख़ान ने कैमियो किया था। 2006 में आयी धूम 2 में भी अभिषेक और ऐश्वर्या थे, मगर ऐश की जोड़ी ऋतिक रोशन के साथ थी। सलमान ख़ान से बहुचर्चित ब्रेकअप के बाद ऐश्वर्या विवेक ओबेरॉय के साथ रिलेशनशिप में थीं, मगर 2005 में दोनों का ब्रेकअप हो गया था।
धूम 2 की शूटिंग के दौरान दोनों क़रीब आये थे और 2007 में दोनों की शादी हो गयी। अभिषेक और ऐश्वर्या की शादी बंट समुदाय के रीति-रिवाज़ से हुई थी। हालांकि, इसमें उत्तर भारतीय और बंगाली रस्में भी हुईं। 2011 में 16 नवम्बर को ऐश्वर्या ने आराध्या को जन्म दिया था।