Sushant Singh Rajput Death: दोस्त संदीप सिंह का खुलासा, 'अंतिम संस्कार में जाने के लिए कुछ लोग इनवाइट के इंतज़ार में थे'
Sushant Singh Rajput Death संदीप ने आगे कहा कि एकता कपूर को विवाद में घसीटा गया लेकिन वो ख़ुद अंतिम संस्कार में शामिल हुईं। श्रद्धा कपूर रणदीप हुड्डा ये सारे लोग वहां बारिश में खड़े थे रो रहे थे।
नई दिल्ली, जेएनएन। सुशांत सिंह राजपूत के निधन से उनके करीबी और दोस्त काफ़ी दुखी हैं। प्रोड्यूसर संदीप सिंह के साथ सुशांत का पुराना रिश्ता रहा है। उन्होंने अब कुछ ऐसी बातें बताई हैं, जो इंडस्ट्री के कुछ लोगों के पाखंड की ओर इशारा करती हैं। संदीप ने एक इंटरव्यू में बताया कि एक्टर के निधन के बाद कुछ पॉवरफुल लोगों ने उनसे कहा कि उन्होंने अंतिम संस्कार के लिए उन्हें क्यों नहीं बुलाया।
बॉलीवुड हंगामा को दिये इंटरव्यू में संदीप ने कहा था- लोगों ने सुशांत की मौत का तमाशा बना दिया, जो वो ख़ुद यह बातें कभी पसंद नहीं करते। संदीप ने बताया कि अंतिम संस्कार के बाद वो नहाने जा रहे थे कि कुछ लोगों के फोन और मैसेज आये। उन्होंने पूछा कि संदीप ने उन्हें अंतिम यात्रा के लिए इनवाइट क्यों नहीं किया। संदीप ने कहा कि इन लोगों की मानसिकता से उन्हें झटका लगा।
संदीप ने आगे कहा कि एकता कपूर को विवाद में घसीटा गया, लेकिन वो ख़ुद अंतिम संस्कार में शामिल हुईं। श्रद्धा कपूर, रणदीप हुड्डा, ये सारे लोग वहां बारिश में खड़े थे, रो रहे थे। बारिश के बावजूद सारे लोग वहां पहुंचे। उन्हें किसी इनवाइट की ज़रूरत नहीं थी। सुशांत की मौत से अधिक इस बात से चोट पहुंची कि लोग क्या-क्या कर रहे हैं।
संदीप को इस बात का भी अफ़सोस है कि सुशांत के फैंस और मीडिया ने किस तरह एक दोषारोपण का खेल शुरू कर दिया। लोगों की भावनाओं को ग़लत मोजड़ दिया गया। मीडिया ने लोगों के जज़्बात को गुस्से का नाम दे दिया। कुछ लोग अभी भी ब्लेम गेम खेल रहे हैं, उन्हें इस बात का ख्याल नहीं है कि सुशांत का परिवार किस दौर से गुज़र रहा है।
संदीप ने सुशांत के करियर को लेकर तमाम आशंकाओं को ग़लत बताया। लोग कह रहे हैं कि उनके हाथ से सात फ़िल्में चली गयी थीं। उनके रिलेशनशिप स्टेटस पर सवाल उठा रहे हैं। यहां तक बोल रहे हैं कि उनके पास पैसों की कमी थी। मगर, सुशांत ने अपने इस फैसले के पीछे कोई कारण नहीं बताया। एक बाहरी होने के बावजूद उन्होंने यशराज फ़िल्म्स, धर्मा प्रोडक्शंस और अभिषेक कपूर की दो फ़िल्मों में काम किया। उन्होंने नीरज पांडेय के साथ काम किया और रमेश तौरानी और रूमी जाफरी के साथ फ़िल्में करने वाले थे।
सुशांत ने 14 जून को मुंबई में अपने घर पर सुसाइड कर ली थी। संदीप पोस्टमार्टम से लेकर अंतिम संस्कार तक के इंतज़ाम में सुशांत के परिवार की मदद की थी।