The Sky Is Pink Promotion : फूट-फूट कर रो पड़ीं प्रियंका चोपड़ा, दुख या इमोशन नहीं ये था कारण
The Sky Is Pink Promotion प्रियंका चोपड़ा की फिल्म द स्काई इज पिंक आज भारत में रिलीज हो गई। फैंस फिल्म में प्रियंका चोपड़ा और फरहान अख्तर की एक्टिंग की तारीफ भी कर रहे हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। The Sky Is Pink Promotion : प्रियंका चोपड़ा की फिल्म द स्काई इज पिंक आज भारत में रिलीज हो गई। फैंस फिल्म में प्रियंका चोपड़ा और फरहान अख्तर की एक्टिंग की तारीफ भी कर रहे हैं। वहीं प्रियंका चोपड़ा देश में प्रमोशन करने के बाद अब विदेश में इस फिल्म का प्रचार कर रही हैं। प्रियंका, जिमी फेलन के शो द टुनाइट शो विद जिमी फेलन में पहुंचीं।
शो में था एक खास सेगमेंट
जिमी फेलन ने अपने शो में प्रियंका चोपड़ा जोनस के लिए एक खास सेगमेंट रखा था। इसमें उनके साथ थे, 'ईटिंग स्पाइसी विंग्स विद शॉन एवंस' के होस्ट शॉन एवंस। इस सेगमेंट में प्रियंका चोपड़ा को बेहद तीखे चिकन विंग्स खाते हुए सवालों के जवाब देने थे। उनके साथ ही होस्ट जिमी भी ये तीखे चिकन विंग्स खा रहे थे। शॉन एवंस के साथ शो में प्रियंका चोपड़ा और जिमी ने चिकन विंग्स खाते हुए बातचीत की। वह भी चिली सॉस के साथ।
रोने लगीं प्रियंका और जिमी फेलन
चिकन विंग्स में इतनी मिर्ची थी कि वह पहला पीस ही आराम से खा सकीं। दूसरे पीस में वह परेशान हो गईं। फिर तो उनके आंसू निकलने शुरू हो गए। जिमी फेलन भी हॉट विंग खाकर रो रहे थे। दोनों को खूब मिर्ची लग रही थी और वे आंसू बहा रहे थे।
द स्काई इज पिंक
प्रियंका चोपड़ा और फरहान अख्तर स्टारर फिल्म द स्काई इज पिंक, आयशा चौधरी नाम की लड़की के जीवन पर आधारित है। आयशा को 18 साल की उम्र में पल्मोनरी फाइब्रोसिस नाम की लाइलाज बीमारी हुई थी। फिर भी वह यंग मोटिवेशनल स्पीकर बनीं। बाद में उनकी मौत हो गई।