Sushant Singh Rajput Death: क्या इस वजह से मुंबई फ़िल्म फेस्टिवल से अलग हो जाएंगे करण जौहर?
Sushant Singh Rajput Death सुशांत ने 14 जून को मुंबई में अपने घर पर आत्महत्या कर ली थी। उनके इस कदम से पूरी फ़िल्म इंडस्ट्री सदमे में आ गयी थी।
नई दिल्ली, जेएनएन। सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद उनके फैंस दुखी हैं और लगातार सोशल मीडिया के ज़रिए शोक जता रहे हैं। सुशांत की सुसाइड के पीछे नेपोटिज़्म और बॉलीवुड में होने वाली राजनीति को भी ज़िम्मेदार माना जा रहा है। फैंस लगातार सोशल मीडिया में इस मुद्दे पर बहस कर रहे हैं। इसी क्रम में करण जौहर उनके निशाने पर आ गये। सुशांत के फैंस ने करण पर नेपोटिज़्म को बढ़ावा देने का आरोप लगाया और उनकी जमकर ट्रोलिंग शुरू हो गयी। इस ट्रोलिंग के बाद करण ने ट्विटर पर सभी स्टार किड्स को फॉलो करना बंद कर दिया और 14 जून के बाद कोई पोस्ट नहीं की है। अब ख़बर आ रही है कि करण मुंबई फ़िल्म फेस्टिवल (MAMI) के बोर्ड से इस्तीफ़ा दे सकते हैं और इसके पीछे एक ख़ास वजह है।
मुंबई मिरर की रिपोर्ट के अनुसार, करण इस बात से दुखी हैं कि जब उनकी सोशल मीडिया में ट्रोलिंग की जा रही थी तो इंडस्ट्री का कोई शख़्स उनकी मदद के लिए आगे नहीं आया। किसी ने उन्हें सपोर्ट नहीं किया। उन्होंने बोर्ड के दूसरे पदाधिकारियों को इस्तीफ़ा देने के संबंध में मेल कर दिया है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि दीपिका पादुकोण उन्हें समझाने की कोशिश कर रही हैं। मामी के पैनल में विक्रमादित्य मोटवाने, सिद्धार्थ रॉय कपूर, जोया अख़्तर और कबीर ख़ान हैं।
बता दें कि सुशांत ने 14 जून को मुंबई में अपने घर पर आत्महत्या कर ली थी। उनके इस कदम से पूरी फ़िल्म इंडस्ट्री सदमे में आ गयी थी। किसी को यक़ीन नहीं हुआ कि सुशांत ने ऐसा कुछ कर लिया है। महज़ 34 साल की उम्र में उन्होंने अपनी ज़िंदगी ख़त्म कर ली। कोई स्पष्ट कारण भी नहीं था, जिसे उनकी मौत के लिए ज़िम्मेदार माना जाए। शुरुआती पुलिस जांच में सामने आया था कि वो छह महीने से अवसाद में थे, जिसका इलाज भी चल रहा था। सुशांत की मौत के बाद करण ने इस बात पर अफ़सोस ज़ाहिर किया था कि एक साल से वो सुशांत के सम्पर्क में नहीं थे। इस पोस्ट के शब्दों से पता चलता है कि उन्होंने काफी भारी मन से लिखा था।
सुशांत ने करण के प्रोडक्शन में बनी फ़िल्म ड्राइव में काम किया था, जो नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ हुई थी। इस फ़िल्म को सुशांत की आख़िरी रिलीज़ फ़िल्म माना जा सकता है। हालांकि सिनेमाघरों में उनकी आख़िरी रिलीज़ छिछोरे थी।